Thursday, September 5, 2013

हिन्दी सिनेमा में अध्यापक के बदलते प्रतिमान

(टीचर्स डे के विशेष उपलक्ष्य में प्रस्तुत, भारतीय सिनेमा में अध्यापक की बदलती छवि को बयाँ करती प्रस्तुति-)

“यह तन विष की बेलरी, गुरु अमृत की खान..सीस दिये जो गुरु मिलै, तो भी सस्ता जान”  साहित्य में गुरु के सम्मान की परंपरा तो तबसे है जबसे इंसान ने सभ्यता का चोगा ओड़ा है। अपना सिर कटाने पर भी एक सच्चा अध्यापक का मिलना बड़ा सस्ता सौदा माना गया है। वक्त की बदलती करवटों में गुरु के रूप में भी आमूलचूल परिवर्तन आये पर एक शिक्षक की अहमियत हर काल और हर क्षेत्र में जस की तस बनी रही। गुरु-चेले की इस अमिट-सनातन परंपरा पे हर भाषा के साहित्य में काफी पन्ने काले किये गये..और जब सिनेमा का इस भौतिक जगत में आविर्भाव हुआ तो वो भला इस पावन परंपरा से कैसे अछूता रह सकता था।

यूं तो अध्यापक के मायने समझाने के लिये हमने भारत में चुंबकीय व्यक्तित्व के धनी, दूसरे राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को चुना..किंतु सही अर्थों में अध्यापक की विभिन्न छवियों से हमारा परिचय कराया हिन्दी सिनेमा ने। आजादी के बाद पचास के दशक को हिन्दी सिनेमा का स्वर्णिम काल माना जाता है..इसी दौर में प्रदर्शित सत्येन बोस द्वारा निर्देशित जागृति फिल्म समाज के सामने अध्यापक के बदले स्वरूप को प्रदर्शित कर रही थी। इस फिल्म में अभि भट्टाचार्य द्वारा निभाया गया अध्यापक का किरदार सिनेमा के इतिहास में मील का पत्थर माना जाता है..जहां वो एक अमीर बाप की बिगड़ी औलाद को गैरपरंपरागत शिक्षा पद्धत्ति से जीवन मूल्यों का ज्ञान कराते हैं। यही वो फिल्म थी जिसमें गुरु-शिष्य के संवादों के ज़रिये बच्चों को प्रेरणा देने वाले दो महान् गीतों का समावेश किया था..’आओ बच्चों तुम्हें दिखाये झांकी हिन्दुस्तान की’ और “हम लाये हैं तूफान से कश्ती निकाल के इस देश को रखना मेरे बच्चों संभाल के’ आज भी ये गीत देश की आजादी के जयघोष माने जाते हैं।

बाद में कई फिल्में ऐसी भी आई जिनमें अशोक कुमार, जगदीप, असरानी जैसे अभिनेताओं ने अध्यापक के रूप में चरित्र भूमिकाएं की। यूँ तो ये कहानी के नायक के समानांतर नहीं थे पर इन फिल्मों में नायक के जीवन पे अध्यापक का प्रभाव बेहतर ढंग से परिलक्षित हुआ। इस कड़ी में बड़ा परिवर्तन आया राजकपूर की मेरा नाम जोकर से..जिसमें अध्यापक और छात्र के रिश्तों ने एक अलग ही लिबास अख्तियार किया। कौमार्य के अगले दौर में कदम रखता छात्र अपनी अध्यापिका के प्रेमपाश में ही पढ़ जाता है। एक अध्यापक के भावनात्मक पक्ष का इस फिल्म में बखूब प्रदर्शन किया गया है। गुलजार द्वारा निर्देशित परिचय और किताब भी ऐसी ही फिल्में हैं जिनमें अध्यापक और विद्यार्थियों के रिश्तों का ताना-बाना समझा जा सकता है। माँ-बाप के बिना नाजुक उम्र में पैदा होने वाले बगाबती तेवरों से एक अध्यापक कैसे जूझता है इसका बेहतरीन चित्रांकन गुलजार की इन फिल्मों में किया गया है। विनोद खन्ना द्वारा इम्तिहान में निभाये गये एक आदर्शवादी प्रोफेसर के किरदार को भला कौन भूल सकता है...जहाँ अपने जीवन मूल्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण की छाप वो अपने छात्रों पे छोड़ता है। इस फिल्म का गीत ‘रुक जाना नहीं तू कहीं हार के’ आज भी जनमानस के लवों पे जिंदा है। इसी तरह फिल्म गुड्डी का क्लासरूम में फिल्माया गया वो गीत भी आँखों के सामने बरबस ही आ जाता है जिसमें जया भादुड़ी अपने खिलंदड़ अंदाज में ‘हमको मन की शक्ति देना, मन विजय करे’ गाती नज़र आती हैं।

हिन्दी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना ने भी सुनहरे परदे पे अपने रोमांटिज्म के परे एक अध्यापक के किरदार को खूबसूरती से जिया है। उनकी फिल्म रोटी और मास्टरजी में हम ये झलक देख सकते हैं। जहाँ ये बखूब देखा जा सकता है कि किस तरह अपने छात्रों की प्रताड़नाओं का शिकार एक अध्यापक को होना पड़ता है। सिनेमा में अध्यापक की यात्रा की बात करें और इसमें सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का नाम न आये ऐसा नहीं हो सकता। भला कौन भूल सकता है फिल्म चुपके-चुपके के उस अंग्रेजी के अध्यापक को, जिसे हालातों के नाटकीय बदलावों के चलते वनस्पति विज्ञान पढ़ाने की जिम्मेदारी सौंप दी जाती है और वो अपने बेहतरीन अध्यापन कौशल से अपनी इस जिम्मेदारी का निर्वहन करता है। बच्चन जी के अध्यापन की ये श्रंख्ला कस्मे-वादे से होती हुई मोहब्बतें, ब्लैक और फिर आरक्षण तक देखी गई। मोहब्बतें में दो पीढ़ियों के अध्यापकों के वैचारिक अंतर्द्वंद को देखा जा सकता है..तो ब्लैक का अध्यापक अपनी मूक-बधिर छात्रा को जीने लायक बनाने के लिये अपना सारा जीवन न्यौछावर कर देता है। वहीं आरक्षण के डाक्टर प्रभाकर आनंद समस्त व्यवसायिकता से परे अध्यापन को अपना धर्म मानकर इसे साकार करते हैं।

मुख्य धारा के परे भी समय-समय पे ऐसी फिल्में बनती रही हैं जिनमें शिक्षक की महत्ता को देखा जा सकता है। महेश भट्ट द्वारा निर्देशित सारांश और सर इस कड़ी की दो प्रमुख फिल्में हैं..जहाँ सारांश में एक रिटायर्ड गाँधीवादी अध्यापक की देश के पॉलिटिकल सिस्टम के खिलाफ लड़ाई को दर्शाया गया है जिसमें वो अपने मूल्यों से समझौता किये बगेर व्यवस्था के विरुद्ध लड़ता है। तो वहीं फिल्म सर का अध्यापक अपनी हकलाहट से पीड़ित छात्रा को उसका खोया आत्मविश्वास वापस लाने में मदद करता है। राजकुमार अभिनीत बुलंदी भी एक महत्वपूर्ण फिल्म हैं जिसमें कि एक अध्यापक अपने शिक्षण कौशल से छात्रों को अन्याय के विरुद्ध लड़ने के लिये प्रेरित करता है। इसके अलावा राज बब्बर अभिनीत आज की आवाज भी कुछ ऐसे ही कथ्य को दिखाने वाली है इसमें भी एक अध्यापक अपने ज्ञान का प्रयोग भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिये करता है।

आज के इस हाईटेक युग में अध्यापक भी हाईटेक हो गये हैं और गुरु के अंदाज भी परिवर्तित हुए हैं। अब कुर्ता-पायजामा पहने, झोला टांगे अध्यापक नज़र नहीं आते और न ही वे प्राचीन ग्रंथों और साहित्यों का पारंपरिक ज्ञान देते देखे जाते..पर उनकी अहमियत आज भी वैसी ही है जैसी कि सालों पहले थी। कुछ-कुछ होता है कि मिस ब्रिगेंजा अपने छात्रों को प्यार और दोस्ती का फर्क समझाती नज़र आती हैं तो मैं हूँ न की ग्लैमरर्स सुष्मिता सेन क्लासरूम में ही मॉडलिंग करती प्रतीत होती हैं। इसी तरह बात यदि स्टूडेंट ऑफ द ईयर के प्रिंसिपल की करें तो वो भी पुरानी मान्यताओं से कोसों दूर एक आधुनिक ख़यालात वाला व्यक्ति है जिसके लिये मनोरंजन, जीवन के किताबी मूल्यों से कई बढ़कर है।

अध्यापक की ये महत्ता सिर्फ क्लासरूम में ही जाया नहीं होती, उनका महत्व जीवन के दूसरे हिस्सों में भी महसूस किया जा सकता है। मसलन इकब़ाल फिल्म के नसरुद्दीन शाह द्वारा अभिनीत उस कोच के किरदार को क्या किसी अध्यापक से कम माना जायेगा जो अपने ज्ञान का प्रयोग एक गूंगे-बहरे युवक को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर बनाने में करता है। इसी तरह चक दे इंडिया का कोच कबीर ख़ान भला किसे याद नहीं आयेगा जो आपसी गुटों में लड़-भिड़ रही लड़कियों में टीम भावना विकसित कर उन्हें हॉकी का विश्वकप जितवाता है। भाग मिल्खा भाग में कोच का किरदार निभा रहे पवन मल्होत्रा का ज़िक्र करना भी आवश्यक है क्योंकि वही एक ऐसा शख्स था जिसे मिल्खा की काबलियत पे शुरुआत से यकीन रहता है।

बदलाव के इस दौर में कुछ परंपराएं जस की तस हैं और शिक्षक के सम्मान में भी आज कोई बदलाव नहीं आया है। दो दूनी चार के मध्यम वर्गीय अध्यापक ने अपने जीवन में बहुत ज्यादा पैसा नहीं कमाया पर सम्मान उसे भरसक मिला है। स्वदेश फिल्म की वेल एजुकेटेड उस अध्यापिका का स्मरण करना भी ज़रूरी है जो अपने ज्ञान का प्रयोग पैसा कमाने के लिये न कर, उस गाँव के बच्चों को शिक्षित करने में करती हैं जहाँ उसका जन्म हुआ है। तारे जमीं पर में आमिर ख़ान द्वारा निभाया गया निकुम सर का किरदार कैसे भूला जा सकता है जिसमें वह डिस्लेक्सिया से पीड़ित अपने छात्र को जिंदगी की मुख्यधारा में लाते हैं और माता-पिता को परवरिश का पाठ पढ़ाते हैं।


अपने पारंपरिक मूल्यों के चलते अध्यापक की तानाशाही छवि को भी सिनेमा ने प्रदर्शित किया है। जिसे हम मुन्नाभाई एमबीबीएस के डीन और थ्री इडियट्स के प्रोफेसर वीरु सह्स्त्रबुद्धे में देख सकते हैं। जो अपनी पुरातन सोच के जरिये ही सफलता के प्रतिमान स्थापित करने की बात कहते हैं..लेकिन वे भी बाद में तार्किकता के सहारे अपनी पुरातन मान्यताएं बदलने पे मजबूर हो जाते हैं और बदलाव को स्वीकार करते हैं। बहुलता में तो सिनेमा अध्यापक की जीवटता और महत्ता को दिखाता ही नज़र आया है...और इसने गुरु के प्रतिमान उसी रूप में कायम रखें हैं जैसे कि भारतीय संस्कृति में माने जाते हैं। भिन्न-भिन्न फिल्मों में भले एक शिक्षक को दर्शाने वाले स्वर अलग हों किंतु सिनेमा की सदाबहार धुन आज भी भारतीय साहित्य के सुर से सुर मिलाती हैं और वो सुर बस यही है कि-‘गुरु गोबिंद दोऊ खड़े, का के लागूं पाय। बलिहारी गुरु आपनै, गोबिंद दियो बताय॥‘

Sunday, September 1, 2013

मेरी प्रथम पच्चीसी : तीसरी किस्त

पिछली किस्तों के लिये क्लिक करें- प्रथम किस्त, दूसरी किस्त 

(गुजरे हुए जीवन के अनुभव का चिट्ठा प्रस्तुत कर रहा हूँ..यद्यपि अभी अपनी उम्र के लिहाज से खुद को इस योग्य नहीं मानता कि जीवन का एक समीक्षात्मक विवरण दे सकूं..लेकिन फिर भी अपनी उत्तमोत्तम क्षमताओं से इस कार्य को कर रहा हूँ..जीवन के प्रथम नौ वर्षों का चिट्ठा अपनी पिछली किस्तों के ज़रिये देने की कोशिश की है..इस कड़ी में अब में उस नाजुक उम्र के कुछ बदलते अहसासों और काल्पनिक लोक के विचरण करने वाले मनोभावों की एक झांकी प्रस्तुत करने का प्रयास करुंगा..जो अक्सर दिल की ज़मीं पे खलबली मचाए रहते हैं)

गतांक से आगे-

"बाल्यावस्था के एक पड़ाव पर ऐसा भी समय आता है जब उद्दंडता की धुन सवार रहती है...इसमें युवाकाल की सुनिश्चित इच्छा नहीं होती, उसकी जगह एक विशाल आशावादिता होती है जो दुर्लभ को सरल और असाध्य को मुंह का कौर समझती है..भांति-भांति की मृदु कल्पनाएँ चित्त को आंदोलित करती रहती है..सैलानीपन का भूत सा चढ़ा रहता है..रेलगाड़ी को देख उसमें बैठ लंबी सैर पे जाने का मन करता है, कभी आसमान में उड़ते हवाईजहाज और रॉकेट एक नवीन काल्पनिक संसार का निर्माण करते हैं लगता है इनमें बैठ आसमान का सीना फाड़ के ये देखें कि इस अनंत के पार आखिर क्या है। दादी-नानी की कहानियों में अक्सर चर्चा का विषय रहने वाले भगवान को भी देख आने को जी चाहता है..तारों का टिमटिमाना, आसमान में अनेक आकृतियाँ बनाते बादल, बिजली की चमक, पहाड़ो के पीछे नज़र आने वाला दूर कहीं आकाश का क्षितिज..अनेकानेक मनभावन कल्पनाओं को जन्म देता है और उन कल्पनाओं से हम खुद में ही कोई निष्कर्ष भी निकाल लेते हैं जिसे अक्सर अपने स्कूल और मोहल्ले के हमउम्र दोस्तों को चटकारे लेके सुनाते हैं। उन्हें सुनाते वक्त हमारी भावभंगिमाएं पूरी तरह गंभीरता को धारण किये रहती हैं..और कहीं भी उनमें मिथ्या बखान का पुट नहीं रहता। अर्थी को देख श्मशान तक जाने की चाहत होती हैं कि वहां जाके देखे, आखिर क्या होता है। मदारी और बहरूपियों को देख-देख जी में उत्कंठा होती है कि हम भी गले में झोली लटकाए देश-विदेश घूमते और ऐसे ही तमाशे दिखाते..अपनी क्षमताओं पर ऐसा विश्वास होता है कि बाधाएँ ध्यान में ही नहीं आती। भूत-पिशाचों की कई कपोल कल्पनाएं गढ़ते हैं और कई बार ख़यालों में ही भूतों और चुड़ेलनों से दो-दो हाथ कर उन्हें परास्त भी कर देते हैं। फिल्में देख हीरो की शक्ति खुद में महसूस कर, अकेले ही मनगढ़ंत फाइटिंग करते हुए विलेन को परास्त कर देते हैं। ऐसी सरलता होती है जो अलादीन का चिराग ढूंढ़ लेना चाहती है...और ऐसी विषमता भी महसूस होती है कि रात को सड़कों पे पहरेदारी करने वाले वॉचमेन की सीटी की आवाज सुन सिहरन पैदा हो जाती है। इस काल में अपनी योग्यता की सीमायें अपरिमित होती है..विद्या क्षेत्र में हम तिलक को पीछे हटा देते हैं, रणक्षेत्र में नेपोलियन से आगे बढ़ जाते हैं...कभी जटाधारी योगी बनते हैं, कभी खुद ही परिवार के मुखिया हो जाते हैं तो कभी टाटा से भी धनवान हो जाते हैं। मगर कल्पनाओं का ये स्वपनलोक यथार्थ से कही ज्यादा खूबसूरत होता है...और इसे देख पता चलता है कि कभी भी भयानकता और खूबसूरती यथार्थ में नहीं, बल्कि महज ख़यालों में ही बसर करती है।

मैं इन अनुभूतियों से कतई अछूता नहीं था..अपनी उम्र के उस पड़ाव में, कल्पनाओं के इस लोक में जी भर के मैंने विचरण किया। मुझे अच्छे से याद है कि मेरे पांचवी कक्षा की परीक्षा (जो उस समय तक बोर्ड परीक्षा के रूप में महत्वपूर्ण मानी जाती थी) ख़त्म होने पे, मेरे पापा द्वारा मुझे सर्वप्रथम साइकिल लाके दी थी..उसे पाके जो मैंने खुशी महसूस की थी मुझे याद नहीं आता कि वैसी खुशी मैंने फिर कभी महसूस की हो..उस साइकिल से अकेले ही बंजारों की भांति गाँव की गलियों और अलग-अलग मोहल्लों में घूमा करता था..गाँव के पास लगने वाले मेले में जाने के लिये दिल बेहद बेकरार रहता था। उस छोटे से मेले से प्रायः गड़गड़िया, रंगीन पन्नी से निर्मित एक चश्मा और लाइलप्पा लेके आते थे..पर उन्हें खरीदने से पैदा हुई प्रसन्नता, आज मॉल और शापिंग कॉम्पलेक्स से खरीदे हुए महंगे-ब्रांडेड कपड़ों और कई बेशकीमती चीज़ों को पाके भी नहीं होती।

हर शुक्रवार को गाँव का बाज़ार भरा करता था..और हमें भी कुछ पैसों का प्रलोभन देके घर के सामने ही स्थित अपनी दुकान में बैठने के लिये तैयार किया जाता था। यकीन मानिये जब शाम को हमें पुरुस्कार स्वरूप अपने पापा से पाँच या दस रुपये मिलते तो लगता कि दुनिया की कोई भी चीज़ हम खरीद सकते हैं उन पैंसो को जोड़-जोड़ अपनी गुल्लक में पटकते जाते और जब कुल जमा रुपये 50 या 100 के आंकड़े तक पहुंच जाते तो अपनी बिरादरी के सबसे रईस शख्स हम ही बन जाते थे। उन पैसों को पा हमें कुछ ऐसा अहंकार हुआ करता था जैसा कि आज हज़ारों की सैलरी पाने के बाद भी नहीं होता, और अपनी ये सैलरी हमें हमेशा कम ही जान पड़ती है..इसलिये हर पाँच-छह महीने में अपने बॉस को इंक्रीमेंट की अर्जी पकड़ाते रहते हैं। पैसा आता तो लालच भी कुछ कम नहीं बढ़ता था, यदि धोखे से पता चल जाये कि हमारे किसी मित्र के पास हमसे ज्यादा पैसे हो गये हैं तो अपने घर में जिद का सहारा भी लिया जाता और यदि वो जिद पूरी नहीं होती तो पैसे चुराने से भी नहीं हिचके...जी हाँ, उम्र के उस दौर में चुपके से अलमारी में से पैंसे भी चुराए। नाजुक उम्र के यही कुछ हिस्से होते हैं जिनके कारण बच्चे भटकने लगते है इस दौर में उन्हें सही दिशा मिलना बहुत ज़रूरी है। मैं खुशनसीब था कि संध्याकाल में गाँव की धर्मशाला में लगने वाली एक पाठशाला में पढ़ने जाया करता था जहाँ कई धार्मिक-नैतिक शिक्षाएं हमें सीखने मिलती। तब तो हम उस पाठशाला में पढ़ाया गया पाठ महज रटा करते थे लेकिन यही रटी हुई बातें हमें बुरी चीज़ों के प्रति एक डर पैदा करती थी। पाँच पाप - हिंसा, झूठ, चोरी, कुशील और परिग्रह के साथ चार कषाय- क्रोध, मान, माया, लोभ के प्रति हमारे अंतस में घृणा बुद्धि पैदा की जाती और प्रारंभिक इसी शिक्षा का कमाल है कि हम भटकाव से बच पाये..अन्यथा कहानी कुछ और भी हो सकती थी। 

लेकिन कई कोशिशें करने के बाद भी हमें अपने स्कूल और मोहल्ले में ऐसा माहौल मिल ही जाता है जो हमें विसंगतियों की ओर आकर्षित करता है..कई बड़े-बूढ़ों को गाली देते सुनते तो खुद भी माँ-बहन की अति दुर्दांत गालियों का इस्तेमाल अपने मित्रों पे कर दिया करते..एक बार गालियों का ऐसा ही प्रयोग करते हुए, स्कूल के अध्यापक ने पकड़ लिया था और जमके रिमांड हुई थी और घर पे शिकायत भी की गई..फिर घर जाके पिताजी की भी जमकर लताड़ सुनी थी..अपने बचपन में पापा के गुस्से से ज्यादा और किसी चीज़ से डर नहीं लगता था उनकी आँख का इशारा ही हमारी पैंट गीली करने के लिये काफी था। बाद में सत्संगति के मिलने और पारिवारिक समझाईशों ने मेरी गाली देने की प्रवृत्ति पे विराम लगाया। इसी तरह अपने कई निकटवर्ती बड़े भईया लोगों को स्मोकिंग करते देखते और फिल्मों में भी ऐसे ही दृश्यों को देखकर, खुद भी स्मोकिंग कर धूँए का छल्ला बनाने को जी चाहता। लेकिन उस उम्र मे इसे कर पाना संभव नहीं था इसलिये कागज की बीड़ी बनाके, उसमें आग लगा धुंआ उड़ाने की नकल किया करते और जब मूँह में से धुंआ निकलता तो बड़ी प्रसन्नता होती। इससे एकबात बहुत स्पष्ट होती है कि मनुष्य का सहज आकर्षण बुरी चीज़ो की तरफ ज्यादा होता है ऐसे में अगर उसे सत्संगति का निरंतर समागम न मिले तो उसके सही ट्रैक पे आगे बड़ने की संभावना बहुत कम होती हैं। मेरे परिवार और आगामी जीवन में मिलने वाली सत्संगतियों का ही प्रभाव था कि सिगरेट, गुटका, शराब जैसी चीज़ें मेरे होंठो तक पहुंचना तो दूर कभी मेर हाथों के स्पर्ष तक नहीं पहुंची। 

अपने भाईयों के साथ की नोंक-झोंक और मस्ती के कुछ पल भी याद आ रहे हैं..अक्सर रात में लाईट जाने के बाद जब छत पे संग सोया करते तो कई मनगढ़ंत कल्पनाओं और बेबुनियाद की बातों को आपस में शेयर करके जमके हंसी-ठिठोली होती..इसी तरह कभी मम्मी के द्वारा खाने हेतु बनाई गई कोई स्पेशल चीज़ या फल अथवा चॉकलेट को अपने भाई से ज्यादा पाने के लिये जो तिकड़म लगाई जाती, वो बड़ी रोचक होती और कभी एक या दो अंगूर अथवा एक-आध लड्डू ज्यादा पा लेते तो उसे खाने का आनंद बड़ा निराला होता था। मोहल्ले के कई बच्चों का जमघट भी घर पे लगा रहता जिनके साथ अपनी दुकान पे बैठ कभी अष्टा-चंगा, चोर-पर्ची, लंगड़ी जैसे पारंपरिक खेलों का मजा लिया जाता तो कभी कैरम, चैस, ताश जैसें आधुनिक गैम्स पे भी हाथ आजमाये जाते। इसके ही साथ हमारी बमुश्किल तीन सौ फिट की छत पे क्रिकेट खेलने का जायका तो अद्बुत ही हुआ करता था..हमारे लिये छत का ये ग्राउंड लार्डस और ईडन-गार्डन से कम नहीं था..और पूरे विधि-विधान के साथ पूरे जोश-खरोश से क्रिकेट खेला जाता। हमारे इस खेल से घर से जुड़े हुए पड़ोसियों के अन्य घरों के लोगों को खासी दिक्कत होती लेकिन उनकी डांट खाने के बाद भी हमारा ये शगल बनिस्बत ज़ारी रहता।

ये सारी घटनाएं उम्र के दसवे-ग्यारहवे बसंत के पार करने के दरमियाँ की होंगी..इनमें से कुछ तो जिंदगी के साथ आगे भी लंबे समय तक जुड़ी रही तो कुछ उम्र के इस पड़ाव पे ही अपना दम तोड़ गई। लेकिन जो भी, जैसा भी था जिंदगी की खूबसूरतियों में कहीं कोई कमी नहीं थी..और इसका कारण शायद यही था कि बचपन समझदारी भरा नहीं होता, समझदारी आ जाने पे सबसे पहले जीवन की रंगीनिया दूर भागती हैं और तनाव का बसेरा हो जाता है। बचपन में आंखों में आंसू तो होते हैं पर दिल में कोई टीस नहीं होती..वहीं बड़े हो जाने पे दिल कई कसक लिये जीता है भले चेहरे पे मुस्कानों के लबादे ओढ़े हुए हों...और वैसे भी टूटे हुए सपनों से बेहतर टूटे हुए खिलौने होते हैं....

जारी.............

Friday, August 30, 2013

हर किसी का अपना-अपना सच होता है फर्क इस बात से पड़ता है कि आप देख कहाँ से रहे हो : मद्रास कैफे

शुजीत सरकार द्वारा निर्देशित बेहतरीन डॉक्युड्रामा 'मद्रास कैफे' देखी..चारों तरफ इस क्रिटिकली अक्लैम्ड फिल्म के चर्चे हैं। निश्चित ही बेहतरीन सिनेमा है पर इसके ज़रिये बात दूसरी करना है। फिल्म का ये संवाद (पोस्ट के टाइटल में वर्णित) ही फिल्म की विषयवस्तु का सारतः परिचय दे देता है...और सही-गलत के निष्कर्ष दिये बगैर दर्शक की विचारणा हेतु एक विषय मुहैया कराता है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की हत्या की पृष्ठभूमि में निर्मित, ये सिनेमा अपने मूल कथ्य के परे भी काफी कुछ कहता है..और तेजी से बदलते फ्रेम दर फ्रेम अनेक सामाजिक अर्थों की परतें हमारे सामने तैरती रहती है..और हम स्तब्ध हो फिल्म को बिना पलकें झपकाये सिर्फ देखते रहते हैं।

एक एजेंट की भूमिका निभा रहे जॉन अब्राहम ने हमारी व्यवस्था के उन लोगों की मनोदशा का बखूब चित्रण किया है..जिन्हें सिर्फ उच्च प्रशासन के आदेशों का पालन करते हुए, सत्यासत्य का विचार किये बगैर सिर्फ अपनी ड्यूटी पूरी करना होता है..और अपनी इस ड्युटी के चलते जहाँ उन्हें अपनी व्यक्तिगत ज़िंदगी में कई समझौते करना होते हैं तो दूसरी ओर अपनी अंतर्रात्मा की आवाज का भी गला घोंटना होता है। फिल्म में अस्सी के दशक में घटित हुए श्रीलंकन और तमिल्स के उन कड़वे हालातों का फिल्मांकन हैं जिन्हें देख कभी मन में एक रोष पैदा होता है तो कभी आंखें नम भी होती हैं। लेकिन कहीं भी ये समझ नहीं आता कि असली गुनाहगार कौन है और किसका रास्ता सही है? आखिर फिर हमें यही निष्कर्ष निकालना होता है कि हर किसी का अपना-अपना सच होता है फर्क सिर्फ इस बात का है कि हम देख कहाँ से रहे हैं।

अपने-अपने पूर्वाग्रह और दुराग्रहों से पीड़ित इंसान ने अपने ही सिद्धांतों को पैदा कर लिया है..और हर चीज़ की अपनी ही अलग परिभाषा है..और सबके मुगालते यही हैं कि हम सही हैं। इस तरह से एक ही चीज़ को लेके कई सत्य खड़े हो गये हैं..और अब लड़ाई सच और झूठ की नहीं, बल्कि अलग-अलग कई सारे सत्य के बीच पैदा हो गई हैं। इन भिन्न-भिन्न सत्यों में चाहे जो भी जीते पर हार सिर्फ मानवता की होती है। नक्सलवाद-माओवाद, सरकार के लिये आंतरिक गड़बड़ी है पर उन लोगों के लिये ये पुंजीवाद के विरुद्ध संघर्ष है..इस्लामी आतंकवाद सरकार के लिये एक भयावह बीमारी है तो उनके लिये ये ज़ेहाद है। भूमिअधिग्रहण से मेट्रो के लिये सुपर कॉरिडोर बनाना या मॉल्स, फैक्ट्री, अपार्टमेंट विकसित करना..सरकार के लिये डेवलपमेंट है तो किसानों के लिये ये उनकी रोज़ी का छिनना है..खाद्य सुरक्षा अधिनियम में सवा लाख करोड़ का खर्च सरकार के लिये गरीबों की फ़िक्र है तो उद्योगपतियों और आम आदमी के लिये ये आर्थिक आपातकाल की पूर्वभूमिका है। आखिर इन सबमें सही क्या है...गोया कि हाथ पे लिखी एक ही संख्या को कोई छह पढ़ रहा है तो कोई नौ। दोनों ही अपनी-अपनी जगह खड़े हो सही फरमा रहे हैं।

तमिल माइनॉरिटी पे श्रीलंका में होने वाली नृशंस हत्याओं ने अन्ना राजशेखरन को पैदा किया...जिन हालातों में ऐसे बगावती लोग पैदा होते हैं गर उन हालातों पे समय रहते काबू पा लिया जाये तो न ही छत्तीसगढ़-बंगाल के नक्सली नेता पैदा होंगे और न ही चंबल के बागी डाकू..लेकिन प्रशासन की आँख तब खुलती है जब पानी, सिर के ऊपर से जाने लगता है। फिर हम रोग की जड़ का इलाज न कर, सिर्फ उस रोग के ऊपरी लक्षण की मरहम पट्टी करते रहते हैं..और उस मरहम के अंदर पड़ा वो घाव, जब गैंगरीन में परिणत हो जाता है तब उस हिस्से को अपने अंग से ही अलग करने की नौबत आ जाती है। ऐसे ही हालातों को ठीक करने के लिये जब तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गाँधी ने पहल की, तो उन्हें अपनी जान से हाथ गंवाना पड़ा। एलटीएफ प्रमुख राजशेखरन के लिये ये उस समय का सही फैसला हो सकता है लेकिन उसके लिये इस फैसले ने उन तमाम लोगों को एक लंबे संघर्ष को लिये मजबूर कर दिया, जिनके अधिकारों के लिये वो अपनी इस जंग को जारी रखे हुए था। जैसा कि फिल्म में दिखाया गया था कि राजीव गाँधी की उस हत्या के बाद से अब तक साठ हजार से ज्यादा लोग इस आपसी वैमनस्य में मारे जा चुके हैं और अब तक इस समस्या का कोई मजबूत समाधान नहीं हो पाया है। 

इस पूरे घटनाचक्र को समझने के लिये ये फिल्म देखना बेहद ज़रूरी है और इसे देखा जाना भी चाहिये...ऐसी फ़िल्में ये साबित करती हैं कि सिर्फ काल्पनिक फूहड़ मसाला ही मनोरंजन नहीं करता बल्कि तथ्यात्मक सार्थक कथ्य भी उत्कृष्ट कोटि का मनोरंजन करता है। जॉन अब्राहम, जोकि इस फ़िल्म के निर्माता हैं और शुजीत सरकार इसके लिये धन्यवाद के पात्र हैं..इन दोनों की जोड़ी ने इससे पहले भी 'विकी डोनर' जैसी नवीन विषयवस्तु पे बेहतरीन मनोरंजक फिल्म बनाई थी और इस बार लोगों के लिए मनोरंजन के कलेवर में सार्थक जायका प्रस्तुत किया। फिल्म का टैम्पो इतना तेज है कि एक दृश्य भी आँखों से ओझल न हो जाये, ये डर सताता रहता है..इस बेहतरीन पेस और टैम्पो के लिये फिल्म के सिनेमैटोग्राफर और विडियो एडीटर को श्रेय देना ज़रूरी है..जिसके चलते कम समय में विस्तृत कथ्य प्रस्तुत किया जा सका। फिल्म के सभी कलाकारों की उत्कृष्ट अदाकारी भी घटनाक्रम को सजीव बनाती है।

बहरहाल, बहुत कुछ नहीं कहना चाहुंगा..पर कम से कम हम से जुड़ी एक ऐतिहासिक घटना को समझने के लिये इस फिल्म को अवश्य देखना चाहिये। मेरे लिये तो ये फ़िल्म "चैन्नई एक्सप्रेस" के वाहियात सफ़र के बाद "मद्रास कैफे" की लाजवाब चुस्की की तरह थी....

Sunday, August 18, 2013

किसी दार्शनिक पुराण के पढ़ने का सा अनुभव- शिप ऑफ थीसिस

एक नितांत ऑफबीट फिल्म..जिसके प्रदर्शन पूर्व ही इसके निर्माता-निर्देशक ने इस बात की घोषणा कर दी थी कि ये सब के लिये नहीं है...बस इसलिये ही चुनिंदा जगहों पे सिलसिलेवार प्रदर्शित और वो भी बेहद कम प्रिंट और कम वक्त के लिये। हिंदुस्तान में प्रदर्शन से पूर्व कई अंतर्राष्ट्रीय मंचों पे सम्मानित..दिग्गज फिल्म विशेषज्ञों द्वारा प्रशंसित, जिसमें अनुराग कश्यप और करण जौहर जैसे निर्देशकों ने तो ये तक कह दिया कि 'इसे देखने के बाद लगता है कि हमें निर्देशन ही नहीं आता।' इतनी विशेषताएं बताके मैं अनायास ही इसकी महानता की गुणगाथा बयाँ नहीं कर रहा हूँ...और व्यवसायिक सिनेमा के प्रति हीनभाव भी प्रदर्शित नहीं कर रहा हूँ। दरअसल मैं ये कहना चाहता हूँ कि ये फिल्म जज़्बातों के इतने महीन रेशों से बुनी गई है कि मानसिक और बौद्धिक अंतर्द्वंदों की सैंकड़ों परतें फ्रेम दर फ्रेम उधड़ती जाती हैं..और फिल्म का अंत भी जाते-जाते एक यक्ष प्रश्न छोड़ जाता है..कि इस हाड़-माँस और तमाम अंग-प्रत्यंगों के अलावा भी इंसान का आखिर वजूद क्या है..हमारी इस भौतिक दायरे के परे क्या हस्ती है...हमारे अस्तित्व का वास्तविक परिचायक क्या है।

एक व्यक्ति से आठ लोगों का अंग-प्रत्यर्पण (organ transplant) कर उन्हें एक नया जीवन दिया जाता है। ये देख फिल्म की तीसरी कहानी में किडनी प्रत्यार्पित हुए व्यक्ति के दोस्त द्वारा ये पूछना.. कि इस तरह तो किसी एक व्यक्ति में सारे अंग प्रत्यर्पित कर, एक नये इंसान को बनाया जा सकता है? किडनी प्रत्यर्पित हुए शख्स का जवाब "नहीं यार, 'कुछ तो' पुराना ही रहता है, 'कुछ तो' बिना बदला ही रहता है"। ये 'कुछ तो' क्या है..बस इसकी तलाश में ही सारे धर्म-दर्शन का निर्माण हुआ है...और इसकी तलाश में ही इंसान बौद्धिक जुगाली के संसार से बाहर निकल अध्यात्म की परिधि में पहुँच जाता है। बात सिर्फ अंग-प्रत्यंगों की ही नहीं है बल्कि हमारे सारे विचार, हमारा आचरण और हमारे व्यवहार में अभिव्यक्त होने वाले हम भी, वस्तुतः हम नहीं है...ठीक उस तरह जैसे कि प्याज को परत दर परत उधड़ते हुए अंततः हमारे हाथ कुछ नहीं आता..बस एक महक रह जाती है। उसी तरह इंसान के भी व्यक्तित्व के पोस्टमार्टम करते हुए निरंतर नये-नये रूपों से परिचित होते हुए अंततः हमारे हाथ कुछ नहीं आता..बस एक अदृश्य-अबोध छवि रह जाती है..और चुंकि वो अदृश्य है इसलिये आधुनिक विज्ञान अब तक उसकी हस्ती से इंकार करता आ रहा है क्योंकि विज्ञान, सिर्फ इंद्रियग्राह्य प्रत्यक्ष को ही प्रमाण मानता है। 

ये फिल्म कोई समाधान या निष्कर्ष देती हो ऐसा नहीं है..ये तो महज हमें सोचने पे मजबूर करने वाले कुछ सवाल देती है..और वास्तव में जबाव नहीं, सवाल ही खोजे जाते है। सवाल के मिलने पे हम अपनी-अपनी रुचि और पुरुषार्थ के अनुसार अपने-अपने जबाव सहज ही पा लेते हैं। फिल्म में तीन कहानियां है..वे तीनों एक चीज़ से आपस में जुड़ी हैं जोकि अंत में हमारे सामने आता है। तीनों ही कथाएं अपने-अपने कई कथ्य मुहैया कराती हैं..किंतु तीनों अंत में जाके एक ही कथ्य में जाके ख़त्म होती हैं। इन तमाम कथ्यों में गर्भित संदेश इतना महीन हैं कि उसे एक बार में समझ सकना बेहद अशक्य है और हम जो भी समझते हैं उसमें बहुत कुछ हम अपने पूर्वाग्रह और समझक्षमता के अनुसार ही समझ पाते हैं..निर्देशक के भाव को एकबार में समझ पाना तो नामुमकिन सरीका ही है। इसे देखने के बाद मुझे प्रसिद्ध जापानी निर्देशक अकीरा कुरोसावा की वो उक्ति याद आई, जो उन्होंने सत्यजीत रे के संबंध में कहीं थी कि 'रे की फिल्मों को समझने के लिये कहीं से दूसरा दिमाग लाना पड़ेगा'। कुछ ऐसा ही शिप ऑफ थीसिस के साथ हैं।

तीनों कहानियां भिन्न-भिन्न दृष्टिकोणों को वर्णित करती हैं जिनमें पहली, जिसमें कि एक अंधी लड़की जिसे फोटोग्राफी का ख़ासा शौक है..उस लड़की के ज़रिये मानसिक आंखों से महसूस की जा सकने वाली दृश्यता से मनुष्य की अप्रतिम दृश्यक्षमता और कल्पनाशक्ति को प्रस्तुत किया है जोकि यथार्थ की इन उपलब्ध आँखों से कई गुना विशाल और सुंदर है..और हम अपनी उस अदृश्य चैतन्य शक्ति को इन चर्मचक्षुओं के चलते इग्नोर कर देते हैं। उस अँधी फोटोग्राफर और उसके पति के बीच एक फोटो को लेकर प्रस्तुत बहस कमाल की दर्शाई गई हैं..जो इन मानसिक और भौतिक चक्षुओं के मध्य व्याप्त अंतर्द्वंदों को शानदार ढंग से दिखाती भी है। दूसरी कहानी में अपने सिद्धांतों की दृढ़ता के चलते, अपने प्राणों को भी तुच्छ समझने वाले एक साधू की कहानी है जो अपने सिद्धांतों के विश्वास और अपनी दैहिक वेदना के चक्र में फंसा है। अपनी दैहिक वेदना को सहने का कारण किसी अवर्णित लक्ष्य की प्राप्ति करना उस साधू का उद्देश्य है किंतु मृत्यु के अत्यंत निकट आने पे भी उस लक्ष्य का अंश भी उसे हासिल नहीं होता और अंततः हारके अपने सिद्धांतों से समझौता करना उसे स्वीकार करना होता है। तो तीसरी कहानी मानवता के उन प्रयासों को बयां करती है जिसमें व्यक्ति के त्याग-समर्पण-सहयोग जैसी दैवीय भावनाओं से, 'आखिर उसे हासिल क्या होता है' के अहम् प्रश्नों का समाधान करने का प्रयास है। जहाँ एक व्यक्ति खुद को धोखे द्वारा ट्रांस्प्लांट से मिली किडनी भी महज मानवता के लिये लौटाने की बात करता है...और किसी की मदद के लिये अपनी तमाम सुख-सुविधाओं का उपभोग छोड़ दर-दर भटकने पे भी अंत में अभीष्ट की सिद्धि न होने पे निराश हो कहता है कि 'वो कुछ न कर सका'। जिसपे उसकी नानी का कहना कि 'जो कुछ भी किया..बस उसने ही किया, और बस इतना ही होता है..महान् प्रयासों के बाबजूद भी सब कुछ कभी भी हासिल नहीं होता'। इंसान की मानवता के इन कतरा-कतरा सहेज के किये जाने वाले प्रयासों की सार्थकता साबित करती है।

जितना मैं कह रहा हूं वो बहुत थोड़ा है। इसे देखने पे जितने भाव उमड़ते हैं और देखके आने के लंबे समय बाद भी, हम इस फिल्म को जिस भांति अनुभूत करते हैं उसे ज़रा भी बयाँ कर सकना मुमकिन नहीं है। इसी वजह से किसी दार्शनिक पुराण के पढ़ने जैसी अनुभूति होती है जिसमें क्लिष्टता भी है और आनंद भी। इसके अलावा एक फिल्म के अन्य पक्षों की दृष्टि से गर इसे देखें..तो एक्टिंग, सिनेमेटोग्राफी, निर्देशन सब अव्वल दर्जे का है। और एक बारगी तो इस फिल्म की कहानियाँ ऐसी प्रतीत होती हैं मानो कि सच्ची घटनाओं की कोई डॉक्युमेंट्री देख रहे हों। 

सिनेमा के लिये हिन्दी सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के की उक्ति भी कहना चाहुंगा कि 'यद्यपि सिनेमा मनोरंजन का प्रमुख माध्यम हैं किंतु इसका उपयोग ज्ञानवर्धन और विचारणा के लिये भी सशक्तता से किया जा सकता है'। ये फिल्म उनकी इस उक्ति को भलीभांति सही साबित करती है। निश्चित ही मनोरंजन गौण है किंतु विचारने के लिये उपलब्ध कराने वाला कथ्य असंख्य है। इसलिये इस सिनेमा को देखने का नहीं पढ़ने का प्रयत्न करें....

Thursday, August 15, 2013

भ्रम का आभामण्डल, मिथ्या अहंकार और अंधी आत्ममुग्धता

पिछले दिनों नॉरसिज्म पे एक लेख पड़ा..नॉरसिस्ट शब्द जो कि एक ग्रीक कथा पे आधारित है जिसके तहत एक नॉरसिस्ट नाम का इंसान अपनी छवि को देखने में इस कदर मोहित होता है कि अपनी छवि को निहारते-निहारते वो एक झील में गिरकर मौत का शिकार हो जाता है..तब ही से आत्ममुग्ध व्यक्ति या अपनी छवि पे मोहित इंसान नॉरसिस्ट के रूप में जाना जाने लगा। 

दरअसल, हम सब किसी न किसी तरह इस नॉरसिज्म के भयावह रोग से ग्रस्त हैं..और अपना सारा जीवन एक ऐसे आभामण्डल के निर्माण में गुजार देते हैं जिसकी रोशनी के तले हम हमेशा चमकदार नज़र आते रहे। अपने इस आभामण्डल की रचना में हम वे सारे प्रयास करते हैं जो हमारे वश में होते हैं। हमारी शिक्षा-दीक्षा, हमारी पद-प्रतिष्ठा, हमारे रिश्ते-नाते, रहन-सहन, खान-पान, उत्सव आदि तमाम चीजें सिर्फ और सिर्फ अपने आभामण्डल की रोशनी को अति चमक प्रदान करने के जतन मात्र होते हैं...और अगर इन तमाम प्रयत्नों के बाबजूद यदि ऐसे आभामण्डल की रचना में हम नाकाम होते हैं तो झूठ-फरेब, छल-कपट, लाग-लपेट या अपने बड़बोलेपन से एक भ्रम के आभामण्डल को अधिक कीर्ति प्रदान करने के जतन करते हैं। यदि इतना करने पे भी हम हमारे वाञ्छित लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाते..तो हमें अपने आगोश में लेता है- अवसाद...और जीवन उद्देश्यरहित और बोझिल जान पड़ता है। इस तरह तनाव से शुरू हुई प्रक्रिया अंत में तनाव पे आके ही विराम पाती है। जीवन में हर किसी को अपने आभामण्डल के टूटने का दंश सहना पड़ता है..और जितना बड़ा इस आभामण्ल का रूप होगा, उतना ही गहरा इसके टूटने से पैदा होने वाला अवसाद होगा।

जैनदर्शन की वीतरागता, गीता की स्थितप्रज्ञ की संकल्पना या ओशो की संबुद्धि..यूँ तो एक-दूसरे से काफी विरुद्धात्मकता को लिये हुए हैं..किंतु तीनों ही एक बात की सर्वसामान्य ढंग से पुष्टि करते हैं...वो है अनुकूल या प्रतिकूल परिस्थितियों में समता भाव का होना। लेकिन यही साम्यभाव व्यक्ति अपने जीवनकाल में हासिल नहीं कर पाता। तनिक सी उत्तम परिस्थितियां उसे अहंकार के आगोश में इतना ऊपर उठा देती हैं कि वो अपने यथार्थ से कोसों दूर चला जाता है..और तनिक सी विषम परिस्थितियाँ उसे इस कदर खेद-खिन्नता से भर देती हैं कि वो अपने प्राणांत करने से भी नहीं हिचकता। प्रसिद्ध विद्वान डॉ हुकुमचंद भारिल्ल के शब्दों में बात कहूँ तो- निंदा की गर्म हवाओं से इसे क्रोध की लू लग जाती है और प्रशंसा की ठंडी हवाओं से इसे अभिमान का जुकाम हो जाता है। इन दोनों ही परिस्थितियों में स्वस्थ का तो ह्रास होता ही होता है।

निश्चित तौर पे स्वयं से हमें प्रेम करना चाहिये..किंतु उस प्रेम का ग्राफ इस कदर अंधता ग्रसित न हो जाए कि हमें हमारे आसपास किसी चीज़ की हस्ती नज़र आना ही बंद हो जाये। आत्मविश्वास और अहंकार में एक बाल बराबर का ही फर्क होता है..अपनी आत्मिक हस्ती की स्वीकृति या अपने वास्तविक आत्मबल की पहचान से आत्मविश्वास पैदा होता है..इसके अलावा अन्य बाहरी किसी भी आडंबर की प्राप्ति सिर्फ अहंकार को जन्म देती है। चाहे वो रुपया-पैसा हों, चाहे रूप-लावण्य हो या फिर पद-प्रतिष्ठा..इन तमाम चीज़ों की उपलब्धि में हमें ये बात नहीं भूलना चाहिए कि इनसे निर्मित आभामण्डल चाहे कितना भी चमकदार क्यों न हो..पर वो निश्चित ही नष्ट होगा और उसमें अवश्यंभावी परिवर्तन होगा। किंतु यही परिवर्तनीय, जड़ और तुच्छ पदार्थ एक भ्रम का आभामण्डल, मिथ्या अहंकार और अंधी आत्ममुग्धता को जन्म देते हैं।

मान-प्रतिष्ठा को इस कदर तवज्जों दे दी गई है कि उसके समक्ष तमाम संस्कार, मर्यादाएं, चारित्रिक उज्जवलता किसी गर्त में फेंक दिये गये हैं..और आज मान-प्रतिष्ठा का पैमाना भी सिर्फ पैसे पर केन्द्रित हो गया है। इस चकाचौंध संयुत वातावरण में मानवीयता की बात ही दुर्लभ है तो फिर दैवीयता की बात कैसे की जा सकती है? जब से हमने प्रतिष्ठा को बाजारू बना दिया है बस तभी से इस अमूल्य वस्तु का मोल बड़ा तुच्छ हो गया है..क्योंकि तुच्छ वस्तुओं के ही भाव बड़ते हैं..महान् चीज़ें तो प्रायः अमूल्य ही होती हैं। आज इंसान बड़ा आदमी कहलाना पसंद करता है..बजाय कि भला आदमी कहलाने के। इस संपत्ति कृत अंधी आत्ममुग्धता के चलते इंसान ये बात भूल गया है कि "हमें सिर्फ अपने चरित्र की रक्षा करनी चाहिये..उस चरित्र के प्रताप से पैदा प्रतिष्ठा हमारी रक्षा अपनेआप कर लेती है।" 

कितना कुछ कहा जा रहा है, कितने आयोजन-नियोजन किये जा रहे हैं, रिश्तों के हजारों लिबास हम ओड़ते जा रहे हैं, बुद्धि और मन के अंतर्द्वंद से निरंतर काफी कुछ निकलकर बाहर आ रहा है..लेकिन ये सारी चीज़ें मिलके सिर्फ उस भ्रम के आभामण्डल को आकार देने में ही व्यस्त हैं। लोग स्वयं अपने दुर्भावों और दुराचारों से अगर परेशान भी हैं तब भी वे अपने उस आभामण्डल को चमकदार साबित करने के जतन में ही लगे हुए हैं..उनकी अंधी आत्ममुग्धता उन्हें उनका ही यथार्थ नहीं देखने देती। ऐसा लगता है इस चमक-दमक के युग में सिर्फ लोगों के ज़िस्म की बाहरी दीवारों पे डिस्टेंपर पोत दिया गया है..रूह की अंदरूनी दीवारों की परतें या तो उधड़ चुकी हैं या फिर उनपे दीमक लग गई है। हाथी के सिर्फ 'दिखाने वाले दाँतों' की ही सत्ता स्वीकृत है उसके 'चबाने वाले दांतों' की हस्ती से ही इंकार कर दिया गया है...और सभी उन 'दिखाने वाले दाँतों' को ही चमकदार बनाने के जतन में लगे हैं। इसलिये सब दिखाबटी और नकली हो गया है।

बहरहाल, ये कोरी दार्शनिक बातें नहीं हैं...ये एक यक्ष प्रश्न है हमारा आत्ममूल्यांकन करने के लिये। मैनें ये सब बातें कही हैं इसका मतलब ये नहीं कि मैं इस भ्रमित, मिथ्या यथार्थ से ऊपर उठ गया हूँ। मेरे जीवन के कई पहलू भी शायद ऐसे ही आभामण्ल और अहंकार से युक्त हैं और इस वजह से मुझमें भी ऐसी ही आत्ममुग्धता है। किंतु अपने इस भ्रमित आभामण्डल से परे उठके अपनी वास्तविक पहचान को पाने की दिली तमन्ना है...भले किसी के लिये ये महज़ कोरी फिलोसफिकल बातें हों पर मेरे लिये ये बातें बहुत मायने रखती हैं...इसलिये अपनी तमाम क्रियाओं के बीच ऐसी खोज भी ज़ारी है। आपकी इस विषय में अपनी पृथक विचारप्रणाली हो सकती है और उससे मुझे कुछ ऐतराज भी नहीं है........