Tuesday, November 20, 2012

ख़ुशी, ख़ुशहाली और ज़िंदगी के मापदण्ड

कई महीनों पहले एक टेलीविज़न चैनल के लांचिग प्रोमो का प्रचार कुछ इस अंदाज में किया गया था कि ज़िंदगी में 'ख़ुशहाली' ज़रुरी है पर उससे भी ज्यादा ज़रुरी है 'ख़ुशी' का होना... क्योंकि ज़िंदगी की खुबसूरती के मापदण्ड 'खुशी' से तय किये जा सकते हैं 'खुशहाली' से नहीं। जिंदगी के मापदण्ड तौलने के लिए तो 'ख़ुशी' को एक स्केल के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है पर 'खु़शी' को तौलने वाला स्केल कैसे निर्धारित किया जा सकता है? गोयाकि वैज्ञानिक साधन-संपन्नता वाले विश्व में हर चीज़ की माप है पर दर्द, त्रासदी और ख़ुशी को मापने वाला पैमाना अब तक नहीं बन पाया। 

प्रसिद्ध लेखक पाओलो कोएल्हो ने अपने एक लेख में कुछ इस तरह के विचार व्यक्त किए थे कि दुनिया में हम लोगों की जितनी मुस्कुराहटों भरी तस्वीर देख रहे हैं वो मुस्कानें सिर्फ लोगों के चेहरे पर उतनी देर के लिए थी जब उनकी तस्वीर ली जा रही थी। ज़िंदगी की आपाधापी में सहज मुस्कानें तो कबकी मर चुकी हैं...या फिर जो मुस्कानें कदाचित् कुछ देर के लिए दिख भी रही हैं उन्होंने इसके लिए बड़ी कीमत चुकाई है। आमिर ख़ान की आगामी फ़िल्म 'तलाश' के एक गीत में जावेद अख्तर ने भी कुछ ऐसा ही फरमाया है कि "मुस्कानें झूठी है..पहचानें झूठी है"। पहचान और मुस्कान की हैसियत टिशु पेपर की तरह हो गई है जो सिर्फ शरीफों की महफिलों में 'वेलमेनर्स' कहलाए जाने का एक ज़रिया मात्र है। यहां एक बात मैं स्पष्ट किए देता हुं कि पाओलो कोएल्हो तो मुस्कुराहट अर्थात् हंसी को ही महंगा कह रहे हैं जबकि हंसी और खुशी दोनों बहुत अलग चीजें हैं। हंसोड़ो की महफिल तो हर गली-नुक्कड़-चौराहों पे मिल जाएगी पर एक अदद खुश इंसान खोज पाना बहुत मुश्किल है।

अंग्रेजी की एक कहावत है "Happiness is a interval between the period of unhappiness"...इसमें ख़ुशी के वक्त को त्रासद समय का महज एक अंतराल कहा है। लेकिन इस अंतराल की तलाश में एक बहुत बड़ा वक्त ज़ाया होता है जो दरअसल किसी भी तरह के अर्थ को लिए हुए नहीं है...जिसमें न खुशी है न ग़म। लेकिन जिसमें हम दिन का या कहें जिंदगी का काफी वक्त गुजारते हैं...और वो चीजें हैं हमारे रोजमर्रा के काम..जिसे हम रूटीन(Routine) भी कहते हैं। जो कि बिना किसी विशिष्ट अर्थ के हर दिन हमें खुद में लगाए रहते हैं..और हद तब हो जाती है जब इन रोजमर्रा के कामों में बिताया जाने वाला वक्त इतना लंबा हो जाता है कि कुछ दूसरा सोचने का वक्त भी हमारे पास नहीं होता। ये सारा समय महज एक तलाश है, एक इंतज़ार है मुस्कुराहटों या खुशी के चंद लम्हें पाने का...और अक्सर इस तलाश के बाद भी हमें वो लम्हें हासिल नहीं होते, उल्टा इस रूटीन में ही व्यवधान पैदा हो जाता है तब इंसान खुशी के उन लम्हों को भुलाकर अपने उस रुटीन को ही वापस पाना चाहता है...और अपने उस रूटीन या तलाश को पाकर ही कुछ सुखी सा अनुभव करता है। शायद इसी चीज को देखते हुए प्रसिद्ध इटेलियन फ़िल्म निर्देशक तारकोवस्की ने कहा था कि "मैं जी कहां रहा हूं मैं तो बस इंतज़ार कर रहा हूं...हर पल, हर श्वांस के साथ...बहुत छोटी-छोटी चीजों का"।

जिंदगी की कवायद उसे एक अर्थ देने के लिए हैं...पर उस अर्थ के ही अर्थ खो गए हैं। तमाम भावनाओं, रिश्ते-नातों, प्रेम, दोस्ती, पैसा, शोहरत, भौतिक संसाधनों, धर्म आदि में उस अर्थ की ही तलाश की जा रही है। जो लोग इतनी गहराई में जाए बगेर ज़िंदगी जी रहें हैं उन्हें भले अपनी इस तलाश की फिजिक्स-कैमिस्ट्री का पता नहीं हैं पर ये तलाश उनके दिल में भी है...और Something is missing की टीस उन्हें भी साल रही है। लेकिन ज़िंदगी को मायने फिर भी नहीं मिल रहे हैं...और कहीं न कहीं इंसान के मन में इस बात पर विचार करने की जिज्ञासा भी नहीं है कि जिंदगी के मायने क्या हैं...क्योंकि जो खालीपन प्रकृति से कदाचित् इन बातों पर विचार करने के लिए मिलता भी है वो खालीपन ही बोझ सा मालूम पड़ता है। टाइमपास एक बहुत बड़ा मुद्दा है...और इस टाइमपास के लिए ही सारा बाज़ार सजा पड़ा है। पर बाज़ार में खुशी-खुशहाली खोजने गया इंसान कब खुद बिकने लगता है उसे खुद पता नहीं चलता।

इस ऊहापोह में 'खुशी' शब्द के आगे हमेशा प्रश्नचिन्ह लगा रहता है...और प्रश्नचिन्ह को देखने की आदत कुछ ऐसी हो जाती है कि हमें इसका जबाब खोजना है ये बात ही भुला दी जाती है। लोगों के माथे पर पड़ी सलबटें, चेहरे की शिकन, बेवश निगाहें और झूठी मुस्कानें माहौल में एक डर घोल रही है और उस डर की बिसात पर हर कोई नितांत स्वार्थी होकर नयी-नयी चालें चल रहा है। उन चालों के भंवर में अगला कदम बढ़ाने से ही घबराहट होती हैं और ज़िंदगी, मौत से कठिन मालूम होती है।

बहरहाल, अपने-अपने नज़रिये की बात है...एक जीवन वो भी है जो सत्य को पूरी तरह नज़रअंदाज करके खिलंदड़ की तरह जीवन जीता है और एक जीवन वो है जहां सत्य, जीवन पे इस क़दर हावी है कि उसने जिंदगी को डर के आगोश में ले लिया है...पर इन सब बातों में सिर्फ एक बात बहुत पक्की हैं कि जिंदगी बहुत खास होती है, बहुत खूबसूरत होती है चाहे वो कैसी भी क्युं न हो और उसे हमेशा सर्वोपरि रखके जीना सबसे ज़रूरी है। अतः रब से इस बात का अफसोस ज़ाहिर करना कि 'हमें जिंदगी में मजा करने के लिए फलां साधन नहीं मिला ' एक बेतुकी बात है...क्योंकि हमें जिंदगी मिली है हर साधन का मज़ा लेने के लिए।

Wednesday, October 24, 2012

उत्सव, भोगवादी संस्कृति और आस्था का ढ़ोंग

उत्सवी फुलझड़ियां, मेवा-मिष्ठान, पटाखों का दौर चल रहा है...आस्था, पूजा, अर्चना के शोर हर गली मोहल्ले से लेकर टीवी चैनल, एफएम, अखबार तक गुलज़ार है। मुहूर्तों की रोशनी से बाज़ार में चमक है...हर प्रॉडक्ट पर ऑफरों की बरसात है...आम जनसमाज को उपभोक्ता समाज मे तबदील करने में किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। गोयाकि धर्म भी संयम का नहीं उपभोग का ठेकेदार बना बैठा है।

धर्म की आड़ में सारी वही चीजें हो रही हैं जो न तो संविधान और समाज की निगाह में नैतिक मानी जाती हैं नाही जिन्हें विज्ञान तर्क की कसौटी पर कसा हुआ मानता है...पर धर्म एक ऐसा एंटीबॉयोटिक है जो हर हुल्लड़याई के रोग को कवच प्रदान करता है। लेकिन इस सबके बाबजूद हम मॉडर्न है साथ ही सभ्य भी। एक ऐसा माहौल हर तरफ निर्मित है जिसमें नशेबाजी, शराबखोरी, लड़कीबाजी, गुंडागर्दी और अंधेरे के साये में घट रहे तमाम व्यभिचार व्याप्त है पर उत्सवी शोर में सब ज़ायज है।

पिछले दिनों हिंदुस्तानी सिनेमा में हिन्दुस्तान के सबसे क्रांतिकारी विषय पर बनी एक सार्थक फ़िल्म 'ओह मॉय गॉड' प्रदर्शित हुई थी...जिसमें एक संवाद था कि "जहां धर्म है वहां सत्य नहीं है और जहां सत्य है वहां धर्म की ज़रूरत नहीं है" फ़िल्म का ये संवाद संपूर्ण मौजूदा धार्मिक माहौल को आईना दिखाता है। पर अफसोस फ़िल्म के इस संवाद पर तालियां बजाने वालों की भी कतई अपनी-अपनी रूढ़ियों पर से पकड़ ढीली न हुई होगी। दरअसल हमारी तमाम उत्सवी प्रकृति भले किसी न किसी धार्मिक विश्वास के कारण पैदा हुई हो पर उसका उद्देश्य एकमात्र विलासिता है। हमारी सारी पूजा, भक्ति भी भोगवादी संस्कृति से पैदा हुई है। जहां आस्था का जन्म उन मनोभावों से हुआ है जिन्हें किसी मानवमात्र में उचित नहीं माना जाता...और वो मनोभाव है डर तथा लालच।

एक तरह देखा जाये तो बाज़ारवाद और धार्मिक भावनाओं के विस्तार में एक से मनोभाव ज़िम्मेदार है। बाज़ार में भी हमें इसी तरह लुभाया जाता है...या तो हमें किसी डिस्काउंट, सेल, ऑफर के चले जाने का डर है या एक पे एक फ्री टाइप के बोनस पाने का लालच। हमें हमारे भोग-विलास की वस्तुओं को बनाये रखने का इस कद़र लालच है कि उनके दूर होने के डर के चलते हम हर तरह की क्रियाओं को कर गुज़रने के लिए तैयार हैं। धार्मिक आस्थाओं के नाम पर हर कष्ट का सहना भी इसलिए मंजूर है क्योंकि हमें उन प्रतिकूलताओं से डर लगता है जो हमारी विलासिता में खलल डालते हैं। यही वजह है कि हर सप्ताह रोजगारेश्वर बाबा, सदा-सुहागन माता, संतानदाता बप्पा जैसे देवता मार्केट में पैदा हो रहे हैं...इन देवताओं के कारण साधू, संतों, फकीरों का सेंसेक्स हमेशा बढ़े हुए स्तर पर बना रहता है। इन देवताओं के इस बढ़ते हुए ग्राफ को देख लगता है कि एक दिन वो भी होगा जब गर्लफ्रेंड बाबा, अय्याशी माता की पूजा हुआ करेगी...और शायद देश के किसी कोने में होने भी लगी हो।

हमारी सारे धार्मिक विश्वास हमारी भोगवादी जिजीविषाओं का परिणाम है...पुनर्जन्म की जो तथाकथित अवधारणा आज इंसान द्वारा गढ़ी गई है उसके पीछे भी यही मंशा है कि अगले जन्म में हम वो सारे भोगों का उपभोग कर सकें जो इस जन्म में अधूरे रह गए हैं। हर तरफ सिर्फ और सिर्फ हसरतों का सैलाब है। नाचना, गाना, विभिन्न तरह की अठखेलियां करना सब कुछ उसी उपभोगितावादी प्रवृत्ति का प्रतीक है जिन्हें धार्मिकता के नाम पर प्रदर्शित किया जा रहा है। नवरात्र में होने वाले गरबों के ख़त्म होने के बाद देर रात होने वाले विभिन्न क्रियाकांडो का चिट्ठा तो हम आये दिन पढ़ते-सुनते रहते हैं। 

दरअसल जो कुछ हो रहा है उन चीजों पर उतना ऐतराज़ नहीं है लेकिन जिसके नाम पर ये सब हो रहा है वो चीज ज्यादा खलती है। हम भारतीय संस्कृति का महिमामंडन बड़े जोश-खरोश के साथ करते हैं और पाश्चात्य सभ्यता को गरयाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। लेकिन पाश्चात्य सभ्यता खुद को भोगवादी कहकर सीना ठोककर वो चीजें करते हैं जो चीजें हम धर्म की आड़ में खुद को संयम और त्याग का शिरोमणि कहकर किया करते हैं। न तो हम भौतिकवादी ही हैं नाहीं हम धार्मिक है...हमारे अंदर तो वो छद्म धार्मिकता पल रही है जो पीला वस्त्र पहनकर बलात्कार करने की ख़्वाहिश रखती है। इस बारे में अपने एक अन्य लेख छद्म धार्मिकता, नास्तिक वैज्ञानिकता और अनुभूत अध्यात्म में भी काफी कुछ कह चुका हूँ।

आस्था के नाम पर होने वाला पाखंड और मूर्खता हमें उस श्रेणी का पुरुष बनाती है जो हमाम में नंगा नहाता है पर अपना कच्छा, तौलिया पहनकर बदलता है। जिसकी कमीज तो सफेद है पर बनयान मटमैली हो रही है। हर साल रावण को जलाने वाली संस्कृति गर रावण के सद्गुणों का अनुसरण कर ले तो मौजूदा भारत में रामराज्य आ जाएगा। सच्ची धार्मिकता धर्म के स्वरूप को समझे बगैर नहीं आ सकती...राम को मानने वाले न जाने कब राम की मानेंगे....................

Tuesday, October 2, 2012

अहिंसा, गांधी और सिनेमा


 गांधीजी की 143 वीं जन्मजयंती है...साथ ही एक दिन का अवकाश भी..ये अवकाश शायद इसलिए कि गांधी का स्मरण हो जाए। गोयाकि विराम का वक्त, गांधित्व का विचार करने के लिए है। तो दूसरी ओर किसी के लिए ये दिन मौज-मस्ती का भी हो सकता है या फिर सिनेमा का...क्योंकि 2 अक्टुबर को भी आज के इस दौर में गांधी से ज्यादा सिनेमा लोकप्रिय है। लेकिन कुछ दिलों में गांधी घुमड़ रहें होंगे इस तथ्य से भी इंकार नहीं किया जा सकता। मूल्यों के चीरहरण वाले इस दौर में गांधी का याद किया जाना राहत देता है। तो कुछ लोग आज गांधी को याद तो कर रहे होंगे, लेकिन कोसते हुए...इन तथाकथित शौकीनों को ड्राई डे रास न आ रहा होगा। शराब की दुकानें भी बंद हैं और कवाब की भी। खैर कुछ भी हो, कैसा भी दौर हो गांधी विस्मृत हो सकते हैं पर आप्रासांगिक नहीं...और आप्रासांगिक तो उन्हें ये सरकार ही न होने देगी क्योंकि रोटी से लेके बोटी तक और दवा से लेके दारु तक खरीदने के लिए गांधी की तस्वीरों की ज़रुरत होती है...गाँधी दिलों में रहें न रहें पर नोटों पे हमेशा चस्पा रहेंगे।

बहरहाल, हिन्दुस्तानी सरजमीं पर गांधी के बाद पैदा हुआ सिनेमा आज गांधी से बड़ा शिक्षक और उनसे ज्यादा लोकप्रिय है। गांधी को भी अपनी याद आवाम को दिलाने के लिए सिनेमा का सहारा लेना पड़ता है। अन्याय के खिलाफ गांधी ने आवाज़ बुलंद की थी तो आज ये काम हमारा लोकप्रिय सिनेमा भी कर रहा है। आज सिर्फ सिनेमा ही है जहाँ हम गाँधी के समाजवाद, सर्वधर्मसमभाव, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और सहनशीलता जैसें सिद्धांतों को देख सकते हैं। सिनेमा ही है जो सही अर्थों में प्रजातांत्रिक सहभागिता को ले आगे बढ़ रहा है अन्यथा ये देश और इस देश का समाज तो जात-पात, भाषा-बोली, अमीर-गरीब और क्षेत्रीयता जैसी कई विसंगतियों में बट गया है। लेकिन सिनेमा आज भी धर्म, वर्ग, पंथ, जाति और क्षेत्र से निरपेक्ष बना हुआ है। न सिर्फ गाँधी के बल्कि मार्क्स और लेनिन के साम्यवादी, समाजवादी जैसे विचारों को भी असल मायनों में सिनेमा साकार कर रहा है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सही फायदा और जिम्मेदारी पूर्ण निर्वहन भी सिनेमा से ही संभव हो पाया है। इन तमाम तथ्यों के बावजूद कुछ चीज़ें हैं जो गाँधी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत से सिनेमा को दूर करती हैं क्योंकि गाँधी की अहिंसा को शब्दों की कारा में बाँध पाना मुमकिन नहीं है और उसकी असल अभिव्यक्ति को पचा पाने का सामर्थ्य वर्तमान समाज में नहीं है। इसी वजह से सिनेमा का रास्ता गांधी से बिल्कुल ज़ुदा हो जाता है। गांधी की अहिंसा आज के सिनेमाई दौर में कायरता का प्रतीक है। 

सफलता का पर्याय माने जाने वाले सौ करोड़ के विशिष्ट क्लब में वही फ़िल्में शुमार होती है जिनमें फ़िल्म का नायक अपनी शर्ट उतार कर बीसों गुंडों को अकेला चित कर देता है। आवाम की ताली, सीटियां और वाहवाही ऐसे ही नायकों का महिमामंडन करती है जो हिंसा का जबाब हिंसा से देता है। ये एक्शन ही इन नायकों को सुपरसितारा बनाता है..और इस हिंसा का बचाव अन्याय के खिलाफ उठने वाला हाथ कहकर किया जाता है या फिर ये जुमले बोले जाते हैं कि अन्याय सहने वाला अन्याय करने वाले से बड़ा होता है। भाई, ये बात बिल्कुल सही है लेकिन अन्याय का प्रतिशोध क्या सिर्फ हिंसा से ही दिया जा सकता है। तो फिर गांधी के प्रतिशोध और लड़ाई को क्या कहा जाएगा जिसने 200 सालों की विदेशी सत्ता के कदम उखाड़ फेंके। कई लोग तो ये भी कहते देखे जाते हैं कि गांधी की अहिंसा से नहीं, क्रांतिकारियों की हिंसा और बलिदान से देश को आजादी मिली। शायद उनकी बात सही हो कि गांधी की अहिंसा से हमें स्वतंत्रता नहीं मिली लेकिन गांधी की अहिंसा ने वो माहौल तैयार किया जिस माहौल में हमें स्वतंत्रता मिली। पर गांधी की इस अहिंसा को समझ पाने के समझ आवाम में ढूंढ पाना बहुत मुश्किल है खासतौर से आज की पिज्जा, वर्गर वाली नवसंस्कृति में।

आज का सिनेमा भीड़ में चल रहे उस अंतिम पंक्ति के अकेले इंसान पर फोकस नहीं करता जो अहिंसा की लाठी थामे पीछे-पीछे चल रहा है उसका फोकस उस हजारों-लाखों की भीड़ पर है जो हाथ में पत्थर थामे आगे बढ़ी जा रही है। अहिंसा भीड़ की समझ से परे की चीज़ है। यदा-कदा कुछ अन्ना और जेपी जैसे आंदोलन सत्याग्रह के नाम पर होते हैं जिनमें भीड़ भी जुड़ती है लेकिन क्या ये आंदोलन गांधी की अहिंसा के तनिक भी करीब है। गांधी की अहिंसा को समझने के लिए मैं कुछ बानगी प्रस्तुत करना चाहुंगा...युं तो आपने ये सारे वाक़्ये सुने होंगें लेकिन इनका भावभासन करने का प्रयास कीजिये। गांधी जो अपने पूर्णत़ः सफलता की ओर बढ़ रहे और अंग्रेजों की नींद हराम कर देने वाले असहयोग आंदोलन को वापस ले लेते हैं क्योंकि गांधी समर्थक चोरा-चौरी के एक पुलिस थाने में आग लगा देते हैं...आज के समय में ऐसा कौन-सा आंदोलन है जो सरकारी संपत्ति को क्षति नहीं पहुंचाता। दांडी यात्रा के दौरान, जबकि लाखों लोग गांधी के पीछे चल सकते थे उस दौरान उन्होंने सिर्फ 78 लोगों को लेकर नमक तोड़ो आंदोलन को अंजाम दिया क्योंकि भीड़ में इतनी क़ाबलियत नहीं थी कि वो गांधी की अहिंसा का निर्वहन कर आंदोलन को पूरा कर पाए। स्वदेशी आंदोलन के दरमियां गांधी ने कहा कि इस चरखे से काते जाने वाले कपड़े से यदि तुम अहिंसा को न समझ पाओ तो उस कपड़े को समंदर में बहा आना। लेकिन क्या आज स्वदेशी का जाप देने वाले भी गांधी की अहिंसा को समझ सकें हैं?

गांधी ने गणेश शंकर विद्यार्थी की मौत के दौरान जिस मौत की कामना की थी  उससे भी हम उनकी अहिंसा की गहराई को समझ सकते हैं उन्होंने कहा था "एक इंसान मेरे सिर पर लाठियों से लगातार प्रहार कर रहा हो, दूसरा तलवार से वार कर रहा हो, तीसरे के हाथ में जूता हो जिसे वो मुझ पर लगातार चला रहा हो तथा चौथा-पांचवा लात, घूंसे बरसा रहा हो तब भी मेरे मन में उनके प्रति विद्वेष न आए और मैं साम्यता के साथ मौत का आलिंगन करुं"...ये बात निश्चित ही वेवकूफों वाली जान पड़ रही है। लेकिन ये उस महापुरुष की चाहना है जिसे हम राष्ट्रपिता कहते हैं। अहिंसक तो कई लोग हो सकते हैं किंतु अहिंसा पर गांधीजी की तरह विश्वास कुछ विरले लोगों को ही हो सकता है। उन्हें अपने सत्य, अहिंसा को लेकर इतना यकीन था कि ये सिद्धांत कभी उन्हें उनकी मंजिल हासिल करने से नहीं रोक सकते।

आज सिनेमा, प्रेम जैसें अति कोमल जज्बातों को हासिल करने के लिए भी हिंसा का सहारा लेता है। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे'  का राज पूरी फ़िल्म में तो एक अहिंसक की तरह प्रस्तुत होता है पर अंत में उसे भी मार-धाड़ का सहारा लेना पड़ता है। 'परदेश' का नायक अपने प्रेम को पाने के लिए अंत में उस परिवार के खिलाफ ही विद्रोह कर देता है जिसने बचपन से उसे सहारा दिया है। 'क़यामत से क़यामत तक' में नायक-नायिका दोनों आत्महत्या कर एक ऐसी हिंसा को अंजाम देते हैं जिसे कतई सही नहीं कहा जा सकता। 'मैनें प्यार किया', 'बॉबी', 'प्रेमरोग' या फिर 'कहो न प्यार है' किसी भी लोकप्रिय प्रेमकथा को देख लें हर जगह विद्रोह है, हिंसा है...जिसका समर्थन हमारा सिनेमा बखूबी करता है...और ये गांधी जी की अहिंसा का 'अ' समझ पाने में भी अशक्य हैं। जब प्रेम को हासिल करने के प्रति हमारे सिनेमा का ये नज़रिया है फिर अधिकारों, बदले की लड़ाई के संदर्भ में क्या कहना...और उसके उदाहरण 'वांटेड', 'सिंघम', 'गज़नी', 'एक था टाइगर' जैसी फिल्मों के रूप में सामने हैं और कुछ हिंसा तो बेबुनियाद ही परदे पर एक्शन के रूप में नज़र आती है जिसे हम दबंग और राउडी राठौड़ जैसी फ़िल्मों में देखते हैं और झूमते भी हैं... इन सब में गांधी कहां है और कहां है उनकी अहिंसा?

ये अहिंसा शायद कुछ गांधीवादी किताबों में नज़र आ जाए पर इसे सिनेमा और समाज में ढूंढ पाना बहुत मुश्किल है पर एक सत्य ये भी है कि सिनेमाई एक्शन को हम यथार्थ के धरातल पर सिद्ध होते नहीं देख सकते पर गांधी की अहिंसा इस धरा पर सिद्ध की जा सकती है। आज के दौर में यदि गांधी होते तो ग्लोबलाइजेशन की मार झेल रही संस्कृति, हमारे सिनेमा और इस औद्योगिकीकरण पर क्या कहते ये विचारणीय है पर इससे भी ज्यादा विचारणीय है कि हम गांधी को और उनकी अहिंसा को लेकर क्या सोचते हैं, क्या कहते हैं।

सिनेमा में गांधी की इस अहिंसा को देखना बेमानी है लेकिन एक सिनेमाई प्रयास का ज़िक्र करना चाहुंगा जिसने गांधी को जिंदा करने का खूबसूरत प्रयास किया था...वो है "लगे रहो मुन्नाभाई"। ये फिल्म उन तमाम दकियानूसी विचारों, अंधविश्वास और सामंतवादी सोच के ऊपर हास्य-वयंग्य की शैली में प्रहार करती है कि लोगों को भी मजबूरन गाँधी के सिद्धांतों पर यकीन करना पड़ता है। दादागीरि के ऊपर गाँधीगिरि की हिम्मत का आकलन हम कर पाते हैं और सत्याग्रह की खूबसूरत बानगी देखने मिलती है।

लेकिन इस समाज की स्मरण शक्ति सद्विचारों और नैतिक मूल्यों के मामले में काफी कमजोर है। यदा-कदा होने वाले कुछ सिनेमाई प्रयासों के चलते, वो एक लहर में बहकर संगत विचारों का कुछ वक्त के लिये अवलंवन तो लेता है पर शीघ्र ही वो वापस अपनी उसी चिरपरिचित पाशविकता की ओर लौट जाता है। जहाँ हिंसा है, असत्य है, लालच, असीमित वासना और भ्रष्टाचार है किंतु न ही गाँधी हैं और न ही है उनका सत्य या फिर अहिंसा। आज सत्याग्रही तो हर कोई बनना चाहता है पर सत्य ग्राही कोई भी नहीं। यही वजह है कि मौजूदा माहौल में गाँधी जयंती महज एक दिन का अवकाश बनकर रह गई है।


Tuesday, September 18, 2012

कुछ "बरफी" के बहाने से........

आनंद जितना ज्यादा अपने चरम पर पहुंच कर नीचे उतरता है वो उतना ही गहरा दर्द बन जाता है। ज़िंदगी की कश्मकश भी अजब है जिसमें सुख-दुख का ताना-बाना कुछ इस ढंग से बुना होता है जिसमें समझ पाना मुश्किल होता है कि जिंदगी की खुशियां, गम को मुंह चिड़ा रही हैं या दर्द के साये खुशियों को हराने की जुगत में लगे हैं। दरअसल ख़ुशी या ग़म के पैमाने हमारी नज़र तय करती है यही वजह है कि कई बार दूर से दिखने वाली त्रासदियां करीब से देखने पर हसीन जान पड़ती हैं तो कई बार दूर से दिखने वाली रंगीनियां पास जाने पर त्रासद नज़र आती हैं।

बरफी...हंसाती है, रुलाती है, तड़पाती है तो कई बार अपनी गिरेबान में झांकने पर मजबूर भी करती है। अनुराग बासु की ये डिश उनकी उस छवि से बिल्कुल अलग है जिस फ्लेवर का टेस्ट अनुराग ने हमें उनकी 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'गैंगस्टर' और 'मर्डर' जैसी पिछली फ़िल्मों में चखाया था। 'मेट्रो' बेहतरीन थी पर उसमें चरपरापन था लेकिन फिर भी उसका तीखापन लुभाता है। 'गैंग्सटर' भी लाजबाब थी जिसका कड़वापन मुंह में रखते वक्त तो चुभता है पर गले से नीचे उतरने के बाद स्वाद याद आता है। 'मर्डर' का स्वाद कसायला था जो चखते वक्त और गले से नीचे उतरने के बाद भी रास नहीं आती लेकिन फिर भी इसे बार-बार चखने की क्युरोसिटी बनी रहती है और कई मनचलों ने इसे कई-कई बार चखा है। तो बरफी का टेस्ट पूरी तरह से अलग है जो बहुत-बहुत-बहुत ज्यादा मीठा है पर फिर भी डायबिटीज़ की संभावना शुन्य है। इस फ़िल्म को देखने के बाद लगता है कि निश्चित ही ये किसी बेहद संवेदनशील और ज़िंदगी के प्रति सकारात्मक रवैया रखने वाले इंसान की ही कृति हो सकती है...अनुराग की छवि को बदल कर रख देने वाला सिनेमा...बेमिसाल, अद्बुत।

एक गुंगे-बहरे इंसान से जीने की कला सीखी जा सकती है...जिंदगी ने उसके साथ इंसाफ नहीं किया है पर वो जिंदगी के साथ इंसाफ करना जानता है। ये गुंगा बेहद वाचाल है औऱ अत्यधिक तफरीबाज़ भी। एक आम युवा की तरह उजड्डीपन लिए हुए...उसी तरह लंपट, उद्दंड, लडंकीबाज़। ये बहरा वो चीजें सुनता है जो शायद कान वालों को सुनाई नहीं देती। यही वजह है कि ये बड़ी-बड़ी खुशियों के बजाय..छोटी-छोटी चीजों में खुशियां ढूंढता है...उसकी इस खूबसूरत फ़ितरत को बखूब बयां किया है स्वानंद किरकिरे ने-"इत्ती सी ख़ुशी, इत्ती सी हंसी..इत्ता सा टुकड़ा चांद का..."और ये चांद का इत्ता सा टुकड़ा, पूनम के चांद से ज्यादा रोशनी फैलाता है। इस अशक्त पात्र की खुशी को देखने की एक नज़र ये भी हो सकती है कि जिसके जीवन में इतनी बड़ी निशक्तता का दर्द है उसे अब कौन-सी दूसरी चीज़ परेशान कर सकती है।

इसके इसी खिलंदड़पन पर वो लड़की अपना दिल हार बैठती है जिसकी पहले से शादी तय हो चुकी है और उसके जीने का अंदाज बदल गया है। लेकिन जिस समाज में धन-दौलत, धर्म-जाति-वर्ग गत अंतरों के कारण प्यार की अस्वीकृति होती है वहां इतनी बड़ी शारीरिक विकलांगता के भेद कैसे स्वीकार किए जा सकते हैं। लड़की की मां नायक की ख़ामोशी को रिश्ते के ख़ामोश हो जाने की वजह बताती है और उसे एक खुशहाल जिंदगी चुनने की हिदायत देती है। जिस उदाहरण को प्रेम की विचारणा को त्यागने के लिए प्रस्तुत किया जाता है उससे प्रेमिका संतुष्ट भी हो जाती है और जिस खुशहाल ज़िंदगी को चुना जाता है वहां जुवां है, लफ़्ज हैं फिर भी सतत खामोशी है। यहीं लफ़्जों की खामोंशी और ख़ामोशियों के लफ़्ज समझ आते हैं। फ़िल्म के अंत में अपने इस फैसले पर पश्चाताप करते हुए प्रेमिका कहती है जिंदगी में हम खुशियां, संपन्नता, ऐशोआराम देखते है प्यार नहीं पर जहां प्यार होता है वहां खुशियां, संपन्नता, ऐशोआराम खुद ब खुद पीछे चले आते हैं।

कई छोटे-छोटे दृश्य बेमिसाल बन पड़े हैं..फ्रेम दर फ्रेम फ़िल्म गुदगुदाती हुई आगे बढ़ती है पर इस गुदगुदी में कुछ कतरा आंसू की बुंदे अनायास ही शामिल हो जाती है। फ़िल्म का एक छोटा सा नकारात्मक पक्ष फ़िल्म का संपादन है जो फ़िल्म की गति को धीमा करता है। रणवीर और प्रियंका का अभिनय उनके करियर के सर्वोत्तम शिखर पर है। रणवीर ने अपनी सितारा हैसियत का कद काफी उंचा कर लिया है..संवेदना से लबरेज दृश्यों और खिलंदड़ स्वरूप में वे कमाल करते हैं।अपने प्रेमप्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद बारिश में अपनी प्रियतमा के साथ वाले दृश्य में उनकी अदाकारी की संजीदगी देखी जा सकती है... प्रियंका का किरदार चुनौतीपूर्ण है क्योंकि एक मुख्यधारा की सितारा अभिनेत्रियां इस तरह के नॉन-ग्लैमरस् किरदार निभाने से कतराती है पर प्रियंका ने इस किरदार को बखूबी जिया है और खुद को शिखर की नायिका साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इंस्पेकटर के किरदार में सौरभ शुक्ला राहत देते हैं। नई अभिनेत्री इलियाना डिक्रुज़ खुबसूरत लगती हैं और अनुराग ने बड़ा सधा हुआ अभिनय उनसे करवाया है। फ़िल्म का संगीत बेहतरीन है और फिल्म देखते वक्त तो बेहद मधुरतम अहसास पैदा करता है। कुल मिलाकर फ़िल्म को एक क्लासिक दर्जा दिलाने वाले सारे तत्व मौजूद हैं।

खैर, अपनी तरह की एक अद्वितीय फ़िल्म है...गर न देखी हो तो ज़रूर देख कर आईये। भले बहुत कुछ फ़िल्म के बारे में कह दिया है पर ये ऐसी बरफी है जिसका स्वाद जिस ढंग से महसूस होता है उस ढंग से बता पाना मुश्किल है...पर यकीनन इस बरफी का स्वाद काफी बाद तक आपके ज़हन में रहेगा।

Wednesday, September 12, 2012

माय आइडियोलॉजी ऑल थ्रु द लाइफ, व्हाट वे यू कंन्विस....

अंग्रेजी का ये वाक्य मुझे फ़िल्म निर्देशक कबीर ख़ान के हाल ही में इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यु के बाद याद आया। हालांकि मेरे अग्रज वरुण सर ने एक बार कबीर ख़ान की फ़िल्म 'एक था टाइगर' के रिलीज के वक्त इस सेंटेंस का ज़िक्र किया था लेकिन तब इसके भाव को मैं उतने अच्छे से नहीं समझ पाया था जितना कि उस इंटरव्यु को पढ़ने के बाद समझ पाया हुं...कबीर ख़ान का कहना था कि कोई इंसान चाहे कितना भी निष्पक्ष क्युं न हो किंतु सबके अपने-अपने पुर्वाग्रह होते हैं और वो अपनी अभिव्यक्ति में इस बात की कोशिश करता है कि सामने वाले को अपनी विचारप्रणाली से प्रभावित कर पाए। गोयाकि 'हम तो भाई जैसे हैं वैसे रहेंगे'।

 बहरहाल, इस वाक्य को यहां उद्धृत करने का मेरा उद्देश्य कुछ फ़िल्म निर्देशकों की विचारप्रणाली और उनकी फ़िल्मों की पड़ताल करना है। कबीर ख़ान की फ़िल्म 'एक था टाइगर' ब्लॉगबस्टर धमाल मचा चुकी है करोड़ो की बरसात से इसने यशराज कैंप और कबीर ख़ान के चेहरे पे खुशी ला दी है और कुछ खबरिया चैनल इसकी तुलना महान् 'थ्री इडियट्स' से करने की बचकाना हरकत कर रहे हैं जो कुछ ऐसा ही प्रतीत हो रहा है जैसे कि किसी वैश्या के मुजरे की तुलना शास्त्रीय नृत्यांगना के भरतनाट्यम से की जा रही हो। सफलता का पैमाना नोटों की बरसात को बनाया गया है। दरअसल सलमान की फ़िल्म सिर्फ सलमान की होती है वो किसी निर्देशक या प्रोडक्शन हाउस की फ़िल्म नहीं रह जाती। सलमान की लोकप्रियता का रसायन समझना दिमाग से बाहर की बात है। 

खैर, बात दुसरी करना है पाकिस्तान में 'एक था टाइगर' के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई थी क्योंकि आईएसआई का जिस ढंग से ज़िक्र किया गया है वो पाकिस्तान को नागवार गुज़रा। ये एक हठवादी फैसला ज़रुर लग सकता है लेकिन भारत को भी इस बात पर आपत्ति होना चाहिए थी कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली आईएसआई की तुलना प्रतिष्ठित रॉ से करना कतई ठीक नहीं है। लेकिन अजब-गजब भारत में इस फ़िल्म ने कमाई के नए आयाम स्थापित किए। आईएसआई मुल्ला परस्ती के साये में आतंक और सिर्फ भारत के खिलाफ आतंक फैलाने में सहायक होती है। यह बात कई आतंकियों के पकड़े जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म पर भी साबित हो चुकी है। किंतु रॉ के बारे में अब तक ये बात साबित नहीं हो पाई है। लेकिन एक आम दर्शक वर्ग जो रॉ और आईएसआई की इन कुंडलियों से बेखबर है वो इस बात को मोटे तौर पे मानने लगा है कि ये दोनों संगठन एक समान हैं।

ऐसा नहीं है कि कबीर ख़ान आईएसआई के समर्थक हैं लेकिन उन्हें ऐतराज रॉ से भी है ये ज़ाहिर होता है। यही वजह है कि उन्होंने एक प्रेम कहानी की चासनी में डुबोकर इतना भारी डोज़ आम जनता को दिया है और लोगों की धारणा में ये बात कुछ हद तक जम भी गई है। कबीर ख़ान एक पत्रकार और डॉक्युमेंट्री निर्देशक के तौर पर कई सालों तक काम कर चुके हैं कई देशों का भ्रमण किया है और 9/11 के अमेरिकी हमले के बाद का वैश्विक परिदृश्य उन्होंने देखा है तथा मुस्लिम देशों और आवाम के साथ होने वाले सौतेले व्यवहार के प्रति उनके दिल में आक्रोश है। जिस आक्रोश को वो भारतीय परिवेश में ढालकर मीठे गुलगुलों के साथ अपनी फ़िल्मों में प्रदर्शित करते हैं। उनकी पिछली फ़िल्म 'न्युयार्क' में भी हम इस बात की झलक देख सकते हैं जहां पूरी फ़िल्म में वे एक मुस्लिम अमेरिकी प्रवासी द्वारा हमले की योजना और उसके उद्देश्य को महिमामंडित करते रहते हैं तथा अंत में एक धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी विचारधारा के साथ फ़िल्म को ख़त्म करते हैं। लेकिन वे शायद ये भूल जाते हैं कि अमेरिका का ये कड़ा रवैया दूर से देखने पर भले तानाशाह और सामंतवादी नज़र आए लेकिन उनके इसी रवैये के कारण पिछले ग्यारह सालों में वहां आतंकी हमला, बमविस्फोट तो दूर एक दिवाली का संगोला भी कोई नहीं फोड़ पाया। कबीर की पहली फ़िल्म 'काबुल एक्सप्रेस' एक गुणवत्तापरक, बेहतरीन फ़िल्म थी लेकिन उस फ़िल्म में भी दो पत्रकारों के ज़रिए एक पाकिस्तानी और अफगानिस्तानी के बीच हुए संवाद ये जता रहे थे कि अमेरिकी नीतियां पूरी तरह ग़लत हैं और आतंक को पनाह दे रहे तालिबान पर की जा रही कार्यवाहियां ठीक नहीं हैं। हालांकि जिस प्लॉट पर फ़िल्म विकसित हो रही थी वो बहुत ही जायज़ और इंसानियत के नैतिक मुल्यों को लिए हुए था फिर भी कबीर के पुर्वाग्रहों की झलक हम उनमें देख सकते हैं और खास तौर पर तब वे पुर्वाग्रह और अधिक समझ आते हैं जब लोग 'एक था टाइगर' और 'न्युयार्क' देख चुके हों।

कोई भी निर्देशक या साहित्यकार जब अपनी पहली कृति प्रस्तुत करता है.. तो उसमें समाहित विषयवस्तु प्रथमबार में कुछ अनछुए पहलुओं को उजागर करने के कारण प्रशंसनीय मानी जाती है.. पर जब आप लगातार वही विचारधारा, उन्हीं पहलुओं को दिखाते हैं तो उनकी आलोचना होना स्वाभाविक हैं...क्योंकि 'वैसा है' ये तो माना जा सकता हैं लेकिन 'सबकुछ सिर्फ वैसा ही है' ये नहीं माना जा सकता। लेकिन निर्देशक अपने इन आग्रहों से बाहर नहीं आ पाते और जब कभी आना चाहते हैं तो वो सिनेमाई पटल पर वह कमाल नहीं दिखा पाते.. जो वो अपने आग्रहों का ट्रीटमेंट कर दिखाते हैं...क्योंकि अपनी विचारधारा से दूसरे को प्रभावित करने की खुशी काम में स्वाभाविकता ला देती है। 

सिर्फ कबीर ख़ान ही क्यों..हम कुछ दूसरे फ़िल्मकारों की फ़िल्मों को भी देख सकते हैं। महान् फिल्मकार बिमल रॉय ने अपनी फ़िल्मों में सदा उस प्रेम को प्रदर्शित किया जो परिस्थितियों को भलीभांति समझ कर, सहज, गैर-पारंपरिक ढंग से पैदा होता था उनकी फ़िल्मों में परिस्थितियां महत्वपूर्ण थी नाकि प्रेम या रिश्ते-नाते...जिसे शायद उन्होंने अपनी ज़िंदगी में अनुभव किया हो। राज-कपूर का अंदाज हमेशा दार्शनिकता लिए होता था...और वे अपनी फ़िल्मों के किरदारों को, प्रेम को, तनावों को, गरीबी को, यहां तक की संभोग को भी किसी दुसरी दुनिया में ले जाकर दार्शनिकता का चोगा पहना देते थे। कई असफल रिश्ते और प्रेम की नाकामयाब पारियां खेलने वाले गुरुदत्त कि हर फ़िल्म बस यही जताती थी कि 'ये दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है'। उनके दिल में एक टीस थी जिसे वो बखुबी परदे पर प्रस्तुत करते थे। फ़िल्म 'प्यासा' का लेखक हो या 'साहब बीबी और गुलाम' की बहुरानी दोनों एक कसक लिए जी रहे हैं। जिन्हें दुनिया में प्रेम की तलाश है लेकिन जो माहौल उनके ईर्दगिर्द है वहां वो प्रेम, अपनापन नहीं मिल रहा। उनकी इन फ़िल्मों में ही गुरुदत्त की आत्महत्या की वजह तलाशी जा सकती है। श्याम बेनेगल का कैमरा बेवफा पत्नी, वैश्याओं, अपराधी सरगनाओं को यथार्थ मानता है और इसे ही आज की दुनिया के समानांतर महसूस करता है। 'मंडी', 'मंथन', 'भुमिका' देख ये समझा जा सकता है। श्याम बेनेगल का हास्य भी कटु यथार्थ से पैदा होता है और वे 'वेलकम टु सज्जनपुर' और 'वेलडन अब्बा' का निर्माण करते हैं।

पुराने फ़िल्मकारों की बात छोड़ भी दे तो आज के फ़िल्मकारों ने भी अपनी कुछ लीक तय कर रखी है। सूरज बड़जात्या ने अपने घर में शायद हमेशा एक खुशनुमा माहौल देखा होगा इसलिए उन्हें हर तरफ हरा-हरा नज़र आता है। उनकी फ़िल्में रामायणनुमा आदर्श की स्थापना करती देखी जाती है पर वे महाभारतनुमा यथार्थ से कोसों दूर है उनके अपने पूर्वाग्रह है। तो रामगोपाल वर्मा 'सत्या' और 'कंपनी' में स्याह दुनिया दिखा कर कमाल करते हैं और जब कभी सीधी-सपाट प्रेमकहानी बनाने की कोशिश करते हैं तो फिजूल के डिब्बों को जन्म देते हैं। उन्हें अंडरवर्ल्ड के बाद भूत ही नज़र आते हैं सहज, शांत, आदर्श इंसान नहीं। तो ग्लैमर जगत की बखैया उधेड़ने में मधुर भंडारकर का कोई सानी नहीं...उन्होंने बड़े करीब से ग्लैमर वर्ल्ड की हकीकत जानी है तथा मधुर का नाम खुद एक बी ग्रेड फ़िल्म की नायिका के साथ विवादों में रह चुका है जिससे उन्हें इस चाकचिक्य की दुनिया के खासे अनुभव हैं और इसे लेकर अपनी ही एक विचारप्रणाली...यही वजह है कि कार्पोरेट, फैशन, फ़िल्म इंडस्ट्री से लेकर मीडिया जगत तक को वो नंगा कर चुके हैं। यश चोपड़ा और उनके नक्से कदम पर आगे बढ़े आदित्य चोपड़ा और करण जौहर का सिनेमा कश्मीर, स्विटजरलैंड, शिफॉन और करवाचौथ के नाम से मशहूर है ही। जिसकी मुख्य टारगेट ऑडियंस अप्रवासी भारतीय रहा करते हैं। दरअसल न तो सूरज बड़जात्या द्वारा प्रदर्शित हरियाली ही पूर्णतः सत्य है नाही भंडारकर और बेनेगल द्वारा वर्णित सामाजिक बंजरपन। दोनों बस एकदेश सामाजिक यथार्थ को बयां करते हैं।

खैर, इस वर्णन का कोई अंत नहीं है अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता वाले इस देश में सबको अपने पुर्वाग्रह परोसने का अधिकार है पर ये ध्यान रखना भी ज़रुरी है कि आपके पुर्वाग्रह किसी दूसरे इंसान को आहत न करें..कुछ आचार संहिताएं स्वयं से निर्धारित करने की ज़रुरत है। बात कबीर ख़ान से शुरु हुई थी और हमने इसमें कई निर्दशकों का पोस्टमार्टम कर डाला। वैसे हर निर्देशक की फ़िल्में देखने के मेरे अपने भी कुछ पुर्वाग्रह हैं और ये वर्णन भी उन पूर्वाग्रहों से अछूता नहीं रह सकता। वास्तव में तो हमारी नज़र ही इन पूर्वाग्रहों को सही या ग़लत ठहराती है। शेक्सपियर का एक वाक्य है जिससे अपनी बात ख़त्म करुंगा- "नथिंग इज गुड, नथिंग इस बैड...बट अवर थिंकिंग मेक इट सो"