Monday, April 14, 2014

मेरी प्रथम पच्चीसी : छठवी किस्त


(जीवन की अब तक यात्रा में अपने बचपने के कुछ छुटमुट संस्मरण प्रस्तुत किये हैं...इनमें घटनाओं के स्तर पर बहुत कुछ चमत्कारिक एवं सनसनीखेज नहीं है पर जज़्बातों का फ्लेवर पूरी संजीदगी से पिरोया है..हालांकि व्यस्तताओं और कुछ दूसरी वजहों से इस पच्चीसी की किस्तें काफी इंतज़ार के बाद प्रस्तुत कर पा रहा हूँ..पर लिखने से पहले हमेशा अपने मूड को टटोल लेता हूँ ताकि कुछ भी अतिरेकपूर्ण न लिखा जाये...क्योंकि अतिरेक किसी और के साथ नहीं अपितु मेरे स्वयं के साथ ही छल करने के समान होगा...चलिये प्रस्तुत करता हूं अपनी आगे के सफ़र की कहानी।)

गतांक से आगे-

अपना ननिहाल मुझे किसी तरह भी तरह रास नहीं आ रहा था..अपने आंसुओं की गंगा-जमुना बहाने के बावजूद भी मम्मी-पापा मानने को तैयार नहीं थे और मुझे अपने बेहतर भविष्य को संवारने वे उसी ज़मीं पर पहुंचा देना चाहते थे। बचपन से उत्पाती था इसलिये हर तरह के पैंतरे अपनाता था कई बार आत्महत्या करने के कुछ झूठे नाटक भी प्रस्तुत करता था। अब बताईये भला उस छोटी सी उम्र के बालक को ये कैसे पता कि हत्या-आत्महत्या क्या होती है..लेकिन आजकल टीवी ने बच्चों को बहुत ही सयाना बना दिया है और वे बड़ी आसानी से इस कृत्य का प्रयोग इमोशनल अत्याचार करने के लिये करते हैं..मैं भी वैसा ही कुछ कर रहा था। जिससे मेरे मां-बाप तो नहीं घबराते पर इसका असर नानी पर ज़रूर हो गया और उन्होंने मुझे वापस भेजने का फैसला कर ही लिया। कक्षा दसवीं की तकरीबन एक माह की पढ़ाई छिंदवाड़ा में करने के बाद मैं वापस अपने गांव में था..और बेइंतहा खुश था लेकिन घरवालों का रवैया मेरे लिये उस तरह प्रेमपूर्ण नहीं था जैसा कि एक बच्चे के लिये होना चाहिये। उसका कारण ये था कि मैंने उनके सपनों का क़त्ल किया था और उन्हें लगता था कि इस गांव में रहते हुए भला मैं क्या कर पाउंगा....

मम्मी-पापा का सोचना भी सही था क्योंकि उस गांव के माहौल से मुझे कभी भी आज की दुनिया की माडर्न रीत-नीत नहीं मिलने वाली थी और मैं उस तथाकथित गंवारु और बंजारेपन की फितरत को ही आत्मसात् करता और वो चरित्र आज के युग के जेंटलमैन कल्चर के विरुद्ध है जिसे कोई भी सभ्यता का उपासक मंज़ूर नहीं कर सकता। लेकिन मां-बाप द्वारा किये जाने वाले उपेक्षापूर्ण बर्ताव ने मुझे अंदर ही अंदर अपराधबोध के भाव से भर दिया था...और कई बार मुझे मेरे वापस लौट आने के फैसले पर पछतावा भी होता था..पर फिर भी दोस्तों का साथ और मनमौजी-हुल्लड़मस्ती सभी चीज़ें भुला देती। अपने गांव में तो मैं राजा ही था भले अंधों में काना राज़ा ही सही..और यही सुरक्षा का भाव मुझे उस दायरे से बाहर निकलने की इज़ाजत नहीं देता था क्योंकि दुनिया में सिर्फ कांप्टीशन है, सिर्फ एक अंधी दौड़ है..प्रतिस्पर्धा की ये अंधी दौड़, हमसे अपना मूल वजूद ही छीन लेती है और एक गांव में पला-बड़ा बालक भला कैसे आसानी से उस प्रतस्पर्धा के मंच पर एडजस्ट कर सकता है...लेकिन मेरी किस्मत को कुछ और ही मंज़ूर था..और कालांतर में वो गांव भी छूटा और साथ ही छूट गई उस गांव की मासूम छांव..जो छांव मेरे अंदर निश्चल-निर्मलता को बरकरार रखे हुई थी...बाहर निकलकर पढ़ाई की, कांपटीशन में खुद को बेहतर बनाने के जतन किये और उस तमाम जतन के चलते..चरित्र में एक कुटिलता प्रविष्ट हो गई।

फिर वही गांव..फिर वही गलिया और फिर वही जीवन की आदतें..सुवह से शाम उन्हीं गिनी-चुनी हरकतों में गुज़र जाती। खाना-पीना-सोना और कामचलाऊ पढ़ना और ऐसे ही कुछ अदने से काम..बस यही थी जीवन की हकीकत और यही था ज़िंदगी का फ़साना। जिस फ़साने में मौज करने के लिये ज्यादा कुछ करने की ज़रूरत नहीं थी बस बिना सोचे, सतही से विचारों और सामान्य से ज्ञान के साथ जीने की ज़रूरत थी और वो तो जी ही रहा था, बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के। चंद किलोमीटर का फासला तय करके पूरा गांव नापा जा सकता था..जिस गांव में रास्ते भी पास ही पास थे और रिश्ते भी, खूब समय रहा करता था..पर महानता तो तब है जब रास्ते लंबे हों, मंजिल जटिल और व्यस्तताएं इतनी हो जहां न रिश्तों के लिये फुरसत हो और न ही जज़्बातों के लिये। प्रैक्टिकल बनना ज़रुरी है...पर गांव की ये शिक्षा तो सिर्फ सेंटीमेंटल ही बना सकती है और सेंटीमेंटल बनकर कभी विकास नहीं किया जा सकता।

बस इसी तरह मौज के साथ अपनी दसवीं कक्षा की पढ़ाई चल रही थी..दसवीं की ये परीक्षा गांवों में बहुत ही अहम् मानी जाती है और यदि आपने गांव में टाप कर लिया तो समझा जाता है कि आप ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता है..मुझे भी इस परीक्षा की तैयारी में झोंका जा चुका था। जिस तरह शहरों में आईआईटी, आईएएस के कोचिंग सेंटर कुकुरमुत्तों की तरह नज़र आते हैं ऐसे ही गांवों में दसवी-बारहवी की परीक्षा के लिये कोचिंग सेंटर चलते हैं..मेरे घर के लोग इस महासंग्राम में अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते थे और मुझे गांव के तीन-तीन सर्वश्रेष्ठ कोचिंग सेंटर में पढ़ने भेजा जाता था..और शायद उन कोचिंग सेंटर की ही कृपा रही हो कि वहां से हासिल की गई तालीम की बदौलत बमुश्किल फर्स्ट डिवीजन बना के पास हुआ क्योंकि घर में पढ़ना क्या होता है इसकी दूर-दूर तक कोई जानकारी मुझे नहीं थी..कोचिंग और स्कूल के बाद यदि कोई चीज़ से मेरा लगाव था तो वो था क्रिकेट और इन तमाम चीज़ों के अलावा मेरा अगला गंतव्य क्रिकेट का मैदान ही होता था। इसलिये बोर्ड के उन एक्साम के बीच में भी क्रिकेट खेलने का कोई मौका नहीं छोड़ता।

खैर, जैसे-तैसे दसवीं की कक्षा पास की...और अब एक बार फिर उस सुनहरे भविष्य के लिये बाहर जाने का वक्त आ रहा था..मेरे घर वाले फिर खुद से दूर करने और ज़िंदगी पर पालिश करने मुझे किसी शहर में भेजने को तैयार थे...उनकी ज़िद भेजने की थी तो मेरी भी न जाने की। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था..हमारी जिद चाहे कुछ भी क्युं न हो, चलती हमेशा किस्मत की ही है और वो मुझे देश के इस हृदय स्थल से दूर, एक दूसरे ही प्रदेश में ले जा रही थी..गुलाबी नगरी। जी हां अगला सफ़र अब इस पिंक सिटी से शुरु होगा जो मेरे जीवन का असल मायने में यू-टर्न था...मैं वहां पहुंचने के लिये तैयार था और ज़िंदगी अपना एक अलग ही मुकाम तलाशने की कवायद में लग गई थी..चलिये उस कवायद और नये शहर की दास्तां अब अगली किस्त में सुनाई जायेगी..अभी यही रुकते हैं.............

ज़ारी.............

Wednesday, April 9, 2014

युवराज़ सिंह का गुनाह....

आईसीसी टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप के फाइनल को गुजरे 3-4 दिन हो चुके हैं...और सब धीरे-धीरे प्रायः फाइनल में मिली हार को भूल से भी गये हैं...पर सोशल मीडिया और मेनस्ट्रीम मीडिया में युवराज़ सिंह एक विलन की तरह अब भी कोसे जा रहे हैं। तरह-तरह की फब्तियां और जुमले उनके फाइनल में किये प्रदर्शन पर छोड़े जा रहे हैं...और माहौल कुछ ऐसा बना दिया गया है..मानो युवराज़ ने भारत के गोपनीय शस्त्रागारों के ठिकानों की जानकारी शत्रुदेशों को देकर कोई राजद्रोह कर दिया हो। युवराज़ पर व्यंग्य कसने वालों में मैं भी था जिसने भारतीय टीम के हारने पर 15 मिनट के अंदर ही एक फब्तियों को ज़ाहिर करता पोस्ट फेसबुक पर अपडेट किया था..पर लगातार हुए विरोध प्रदर्शन ने मुझे युवराज़ के गुनाह का पोस्टमार्टम करने पर मज़बूर किया और बस इसके चलते ही ये पोस्ट आपके सामने हैं।

युवराज़ सिंह। पिछले चौदह सालों से टीम इंडिया का एक प्रमुख प्रतिनिधि खिलाड़ी..जो अब से 14 वर्ष पहले खेली गई अपनी उस पहली 84 रनों की पारी में ही मुझे अपना कायल कर गया था जो उसने आस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्राफी में बनाये थे। तब से अब तक बीसियों ऐसी पारिया रही है जिन्होंने युवराज को टीम इंडिया का सरताज बना दिया..एक ऐसा खिलाड़ी जिसे दर्जनों बार टीम से बाहर किया गया लेकिन वो हर बार अपनी जीवटता और जुझारु खेल के ज़रिये टीम इंडिया में आया..और अपने समकालीन सभी खिलाड़ियों से अलग अपनी पहचान बरकरार रखी। कई दूसरे खिलाड़ी धूमकेतु की तरह क्रिकेट के इस आकाश में चमकते पर युवराज ध्रुवतारे की तरह हमेशा मद्धम-मद्धम टिमटिमाते रहे। मसलन, उनके साथ ही डैब्यु करने वाले ज़हीर ख़ान कभी लोगों की आंखों के तारे हुए और युवराज़ को बाहर कर दिया गया..इसी तरह मोहम्मद कैफ क्रिकेट के पटल पे अगले अजहरुद्दीन कहलाये और युवराज़ को दूसरी पंक्ति में धका दिया गया। सेहवाग, गंभीर, दिनेश मोंगिया, हेमांग बदानी, रॉबिन उथप्पा और ऐसे न जाने कितने खिलाड़ी आये, अपनी चमक बिखेरी और चले गये पर युवराज हमेशा अपने-आप को टीम में साबित करते रहे और लगातार टीम इंडिया के एक अहम् स्तंभ बने रहे।

आज फिर ऐसा ही एक माहौल है जब युवराज़ के टीम इंडिया में होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं...पर ये जुझारु लड़ाका विचलित तो हो सकता है पर चित कभी भी नहीं..क्रिकेट के मैदान में होने वाली जंग ज़िंदगी के मैदान में होने वाली जंग से बहुत छोटी होती है और जो इंसान मौत को ठेंगा दिखाके अपने आत्मविश्वास के साथ वापस अपनी ज़िंदगी को मुख्यधारा में ला सकता है वो दुनिया की किसी भी चीज़ का सामना कर सकता है। युवराज़ एक किंवदंति हैं जिनका क्रिकेट के मैदान में खड़े रह खेलना ही एक प्रेरणादायी फलसफा साबित होगा उनका बेहतर प्रदर्शन करना तो अलग बात है। मैं ये बात उनपे किसी तरह की सहानुभूति जताने के लिये नहीं कह रहा हूँ और न मैं लोगों से ये गुज़़ारिश करता हूँ कि युवराज़ पर सहानुभूति दिखाते हुए उसके टीम में बने रहने की दुआ करें बल्कि मैं ये सब सिर्फ इसलिये कह रहा हूँ कि हम असफलता को देखने का अपना नज़रिया बदलें। निश्चित ही युवराज़ की फाइनल में खेली उस पारी ने ही टीम का मोमेंटम बिगाड़ा और भारत को हार का सामना करना पड़ा..पर ऐसा किसी के भी साथ हो सकता है। हमेशा तीर निशाने पर तो एकलव्य का भी नहीं लगता। लेकिन हम हवाओं के रुख के हिसाब से चलते हुए सिर्फ जीते हुए के साथ खड़े हो जाते हैं पर असफलता के साथ खड़े होने का माद्दा हममें कब विकसित होगा।

युवराज का गुनाह सिर्फ ये है कि वो उस देश का खिलाड़ी है जहाँ क्रिकेट किसी भी दूसरी चीज़ से बढ़कर है, जहाँ क्रिकेट को लेकर लोग सिर्फ जज्बातों से फैसले करते हैं, जहाँ  क्रिकेट जुनून की सारी हदों को तोड़ देता है..और इस खेल में हम सिर्फ सफलता के ही हिमायती हैं और यदि कोई उन बेइंतहा उम्मीदों पर पानी फेर दे तो हम उसे बख्शने के कतई मूड़ में नहीं हैं फिर चाहे उस इंसान ने हमें खुशी के हज़ारों मौके क्यों न दिये हों। नेटवेस्ट ट्राफी-2003 का फाइनल, 2007 टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप, 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप, चैंपियन्स ट्राफी 2002 और ऐसे न जाने कितन मौके हैं जब देश सिर्फ युवराज़ की वजह से झूमा है पर वो तमाम उपलब्धियां, युवराज़ के एक गुनाह के कारण छोटी हो गई...दरअसल, हमें युवराज़ की गिरेबान में झांकना छोड़कर खुद की गिरेवान में झांकने की ज्यादा ज़रूरत है..जो हम स्वार्थ की तमाम हदों को तोड़ते हुए दुनिया के हर उस इंसान से किनारा कर लेना चाहते हैं जो हासिये पर फेंक दिया गया है...उस इंसान के लिये हमारी सहानुभूित तो हो सकती है पर हम साथ देने की जुर्रत कभी नहीं दिखा सकते।

युवराज़ जिस संघर्ष के बाद मैदान में लौटा है उसे कुछ मायने में मैं समझ सकता हूँ क्योंकि ज़िंदगी और मौत की कशमकश से कुछ हद तक मैं भी जूझ चुका हूं..उन हालातों के बाद खुद को संभालकर वापस ज़िंदगी में लौटकर आना बहुत मुश्किल है और जब हम खुद को वापस मुख्यधारा में ला रहे होते हैं तब सबसे ज्यादा आपका आत्मविश्वास वो लोग तोड़ते हैं जो आपके साथ खड़े तो नज़र आते हैं पर बड़ी शालीनता से आपको अापकी कमियों और नाकामयाबियों का आईना दिखाकर दयादृष्टि प्रदर्शित करते हुए छोड़कर चले जाते हैं...और आप एक बार फिर गिरकर, संभलने की जुगत में लग जाते हो। मेरा विश्वास है युवराज़ फिर वापस लौटेगा..और उसका सबसे बड़ा मददगार सिर्फ वही होगा क्योंकि हमारे संपूर्ण सुख, आत्मविश्वास और ताजगी के लिये सिर्फ हम ही ज़िम्मेदार हैं कोई और साथ खड़ा हुआ प्रतीत तो हो सकता है पर वास्तव में साथ होता कोई नहीं।

Monday, March 31, 2014

झूठी इमारतों के कुछ भ्रामक शिखर....


अभी-अभी एक सरकारी नौकरी में दाखिल हुआ हूँ...अच्छी तनख्वाह, एक ठीक-ठाक सा पद..लोगों की निगाहों में कुछ विशेष होने का सा भाव और ऐसा ही बहुत कुछ है जो हासिल हुआ है। अपने शैशव काल में एक क्रेज हुआ करता था गवर्मेंट ऑफ इंडिया का एम्पलॉय होने का...पर जबसे इन ख़याली मिथ्या इमारतों की असलीयत को करीब से समझने का मौका मिला है एक बात अनुभूत हो रही है कि दुनिया की तमाम ऐसी इमारतों के शिखर कितने भ्रामक है।

इंसान ये समस्त चीज़ें सिर्फ अपना एक झूठा आभामण्डल रचने के लिये प्रयोग करता है...जहाँ उस आभामण्डल की चमक के चलते उसे शोहरत मिले, लोगों में बढ़प्पन का अहसास हो, समाज मेंं पद-प्रतिष्ठा हासिल हो, शादी-दहेज और ऐसी ही तमाम चीज़ें...क्योंकि सफलता से कहीं कुछ नहीं बदलता, सिर्फ लोगों का आपके प्रति नज़रिया बदल जाता है। आपके हुनर पे मुहर लग जाती है..और दरअसल कई बार आप बेहद हुनरमंद होते हुए जिस जगह पहुंचते हैं वहां कोई और बिना किसी अतिरिक्त हुनर के कई दूसरी वजहों से भी पहुंच जाते हैं। ऐसे में इंसान की तमाम हरकतें बेहद बचकानी सी ही साबित होती हैं। किसी वाञ्छित लक्ष्य को पा जाने के बाद ऐसा नहीं इंसान बदल जाता हो, वो इंसान तो वही रहता है पर लोगों के ताने, चंद झूठी तालियों में तब्दील हो जाते हैं..और अक्सर उन तालियों के शोर में आदमी बौरा जाता है और भ्रामक आभामण्डल के चलते उसपे एक ऐसा ही झूठा अहंकार छा जाता है। 

समय की गिज़ा पे जनता और जनता की तालियों की आवाज़ नहीं बदलती..पर हुनरमंद एवं सफल लोग बदलते रहते हैं लेकिन उन तालियों के शोर के कारण इंसान एक ही जीवन में न जाने कितनी ज़िंदगी मरता और जीता  है। कल तक जो लोग आपसे कहते हैं कि उसने इतना हुनरमंद होके क्या कर लिया..वही लोग और उनकी वही जुवान ये कहने लगती है कि मुझे तो उसके हुनर पे पहले से यकीन था वो बहुत आगे जायेगा। लोग, हवाओं का रुख देख अपनी दिशाएं तय करते हैं। अब बताईये किन शब्दों को सही माना जाय...किस पे रोष किया जाय और किस पे प्रसन्न हुआ जाय। इस बारे में पहले भी काफी कुछ अपनी एक पोस्ट भ्रम का आभामण्डल, मिथ्या अहंकार और अंधी आत्ममुग्धता में कह चुका हूँ।

लेकिन इस सबमें एक बात तो बहुत अच्छे से समझ आ ही गई है कि दुनिया में सिर्फ वही चीज़ें महान् है जो आपको हासिल नहीं हुई हैं..हासिल होने के बाद जब उसकी असलियत से रुबरु होते हैं तब उस वस्तु के भ्रामक आभामण्डल को समझते हैं। इसी तरह सिर्फ वही व्यक्ति महान् है जिसका ज़मीर सलामत है या जिसका चरित्र नीलाम नहीं हुआ। अन्यथा इस दुनिया के तमाम तथाकथित बड़े और रुतबे वाले लोग भी निहायती ओछे किस्म के ही हैं। हम भी हमारी समस्त ऊर्जा स्वयं का एक ऐसा आभामण्डल रचने में खर्च करते हैं जिसकी चमक से लोग चौंधिया जाये। भले ही उस आभामण्डल से हम खुद ही परेशान हों, भले ही वो आभामण्डल हमें तनिक भी संतुष्टि देने में सफल न हो पा रहा हो किंतु वो ज़रूरी है क्योंकि इंसान अपने पूरे जीवन काल में खुद के लिये जीता ही नहीं है..उसे सिर्फ समाज और रिवाज़ की ही फ़िक्र है।

हम आलीशान घर बनाते हैं..ऊंची नौकरी पाना चाहते हैं, हमारा पहनावा, हमारी साज-सज्जा या संपूर्ण जीवन में किये गये हमारे हर एक प्रयास, सिर्फ और सिर्फ दूसरों की एक 'वाह' पाने के लिये ही तो हैं। हमारी खुशी और खिन्नता का रिमोट कंट्रोल दूसरों के हाथ में है जहाँ दूसरे ही ताउम्र कभी अपनी तारीफों के बटन से तो कभी अपनी निंदा के बटन से हमें संचालित करते हैं और हम या तो अहंकारी हो जाते हैं अथवा तनावग्रस्त और क्रोधी बन जाते हैं। इस सबमें हम आखिर खुद के लिये कब जी पाते हैं। हम सिर्फ अपने जूते को ऐसा चमकदार रखते हैं कि लोग उसकी चमक और चिकनाहट से हमारी तारीफ में कसीदे गढ़ते रहें फिर वो जूता हमें कितना ही अंदर से काट क्युं न रहा हो पर हमें उसकी कोई परवाह नहीं।

बहरहाल, ये सब में अपने किसी फ्रस्टेशन या ओवर वर्कलोड के तनाव के चलते नहीं लिख रहा हूँ..बल्कि दुनिया के हर एक गंतव्य का ऐसा ही कुछ हश्ल है..पर हम उस भ्रमजनित आभा में कुछ ऐसा खो जाते हैं कि खुद को ही नहीं देख पाते..और सच तो यही है कि जैसे-जैसे हम मशहूर होते जाते हैं हम खूद से उतना ही दूर होते जाते हैं। मैं दुनिया में कहीं भी जाउं पर खुद के साथ रहना चाहता हूँ इतना बावला होने की तमन्ना नहीं रखता कि मैं अपने अहंकार में खुद को ही भुला दूं...लेकिन मेरी इस अदनी सी नौकरी ने मुझे खुद से दूर करने की कोशिश ज़रूर की थी..इसलिये कुछ हद तक खुद को हिदायतें देने के लिये और प्रायश्चित स्वरूप ये पोस्ट लिखी है..आपके लिये इसके मायने ज्यादा हो न हों पर मेरे लिये मेरी यही सृजनात्मकता सबसे बड़ी वेदी है जहाँ मैं अपने जज्बातों का माथा अक्सर टेकता हूँ...ताकि खुद को अपने अंतर में छुपे खुदा के नज़दीक रख सकूं।

Wednesday, March 19, 2014

तेरे होने के मायने.....

(*मेरा लघु उपन्यास "दो ख़तों के बीच सिमटी एक प्रेम कथा" लंबे समय बाद पूर्ण हुआ..इस उपन्यास का पहला ख़त तेरे जाने के मायने तकरीबन दस महीने पहले आपके साथ साझा किया था अब दूसरा ख़त पेश कर रहा हूँ..चुंकि उपन्यास की घटनाएं अवरोही क्रम में प्रस्तुत हैं इसलिये जुदाई का ख़त पहले साझा किया था और अब मिलन का ख़त प्रस्तुत कर रहा हूँ...प्रेम में होने वाले जज़्बातों के बदलाव को ये दोनों ख़त बयाँ करने की कोशिश करते हैं..प्रस्तुत है अापके समक्ष..तेरे होने के मायने-)

कुछ बातें हैं जो आज तुमसे कहने का दिल कर रहा हैं और बताना चाहता हुं कि तुम्हारा होना क्या है इस दिल के लिए, मेरे लिए। वैसें तो कई बड़ी-बड़ी बातें तुम्हारे सामने बना लेता हुं और ये तो तुम भी जानती ही हो जो अक्सर मुझ पर ये जुमला मारते देर नहीं लगाती कि “बातें बनाना कोई तुमसे सीखे”। पर उन तमाम बातों को करने के बाद भी मैं कहां बयां कर पाता हुं तुम्हें। 

तुम, हां तुम ही हो वो जो हो वजह मेरी परेशानी की, मेरी नादानी की, लापरवाह कोशिशों की, गुस्ताख़ चाहतों की...यकीनन गुस्सा आ रहा होगा न, ये सब सुनकर? लेकिन हर वक्त कोई परेशान हुए बिना, समझदार बनकर, सतर्क, गुस्ताख़ियों के बिना कैसे रह सकता है भला। गर इंसान है तो परेशानी, नादानी, लापरवाहियां और गुस्ताखियां भी तो ज़रुरी है। तो तुम, हां तुम ही हो जो अहसास कराती हो कि मेरे अंदर भी एक इंसान का दिल है। जो अहसास कराती हो कि परेशानियां, नादानियां, गुस्ताख़िया, लापरवाहियां कितनी खूबसूरत होती है और कितनी ज़रुरी होती है जीने के लिए। जो बताती हो कि कितनी अधूरी है ज़िन्दगी इन गुस्ताख़ियों के बगेर।

दोस्ती, क्या है? क्युं हैं? कैसे है? ये वो प्रश्न है जिनके उत्तर मैं देता भी हूं तो  उनमें कतरा भर भी दोस्ती के भाव को नहीं भर पाता। लेकिन तुम्हें सामने रख मैं दोस्ती को समझ भी सकता हूं और समझा भी सकता हूं, लेकिन सिर्फ खुद को। शायद ही ज़िंदगी में मेरा कोई दोस्त होगा जिसके सामने लगातार कई बार मैं अकड़ता रहूं, लड़ता रहूं, ज़िद करता रहूं, उसका दिल दुखाता रहूं, और वो मेरा हाथ थामे रहे...जिसकी आंखों में आंसू हों मेरी वजह से और वो फिर भी मेरे मुस्काने का, उसे मनाने का इंतज़ार करता रहे...और गर फिर भी मैं अपने अहम् के कारण या किसी और वजह से उससे दूर भागूं पर फिर भी वो अपने सारे दर्द भुलाके खुद मान जाए और मुझे अपने रूप में लाने की ज़द्दोज़हद में लग जाए....पर तुम, हां तुम ही हो जो अपनी सारी कोशिशें मुझ पे लगा देती हो, मेरी मुस्कान वापस लाने के लिए...क्या तुमसे बड़ा और बेहतर दोस्त हो सकता है?  नहीं, क्योंकि तुम, तुम ही हो जो इस पैमाने पे ख़री उतरती हो...दोस्ती का मतलब तुमसे अलग कैसे हो सकता है मेरे लिए.......

दोस्ती की ही तरह प्यार को समझने में भी मैं अनजान हूं...लेकिन तुम्हारे होने का मतलब सिर्फ तुम्हारा होना है। मैं कैंसे कह दूं कि तुम्हारे होने का मतलब ख़ुशी का होना है, मस्ती का होना है या चांद, तारे या रोशनी का होना है....नहीं जितने अच्छे से मैं तुम्हें समझता हूं उतने अच्छे से न मैं ख़ुशी को समझता हूं, न मस्ती को, न चांद-तारे या रोशनी को ...फिर जिसे मैं समझता ही नहीं हूं उन्हें मैं कैसे तुमसे जोड़ दूं...तो तुम्हारे होने का मतलब बस तुम्हारा ही होना है। तुम ख़ुशी, मस्ती, चांद-तारे, रोशनी की भरपाई कर सकती हो मेरे लिए, पर ये सब बेचारे तुम्हारी भरपाई कैसे कर सकते हैं मेरी ज़िंदगी में। तुम्हारा मेरे लिए इतना खास होना ही शायद मेरे लिए प्यार होगा...तुमसे अलग मैं प्यार को कैसे समझा दूं और तुमसे अलग प्यार को कैसे मैं समझ लूं क्योंकि मैं तुम्हें जानता हूं प्यार-व्यार को नहीं...

कोई पूछे मुझसे कि तुममें ऐसा क्या है जो मेरे लिए तुम ही तुम्हारी जगह हो कोई और नहीं..भला कैसे मैं उसे समझा दूं कोई और तो कोई और की जगह है तुम्हारी जगह तो तुम ही हो सकती हो। यकीनन तुम रब़ नहीं मैं तुम्हें उस जगह रखुंगा भी नहीं...क्योंकि रब़ तो रब़ की जगह हो सकता है और तुम तुम्हारी...और इंसान भक्ति भले फ़रिश्तों की करते हैं पर प्यार तो इंसानों से ही होता है...और किस इंसान से प्यार करना है ये हमें ढूंढना नहीं पड़ता, कमबख़्त प्यार खुद हमें ढूंढ लेता है..और प्यार ने तुम्हें ही मेरे लिए ढ़ुंढा है तो फिर कैसे मैं जमाने से बता दूं कि क्यूं तुम ही तुम्हारी जगह हो कोई और नहीं।

तुमसे कुछ चाहूं, या सोचु कि तुम मेरे लिए क्या करती हो...ऐसी गुस्ताख़ी की इज़ाजत ये दिल मुझे नहीं देता...न ही मेरे वहीखाते में ये हिसाब होता है कि मैं तुम्हारे लिए क्या-क्या करता हूं...मेरा दिमागी हिरण जहां उछल-कूद करता है वहां सिर्फ इस सोच के वृक्ष लगे हुए हैं कि मैं क्या कर सकता हूं अपनी क्षमताओं के आखिरी हिस्से तक से तुम्हारे लिए...

हो सकता है मेरी ये सारी बातें आज तुम्हें मेरी उस छवि से परे लग रही होंगी जो छवि तुमने अपने दिलो-दिमाग में बसा रखी है और लग रहा होगा कि मेरी बुद्धिजीविता को क्या हो गया जो युं दिवानों की तरह बात कर रहा हूं...पर यकीन मानों दिवानगी का मज़ा बुद्धिमत्ता में कतई नहीं है और इस आवारगी और दीवानगी की खूबसूरती को तुम्हारे कारण ही समझ पाया हूं मैं।

तुम, हां तुम ही हो वो जिसके लिए इतना कुछ कह देने के बाद भी बहुत कुछ कहना बाकि रह जाता है...कहे हुए शब्दों की पीठ पीछे छुपके बैठे शब्दों को शायद तुम न देख पाती हो पर उन छुपे हुए शब्दों का दायरा बहुत बड़ा है...इतना बड़ा कि उनके लिए अक्षरों के लिबास छोटे पड़ जाते है....और वैसे भी अहसासों के लफ़्ज नहीं होते...और तुम तो सभी शब्दों से परे बस तुम ही हो...तुम में ये सारे शब्द समा सकते हैं शब्दों में तुम नहीं......

तुम्हारा-
………………

Monday, March 10, 2014

परिवर्तन : ज़रुरी या मजबूरी

वक्त के पहियों पे अनायास ही जीवन रथ को हांकते-हांकते हम विविध परिवर्तनों से दो-चार होते हुए आगे बढ़ते रहते हैं..ज़िंदगी जिंदादिली से ज्यादा मशक्कत के थपेड़े झेलती है और हर एक मुश्किल दौर के बाद कुछ रुह को सुकून पहुंचाने वाली ठंडी हवाओं से भी सामना होता है...लेकिन चाहे सकारात्मक हो अथवा नकारात्मक, पर जब-जब बदलाव होता है हम थोड़े से विचलित ज़रूर हो जाते हैं। हर एक बदलाव जहाँ एकरसता को चीरता हुआ जीवन को तनिक उद्वेगपूर्ण बनाता है वहीं पुराने बिन्दु के छूटने से चित्त में भांत-भांत के व्यग्रता एवं आशंका के बादल मंडरा उठते हैं।

बहरहाल, माजरा कुछ युं है कि अपनी ज़िंदगी में ही बदलाव के सुनहरे दौर की दस्तक हुई है...युं तो उपलब्धि कोई बड़ी नहीं पर हाँ एक नज़र ऐसी भी है जो इसे विगत के प्राप्य से बेहतर होने का अहसास कराती है। अब चुंकि परिवर्तन है तो उत्कंठा, उत्साह, उद्वेग के साथ ही साथ भय, आशंका और ऊहोपोह की स्थिति भी बनी हुई है..इसलिये मन का हिरण जहाँ-तहाँ छलांगें मार रहा है। दरअसल अपने पुराने संस्थान को छोड़कर अब एक नये संगठन के साथ अपने जीविकोपार्जन के कृत्य को अंजाम देने का वक्त आ रहा है...दूरदर्शन जैसे सरकारी एवं बड़े मीडिया संस्थान से जुड़ना निश्चित ही गौरव की बात है इसलिये बधाईयों का तांता भी लगा हुआ है लेकिन जैसे-जैसे अपने पुराने संस्थान और साथियों से विदाई लेने का वक्त निकट आ रहा है तो एक घबराहट सी भी हो रही है। तकरीबन तीन वर्षों से जिस संस्थान के साथ अपना रुहानी रिश्ता जोड़ रखा था उसे झट से छोड़ देना निश्चित ही कष्टकर है...एक सहज आसक्ति अपने मौजूदा कार्यस्थल व वहाँ के लोगों से हो गई थी। पद, पहचान, और रुतबा कायम हो चुका था लेकिन ये सब छोड़ अब पुुनः शुरुआत शून्य से करना होगी...और जब तक अपने अग्रिम संस्थान से मित्रवत् हो पाउंगा तो हो सकता है इसे छोड़ फिर किसी नयी शुरुआत में निकल जाना हो..इस बदलाव, इन रास्तों या इस संपूर्ण सफ़र के ज़रिये जाना कहाँ है ये समझ नहीं आता।

लगातार किसी एक जगह पे बने रहने के बाद, मन चाहता है कि ज़िंदगी में कुछ नया और बेहतर हो..पर वो चीज़ जिसे हम अब तक बेहतर मान रहे थे उसकी उपलब्धि होती है तो लगता है क्या जीवन को बस इसकी ही तलाश थी? असंतुष्टि और आशंका का आलम तो जस का तस विद्यमान रहता है। लोगों की बधाईयां लेते हुए हम धन्यवाद ज्ञापित किये जाते हैं पर ये समझ नहीं आता कि जिस ख़ुशी का इज़हार जो हम युं लफ्ज़ों में कर रहे हैं उसका कितना प्रतिशत हमारे ज़हन की वास्तविक सच्चाई है। औपचारिक बधाईयों के साथ उन पर व्यक्त की गई कृतज्ञता भी महज़ औपचारिक ही होती है...इस सबमें सच्ची प्रसन्नता कहाँ है ये ढूंढ पाना ख़ासा मुश्किल है।

हम रिश्ते चाहते हैं, सम्पत्ति, ऐश्वर्य और प्रतिष्ठा चाहते हैं पर जीवन के हर एक पड़ाव पर जब-जब ये तमाम चीज़ें हमें मिलती जाती है आकांक्षाऐं और वृद्धिंगत होती जाती हैं...और जिसे पाने के लिये हम अब तक बेचैन थे उसकी उपलब्धि के बाद जब उससे भी कोई उत्कृष्ट चीज़ हासिल होती है तो हम बड़ी ही आसानी से पुराने प्राप्य को ठुकरा देते हैं। पुरानी समस्त उपलब्धियां अब राह का रोड़ा लगने लगती है...सच ही है महत्वकांक्षाएं बड़ी ही स्वार्थी होती हैं...इनकी तासीर बस बढ़ते जाना है और इस बढ़ने के क्रम में यदि अपने अजीज़ रिश्तों का भी क़त्ल करना पड़े तो इंसान बड़ी आसानी से कर देता है।

किंतु इस संपूर्ण परिवर्तन के चक्र में समझ नहीं आता कि परिवर्तन ज़रूरी है या मजबूरी..न हमें मौजूदा वक्त की एकरसता रास आती है और न ही अनचाहा बदलाव। भय, आशंका, उकताहट, घबराहट और असंतुष्टि का माहौल सदैव व्याप्त रहता है और जब इतनी सारी नकारात्मक भावनायें व्याप्त हों तो समझ नहीं आता कि इस सबमें सुख कहाँ मिलेगा..पर मजे की बात ये है कि चाहे इंसान बदलाव की आकांक्षा करें या मौजूदा संयोगों को बरकरार रखना चाहे..इस सबमें एकमात्र खुश होने की, सुखी होने की ख्वाहिश ही व्याप्त है पर अफसोस, हमारे संपूर्ण उपक्रम बस बेचैनियों में ही इज़ाफा करते हैं। परिवर्तनों के साथ एक दिन ज़िंदगी ख़त्म हो जाती है पर तलाश बरकरार ही रहती है.................