Friday, October 11, 2013

नारी के प्रति हमारे नज़रिये का आत्मावलोकन

आज सारा विश्व कन्या शिशु दिवस या गर्ल चाइल्ड डे मना रहा है। सन् 2011 से सैंकड़ो दिवसों की तरह संयुक्त राष्ट्र के द्वारा अब एक और दिन को मनाया जाने लगा है। लेकिन आज एक यक्ष प्रश्न हम सब के सामने है कि समाज में नारी की स्थिति सुधारने के उद्देश्य से शुरु हुआ ये दिवस भी कहीं महज़ सेमिनार और चर्चाओं तक ही तो सीमित नहीं रह जायेगा। या फिर असल में ये समाज में सदियों से व्याप्त नारी के प्रति निर्मित दकियानूसी दृष्टिकोण के बदलने में अपनी भूमिका निभाएगा। इन सवालों के जवाब तो हमें वक्त आने पर ही मिलेंगे लेकिन कम से कम अभी हम नारी के प्रति व्याप्त समाज के वर्तमान दृष्टिकोण का तो आत्मावलोकन कर ही सकते हैं।

स्वामी विवेकानंद ने कहा था “समाज रुपी गरुड़ के स्त्री और पुरुष दो पंख होते हैं। यदि एक पंख सबल तथा दूसरा दुर्बल हो तो उसमें गगन को छूने की शक्ति कैसे निर्मित होगी।” इसमें कोई संदेह नहीं कि स्त्री-पुरुष एक ही गाड़ी के दो पहिये हैं। यदि एक भी पहिया कमजोर होगा तो गाड़ी आगे बढ़ेगी कैसे? लेकिन इतिहास गवाह है कि हमारे समाज का नारी के प्रति रवैया हमेशा भेदभावपूर्ण रहा है। नारी को जन्म से लेकर मरण तक समाज की दूसरी पंक्ति की शख्सियत बनकर जीना होता है। हमने सामाजिक ढांचे को कुछ इस कदर गढ़ा है जहाँ नारी खुद माहौल से ये सीख लेती है कि उसकी हस्ती हमेशा पुरुष के बाद ही है..और पुरुष के कारण ही उसका अस्तित्व है। अपने में आई इस हीन भावना का ही फल है कि वो कभी खुद को समतुल्य बनाने के लिये अपनी आवाज बुलंद नहीं करती और न ही कभी अपने साथ हो रहे इस दोहरे बर्ताव पर कोई शिकायत करती नजर आती। अगर ये समाज कदाचित् नारी की प्रशंसा करता भी है तो सिर्फ उसकी भूमिकाओं जैसे-माँ, पत्नी, बहिन या बेटी के रूप में ही प्रशंसा करता है किंतु कभी उसकी एक स्वतंत्र व्यक्तित्व के रूप में प्रशंसा नहीं की गई है।

कहने को हम आज ये जमकर राग आलाप रहे हैं कि आज नारी सशक्त हो रही है। उसकी उन्नति के लिये कई योजनाएं और कार्यक्रम आयोजित हो रहे है। हमने महिला के अधिकारों व कानूनी अधिकारों की रक्षा हेतु वर्ष 1990 में संसद के एक अधिनियम द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग की स्थापना की। स्थानीय स्तर पर महिला की भागीदारी बढ़ाने हेतु पंचायती राज और नगरपालिकाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया। महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करने के लिये केंद्र सरकार ने देश के प्रत्येक राज्य में महिला समाख्या सोसायटी का भी गठन किया। वर्ष 2001 को महिला सशक्तिकरण वर्ष के रूप में मनाया। लेकिन विडम्बना ये रही कि इन तमाम घोषणाओं के बाद इस पर कुछ विशेष कार्य नहीं हुआ। अगर कुछ हुआ भी है तो इस बात को मानना बड़ा मुश्किल है क्योंकि आज भी महिला अपनी परिस्थिति को ही अपने नियंत्रण में नहीं रख पा रही। कभी-कभी तो ये लगता है कि सशक्तिकरण की बात करना कहीं महिलाओं की तात्कालिक सनक तो नहीं है?
      
भारत की कुल जनसंख्या में लगभग 48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली महिला का जीवन बहुत कठिन और यातनापूर्ण बनकर रह गया है। आंकड़ो में यदि इस स्थिति को देखा जाये तो प्रत्येक 1000 पुरुषों पर 941 महिला हैं जिनका शैक्षणिक विकास प्रतिशत मात्र 54.16 है। भारतीय संसद में ये दस प्रतिशत भी नहीं है, प्रशासकीय-प्रबंधकीय व व्यवसायिक पदों पर मात्र 2.3 प्रतिशत और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में मात्र 20 प्रतिशत प्रतिनिधित्व ही है। ये आंकड़े साफ बता रहे हैं कि महिला वर्ग को किस तरह से समाज की विभिन्न गतिविधियों में हाशिये पर रखा जा रहा है। समाज में कन्या का जन्म मानो अभिशाप माना जाता है यही वजह है कि कन्या भ्रूण हत्या के मामले पिछले कई वर्षों से तेजी से बढ़ रहे हैं। पुत्र को परिवार की संपत्ति और पुत्री को दायित्व के रूप में समझने की मानसिकता सदियों पुरानी है। इस मानसिकता का ही प्रतिफल है कि समाज में बाल-विवाह, स्त्री अशिक्षा, दहेजप्रथा जैसी विसंगतियाँ नज़र आती हैं और नारी के विकास के समस्त वादे झूठे साबित होते हैं। अरस्तु का कहना था कि “किसी भी राष्ट्र की स्त्रियों की उन्नति या अवनति पर ही उस राष्ट्र की उन्नति या अवनति निर्भर है।” भारत जैसे राष्ट्र में जहाँ हमने अपने देश को भी भारत माँ कहा है, माँ भारती के उच्चारण के साथ हम गौरव का अनुभव करते हैं। ऐसे परिदृश्य में नारी अबला बनी है, अपनी प्रतिकूलता और दुर्दशा पर आँसू बहा रही है। ये राष्ट्र के कष्टदायक हालात को बयाँ करता है।
      
दरअसल आज सरकार या समाज की योजनाओं से ज्यादा ज़रुरी हर एक व्यक्ति की सोच में आमूलचूल परिवर्तन का आना है। हमें तमाम पुरातन मान्यताओं से ऊपर उठकर इस सदियों पुराने भेदभाव को ख़त्म करने के लिये दृढ़ संकल्पित होने की ज़रूरत है। नारी की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य अधिकारों में व्याप्त सभी तरह के पक्षपात को दूर करने की ज़रूरत है। कहते हैं कि यदि आप एक पुरुष को शिक्षित करते हैं तो मात्र वह पुरुष ही शिक्षित होता है परन्तु एक महिला को शिक्षित करते हैँ तो पीढ़ियां दर पीढ़ियां शिक्षित हो जाती हैं। अतः ज़रूरी ये भी है कि इधर-उधर दृष्टिपात करने की अपेक्षा ये उचित होगा कि महिलाएं स्वयं प्रेरणा से स्वसंगठित होकर आत्मशक्ति के आधार पर सशक्तिकरण की नवीन परिकल्पना की सूत्रधार बनें। इस काम के लिये परम्परावादी व्यवस्था को बदलना होगा, तस्वीर तभी बदलेगी। व्यवस्था को बदलने के लिये संपन्न महिलाओं को, संसाधनों से युक्त महिलाओं को समाज में आगे आकर असहाय, गरीब, अशिक्षित और पीड़ित महिलाओं की रक्षा करनी होगी। वास्तव में सशक्तिकरण का यही स्वरूप ही वास्तविक रूप में भारतीय समाज को नई दिशा दे सकेगा।
      
अगर हम चाहतें है कि देश को कई कल्पना चावला, सानिया मिर्जा, सायना नेहवाल, सुष्मा स्वराज या किरण बेदी जैसी सशक्त महिलायें मिले तो इसके लिये आवश्यक है कि समाज की मनःस्थिति को जड़ से परिवर्तित किया जाये। समाज में स्थित भेदभाव पूर्ण मानसिकता को प्राथमिक स्तर से दूर किया जाये और इसकी शुरुआत हर एक परिवार तथा हर एक व्यक्ति की सोच में बदलाव से ही संभव है। व्यक्तिविशेष की सोच में आये बदलाव से ही एक संतुलित समाज का निर्माण किया जा सकता है। एक ऐसा समाज जहाँ स्त्री-पुरुष एक दूसरे के पूरक या एक दूसरे पर आश्रित नहीं होंगे बल्कि एक दूसरे के कदम से कदम मिला, सहयोगी बन समाज के उत्थान की दिशा में कार्य कर सकेंगे।

      
ध्यान रखने वाली बात ये भी है कि महिला के प्रति दया या करुणा वाली सोच विकसित कर महिला के कल्याण के लिये हमें कार्य नहीं करना है बल्कि एक संतुलित और समानता वाला नज़रिया निर्मित कर महिला के विकास की ओर कदम बढ़ाना है क्योंकि कल्याण तात्कालिक और पराश्रित होता है जबकि विकास जीवंत और स्वाश्रित।

Tuesday, October 8, 2013

मेरे लिये 'द्रविड़' और 'सचिन' की विदाई के मायने..

चैंपियंस लीग T-20 का फाइनल मैच बरबस ही बेहद भावुक और अतीत की जुगाली के लिये मजबूर करने वाला बन गया। कहने को तो ये महज राजस्थान रॉयल्स और मुम्बई इंडियंस के बीच, 15 करोड़ की इनामी राशि वाली एक प्रतिस्पर्धा की जंग थी..किंतु इसके साथ ही ये मैच, दो महान् अंतर्राष्ट्रीय क्रिकटरों के एकसाथ मैदान पे खेलने का आखिरी लम्हा भी था। बस इसी वजह से इस मैच का परिणाम, एक भारतीय दर्शक होने के नाते बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता। दरअसल ये दो खिलाड़ियों की नहीं बल्कि क्रिकेट की दो प्रवृत्तियों की विदाई का वक्त था..और साथ ही ये पल मुझे इस बात का भी अहसास करा रहे थे कि मेरा बचपन अब वाकई ख़त्म हो चुका है..और ज़िंदगी के नये दौर में प्रविष्ट हो चुका हूँ।

संभवतः 1998 का उत्तरार्ध होगा, जबसे मैंने क्रिकेट देखना शुरु किया था क्योंकि इससे पहले तक दूरदर्शन पे मेरे पसंदीदा कार्यक्रमों की जगह यदि क्रिकेट आता था तो बड़ी चिड़ छूटती थी। उम्र महज़ दस साल..और इस उम्र में क्रिकेट के गहन शास्त्रीय ज्ञान होने का तो सवाल ही नहीं उठता। इसलिये क्रिकेट से ज्यादा खिलाड़ियों को देखा करते थे...अजय जड़ेजा, अजहरुद्दीन, सचिन, सौरव, राहुल, श्रीनाथ और कुंबले वाला दौर था..एक-एक कर सब विदा होते रहे, पर इन सबकी विदाई से कभी वो अहसास नहीं जागा जो अब पैदा हुआ है...क्योंकि तब तक हमेशा दिल को ये पता होता था कि सचिन, सौरव और राहुल तो है न। फिर इन सितारों ने भी एक-एक कर क्रिकेट के अलग-अलग फॉरमेट को अलविदा कहना शुरु कर दिया..तब थोड़ी टीस मन में पैदा हुई पर ये सुकून था कि ये आईपीएल जैसी प्रतिस्पर्धा में तो शिरकत करेंगे ही..पर अब इनकी इस बचे-खुचे क्रिकेट से भी विदाई हो रही है..और साथ ही बचपन की वो तमाम यादें, अब मस्तिष्क में आ ऊहापोह मचा रही है जो इन क्रिकेट सितारों से जुड़ी हुई हैं...इन यादों में कई ख़ुशी के पल हैं तो कई ग़म के भी। कई बार इन सितारों को सिर-आँखों पे बैठाया है तो कई बार इन्हें जमके गरियाया भी है। क्रिकेट कभी सचिन और द्रविड़ के बगैर भी हो सकता है ऐसा तो कभी स्वपन में भी ख़याल नहीं आता था।

1999 के वर्ल्डकप का वो पल..जिस वक्त टीम को अगले दौर में पहुँचने के लिये एक अदद जीत की सख्त ज़रूरत थी, तब सचिन अपने पिता के देहांत के बाद इंग्लैण्ड लौटके केन्या के खिलाफ बेहतरीन शतक लगाते हैं और टीम को जिताके अगले दौर में लेके जाते हैं..ऐसा लगता है मानों सचिन के करीब जाके उसके मस्तक को चूम लिया जाये। इस मैच में दूसरे छोर पे राहुल द्रविड़ ही खड़े थे और उन्होंने भी इस मैच में शतक लगाया था, यही नहीं इसके अगले मैच में गांगुली के साथ भी त्रिशतकीय साझेदारी में राहुल ने अपने करियर का उच्चतम स्कोर बनाया था। 2001 का कोलकाता टेस्ट भला किसे याद न होगा जिसमें वीवीएस लक्ष्मण के साथ रिकॉर्ड साझेदारी में द्रविड़ ने एक संयमित जीवटता के साथ बल्लेबाजी की थी और आस्ट्रेलिया के लगातार 16 टेस्ट विजय रथ को रोका था। ऐसी दर्जनों यादें इन दो महारथियों के साथ जुड़ी हुई हैं। 2003 के आस्ट्रेलिया दौरे में सचिन के आस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार तीन बार शून्य पे आउट होना.. जिस वक्त सारे देश में उनके रिटायरमेंट की नसीहतें दी जा रही थी लेकिन उसके बाद लाजवाब 241 रन की पारी जिसने सारे धुरंधरों की बोलती बंद कर दी थी। 2003 का वर्ल्डकप, 1998 का टाइटन कप तो सचिन की चर्चा के बगैर हमेशा ही अधूरा रहेगा। इसी तरह टेस्ट क्रिकेट में द वॉल के नाम से मशहूर द्रविड़ की उबाऊ मगर दमदार पारियाँ हर भारतीय क्रिकेटप्रेमी का सीना फ़क्र से ऊंचा करने वाली रही हैं।

मुझे अच्छी तरह याद है जब 2001 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट रैकिंग में टॉप थ्री में सौरव, सचिन और द्रविड़ विराजमान रहा करते थे..और इसी वक्त गेंदबाजी में टॉप 20 में तक कोई नहीं था। उस दौर में भारतीय टीम की कमज़ोर कड़ी गेंदबाजी ही हुआ करती थी और इसी वजह से टीम को कई मैंचों में हारना पड़ता था..लेकिन तब भी सिर्फ इन तीनों की बल्लेबाजी देखने के लिये हम मैच देखा करते थे..और इन तीनों के आउट होने के बाद, इन्हें भला-बुरा कह टीवी बंद कर दिया कर देते थे क्योंकि हमने इन्हें एक आम इंसान मानना बंद कर दिया था और इनमें कोई दैवीय कल्पना हम कर बैठे थे। ऐसे में गर हमारा देव ही उम्मीदों पे ख़रा न उतरे तो गुस्सा आना स्वाभाविक था। स्कूल से बंक मारना, सड़कों पे घंटो किसी दुकान पे खड़े-खड़े मैच देखना या इनकी बल्लेबाजी देखने के लिये खाने-पीने की सुरत भी भूल जाना..ये सारी चीज़ें इन सितारों की वजह से थी।

युवराज, सहवाग, जहीर, हरभजन जैसे सितारे जब शैशव अवस्था में अपनी क्रिकेटीय पारी की शुरुआत कर रहे थे तब ये पुरोधा शिखर पे स्थापित थे...और युवराज, धोनी, सहवाग की चमक के काल में भी हम हमेशा सचिन, द्रविड़ के रिकॉर्ड बनने की दुआ किया करते थे। उस नाजुक उम्र में ये सितारे, महज खिलाड़ी नहीं बल्कि घर-मोहल्ले के सदस्य जैसे लगा करते थे...और अब जबकि इनकी विदाई होते देख रहे हैं तो दिल को ये यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि अब टेस्ट क्रिकेट में लड़खड़ाती पारी को संभालने कौन संकटमोचन आयेगा..या किसके स्क्वैयर ड्राइव या स्वीप शॉट देख के हम तालियाँ बजायेंगे। यद्यपि ये सच है कि किसी के जाने से कुछ नहीं रुकता..और शो चलता रहता है। कल इनके भी रिकॉर्ड टूटेंगे, कल कोई इनसे भी बेहतर खेलने वाला आएगा और नये सितारों की चमक में ये पुराने सितारे धूमिल हो जायेंगे..लेकिन मेरे या मेरी पीढ़ी के उन तमाम दर्शकों के लिये अब किसी भी क्रिकेटर की चमक, चाहत पैदा नहीं करेगी क्योंकि हमारे ज़हन में ये सितारे अपनी चौंधियाती आभा और रोशन छवि बिखेरे हुए हैं..अंतस का एक हिस्सा इनकी विदाई के साथ ही मुरझा जायेगा क्योंकि हृदय के उस हिस्से ने सिर्फ इन्हें ही चाहा है..हमारे लिये क्रिकेट की परिभाषा सचिन और द्रविड़ से अलग हो ही नहीं सकती। 

अंत में दो पंक्ति याद कर अपनी बात ख़त्म करूंगा..
तुम्हारे जाने से, अब एक वरक् पलट जायेगा।
वो एक आसमाँ, कहीं से सरक जायेगा।।

Saturday, October 5, 2013

वर्चुअल विश्व की हरियाली बनाम यथार्थ की कड़वाहट

'मेरे फेसबुक में 1000 मित्र हैं', 'मेरी नई DP को 200 लोगों ने लाइक किया', 'वी चैट पे मेरी 15 महिला मित्र हैं' या 'ट्विटर पे मुझे 2000 से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं' ये कुछ संवाद हैं जिन्हें आजकी जनरेशन बड़े ही चटकारे लेकर प्रस्तुत करती है...अपनी ज़िंदगी का अधिकतम वक्त शायद इसी 'आभासी दुनिया(Virtual World)' में खर्च हो रहा है...आज हमारी मोहब्बत, बुजुर्गों के लिये इज्जत, देशभक्ति, विद्वत्ता या भोगआकांक्षायें सब कुछ आभासी विश्व की चरणवंदना कर रहा है। गोयाकि धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष; हमारे तमाम पुरुषार्थ आभासी हो चुके हैं। वर्चुअल विश्व ही हमारे ग़म की वजह है और यही खुशी का कारण।


अब पारंपरिक पुस्तकालयों में भीड़ नहीं लगा करती...कोयल या गोरैया का गुनगुनाना सुकून नहीं देता, बगिया में खिले हुए फूलों या आसमाँ के तारों को देख हमें कोई कविता नहीं सूझती..पर्वत की नीरवता, नदी की कलकल या बारिश की फुहारें; रुह को ठंडक नहीं पहुंचाती...शाम को बूढ़े नीम के नीचे बुजुर्गों की महफिलें नहीं जमा करती और न ही दादी-नानी की कहानियाँ हमारे शिक्षा के स्त्रोत होते हैं...गाँव की सड़कों पे घूमता अल्हड़ बहरूपिया या बंदर को नचाता मदारी, अब मस्ती का पैमाना नहीं रहे हैं..और न ही अब बच्चे राष्ट्रीय त्यौहारों पे, अपनी स्कूल ड्रेस की शर्ट वाली जेब में तिरंगा लगाये प्रभात फेरी में हिस्सा लेते दिखाते हैं। जिंदगी के सारे मनोभावों पे वर्चुअल विश्व का एकछत्र साम्राज्य है।

बड़ा आश्चर्य होता है जब कभी-कभी मैं लेट नाइट अपने शोधकार्य की थीसिस पे काम करने के बाद कुछ देर को अपना फेसबुक अकाउंट चैक करता हूँ (क्योंकि कुछ हद तक मैं भी इसका गुलाम सा बन बैठा हूँ) और सैंकड़ो लोगों को ऑनलाइन पाता हूँ। ये सारे नाइटराइडर्स किसी नए शख्स को ऑनलाइन देख, झट से उसके इस्तकबाल में लग जाते हैं..मानो वे पलक-पांवड़े बिछाके वाट ही जोह रहे हो किसी अनजान से गुटरगू करने की। आज ऑफिस में काम करते वक्त, कॉलेज में स्टडी करते वक्त या किसी सुहाने सफर के दौरान भी लोग; पलभर के लिये इस सायबर संजाल से खुद को दूर नहीं कर पाते..और इस आभासी विश्व से दूरी, उन्हें श्वांस बगैर ज़िंदगी सी जान पड़ती है और लगता है मानो रग़ों में से लहू सूख रहा हो। असल परेशानी इन सोशल नेटवर्किंग साइट्स का प्रयोग करने की या अनजाने लोगों से मित्रता बढ़ाने की नहीं..बल्कि परेशानी ये है कि इस आभासी विश्व के चलते हम अपने यथार्थ से कोसों दूर जा रहे हैं और अब हमारे लंच या डिनर के वक्त डाइनिंग टेबिल पे, प्रायः परिजनों के समक्ष खामोशी पसरी रहती है और फेसबुक, ट्विटर, वाट्सएप या वीचैट पे हम अपनी मिलनसारिता दिखाते रहते हैं।

यथार्थ हमें बेहद कड़वा और उबाऊ लगने लगा है..और इस यथार्थ में हम न किसी तरह का कोई फीडबैक देते हैं और न ही कोई फीडबैक पाना ही चाहते हैं। मानो हमारा अस्तित्व अब सिर्फ वर्चुअली ही रह गया है और असल ज़िंदगी में हम मर चुके हैं। लंदन, अमेरिका, कनाडा, जापान में बैठे लोग हमारे दोस्त है जिन्हें न हम कभी मिले हैं और न ही जिन्हें हम ठीक से जानते हैं लेकिन हमारे पड़ोस में रहने वाले अधेड़ उम्र के ताऊ या घर के सामने गूँजने वाली नन्ही किलकारी से हम अनजान है..और हर रोज़ जिनका दीदार तो हम कर रहे हैं पर उनका हाल जानने के लिये हमारे पास वक्त नहीं है। कभी-कभी समझ नहीं आता कि वर्चुअल विश्व के इस फैलाव के बाद इंसान का स्वभाव अंतर्मुखी हुआ है या फिर बहिर्मुखी...क्योंकि जितनी बातें हमें फेसबुक स्टेटस अपडेट करते वक्त, किसी फोटो पे कमेंट करते वक्त या अजनबियों से चैट करते वक्त आती हैं क्या उतनी बातें हमें अपने यथार्थ जीवन में भी आती है...हमारी बातों या हमारे व्यक्तित्व का आकलन अब वर्चुअल विश्व के लाइक्स और कमेंट्स ही तय करते हैं।

इस वर्चुअल विश्व पे हम अपने खाने-पीने, घूमने-फिरने, यहाँ तक की हगने-मूतने तक की अपडेट्स लगातार देते रहते हैं पर अफसोस घर में हमारे माँ-बाप को ही हमारे घर से बाहर रहने का सही कारण मालूम नहीं होता। अब प्यार में ब्रेकअप होने पर हम हमारे ज़िगरी दोस्त का कंधा नहीं तलाशा करते..बल्कि इस नितांत वैयक्तिक चीज़ के लिये भी हमें आभासी विश्व की प्रतिक्रिया की ज़रूरत है। सेना पे शहीद हुए जवान को श्रद्धांजलि देना हो या शिरडी वाले सांई के प्रति भक्ति प्रदर्शित करना हो..यहाँ भी हम महज एक फोटो पे लाइक या कमेंट कर, खुद के देशभक्त और श्रद्धालु होने का प्रमाण प्रस्तुत कर देते हैं। हमारी राजनीतिक समझ, देश की समस्याओं पे हमारी बौद्धिक जुगाली या मोहब्बत के बड़े-बड़े शैक्षिक पाठ; सब कुछ एक स्टेटस या कमेंट्स तक सिमट गये हैं..और यथार्थ की समूह वार्ताएं जाने कहाँ गुम हो गई हैं।

निश्चित ही सोशल नेटवर्किंग साइट्स ने सूचनाओं को एक लोकतांत्रिक स्वरूप दिया है जो कि लोकतंत्र और समाजवाद के लिये एक अहम् कदम है..पर इस आभासी दुनिया के चलते हमारी बौद्धिकता और भावनाएं बड़ी भ्रामक और मिथ्या हो गई है..जिसके कारण भले हम सूचनाओं को एक लोकतांत्रिक स्वरूप प्रदान कर रहे हैं पर सच्चे अर्थों में लोकतंत्र और समाजवाद को ही नहीं समझ पा रहे हैं क्योंकि लोक और समाज का साकार स्वरूप हमें कड़वा लगता है और उसके आभास में हमें हरियाली नज़र आती है।

आज विज्ञान के आविष्कारों ने हमें वर्चुअली जीना तो सिखा दिया है..अब मुझे डर है कि कहीं हमारी मौत और उस मृत्यु का मातम भी इसी तरह वर्चुअली तो नहीं हो जाएगा। अन्यथा इंटरनेट पे ही हम मरेंगे..इस पे ही कहीँ दफना दिये या जला दिये जाएंगे..और किसी वर्चुअल 3D फॉरमेट में बहती हुई गंगाजी की इमेज में हमारी वर्चुअल अस्थियां सिरा दी जाएंगी।

Saturday, September 28, 2013

जायकेदार "लंचबॉक्स"

तकरीबन एक हफ्ता बीतने को है जब मैंने रितेश बत्रा निर्देशित इस फिल्म को देखा था...लेकिन इस 'लंचबॉक्स' का टेस्ट कुछ ऐसा है कि एक हफ्ता बीतने के बाद भी इसके टेस्ट को महसूस किया जा सकता है और कई बार किसी बेहतरीन जायके को खाते वक्त उसकी जो महिमा आती है उससे कही ज्यादा महिमा उसे पूरा खत्म करने के बाद अनुभूत होती है वैसा ही कुछ 'लंचबॉक्स' के साथ है।

संवेदनाओं और महीन अनुभूतियों से कदमताल मिलाते आगे बढ़ती इस फिल्म के कथ्य से आप बरबस ही चिपक से जाते हैं और प्रस्तुतिकरण कुछ ऐसा है कि सभी पात्र और घटनाएं अपने आसपास की सी प्रतीत होती हैं। फिल्म का सारा कथानक महज साढ़े पाँच पात्रों के ईर्द-गिर्द घूमता नज़र आता है और इन साढ़े पाँच किरदारों ने ही मनोरंजन का वो संमा बांधा है कि अच्छी-अच्छी मल्टीस्टारर फिल्में पानी मांगती दिखाई पड़े। जिन्होंने इस फिल्म को देखा होगा वो निश्चित ही अचंभित होंगे कि भला साढ़े पांच किरदार भी कहाँ है इस फिल्म में..लेकिन मैंने इन साढ़ें पाँच किरदारों की बेहतरीन भूमिका के चलते ही फिल्म का असंख्य आनंद अनुभव किया है। एक अधेड़ उम्र के आदमी के किरदार में इरफान ख़ान, एक तन्हा पत्नी के किरदार में निरमत कौर, फर्नांडीज (इरफान ख़ान) के मित्र का किरदार निभा रहे नवाजुद्दीन सिद्दकी तथा इनके साथ ही फिल्म का चौथा पात्र खुद मुंबई शहर, पाँचवा टिफिन का डब्बा और आधा मगर दमदार किरदार निभाती अदृश्य देशपांडे आंटी, जिनकी महज आवाज से ही हम रुबरू होते हैं। 

भीड भरे मुंबई जैसे कई हाईटेक शहरों में.. जहाँ एकतरफ विशाल जनसैलाब पसरा हुआ है, मनोरंजन के हाईटेक साधन फैले पड़े हैं, चौड़ी सड़कें, ऊंची इमारतें और अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाईयाँ देते अनेक उद्योग भरे पड़े हैं..पर इस सघन फैलाव के बीच इन शहरों में बिखरी है कभी न ख़त्म होने वाली तन्हाई...अकेलापन, लाचारी, बेवशी और अपनों के बीच ही हर क्षण सर्प की भांति डसती खामोशी तथा अजनबीपन का भाव। जहाँ गर जुवाँ है तो उनमें लफ्ज़ नहीं है, गर लफ्ज़ हैं तो उनमें अर्थ नहीं है और गर अर्थ हैं तो वे भावनाओं से शून्य हैं। बौद्धिकता निरंतर अपने चरम को छू रही हैं पर अनुभूतियाँ कालीन के नीचे तड़फड़ा रही हैं। उन अनुभूतियों को ही दूर कहीं से तलाशने के सफर में निकल पड़ता है 'लंचबॉक्स'। ये लंचबॉक्स पहले पेट को संतृप्त करता है और फिर उस रास्ते से ही दिल में दस्तक देता है..क्योंकि कहा जाता है कि आदमी के दिल का रास्ता पेट से होकर ही गुजरता है। 

इस भीड़ भरे सूने बीहड़ में लाखों महिलाओं की तरह इला (निरमत कौर) भी शुमार है..जिसकी शादी को कई बरस बीत चुके हैं पर अब उसका अपने पति से रिश्ता, महज उसके लिये लंचबॉक्स पैक करने तक सिमट कर रह गया है..उसके पास अपने पति के आलिंगन का इकलौता ज़रिया, पसीने की गंध लिये पति के वो कपड़े हैं जिनकी महक वो अक्सर उन्हें धोते वक्त लेती है..और इस महक के बीच ही उसे अपनी सौत की महक आ जाती है और अपने एकाकीपन, पति की बेरुखी व अपने प्रणयनिवेदनों को ठुकराये जाने के कारणों से वो वाकिफ हो जाती है। सालों से अपने पति के मुख से तारीफ के दो लफ्ज़ सुनने को बेकरार, इस तन्हा पत्नि को उसके हुनर की तारीफ और अपने अकेलेपन का साथी मिलता है...तो कुछ वक्त के लिये उसके जीवन में भी बसंत की बहार का सा अनुभव होता है। एकाकीपन में मिले ऐसे तमाम साथ कब हमारी आदत औऱ फिर जिंदगी बन जाते हैं, हमें खुद पता नहीं चलता। बिना मिले, बिना देखे, बिना जाने एक अनजान व्यक्ति अपने निकट के लोगों से भी ज्यादा अपना लगने लगता है और आसपास के लोग बेगाने नज़र आने लगते हैं। लंचबॉक्स में चिट्ठियों की अदला-बदली के बेहतरीन दृश्य, आज के हाईटेक टेलीकम्युनिकेशन वाले युग को पारंपरिक माध्यमों के द्वारा मूँह चिढ़ाते से नज़र आते हैं। 

वहीं एक अधेड़ उम्र के पुरुष साजन फर्नांडीज़ (इरफान ख़ान), जिसकी जिंदगी अब सिर्फ अपने ऑफिस और सूने घर के बीच किसी यंत्र की तरह डोल रही है। जिसके पास न कोई ऐसा शख्स है जो ऑफिस जाते वक्त उसको टिफिन लगाकर रवाना करे और न ही घर में कोई ऐसा है जो उसके वापस लौटने का इंतज़ार करे। हर रात अपनी तन्हाई में वो अपने सामने वाले घर की चहल-पहल को निहारता है जो उसके एकाकीपन को हर रात तमाचा मारती है..इन हालातों में इंसान अंधेरा तलाशता है क्योंकि उजालों में अक्सर तन्हाई के जख्म नज़र आने लगते हैं और वैसे भी जब ज़हन में गहन अंधकार छाया हो तो भला कौन निगाहों के सामने रोशनी देखना पसंद करेगा। लेकिन लंचबॉक्स इस इंसान के जीवन में भी कुछ पल के लिये खुशहाली लाता है..और बंजर हो चुकी दिल की जंमी पे फिर प्रेम की पींगे फूटती हैं।

प्रेम का ये नवांकुर निश्चित ही आनंद देता है..लेकिन उस अंकुर को पल्लवित होने के लिये उपयुक्त माहौल की बेहद दरकार होती है। इला और फर्नांडीज दोनों ज़िंदगी के उस दौर में खड़े हैं जहाँ उनकी स्वयं की अंतरात्मा और समाज उन्हें प्रेम को पल्लवित करने की इजाजत नहीं देता। प्रेम एकबार फिर मंजिल बन पाने में नाकाम ही होता है क्योंकि मंजिल पे पहुंचना प्रेम की फितरत नहीं है। एकाकीपन शाश्वत है और प्रेम-प्रदत्त खुशहाली क्षणिक। एकबारगी इन दोनों एकाकी पात्रों के मन में भौतिकता को दरकिनार कर प्रेम की आध्यात्मिकता को साकार करने का साहसी विचार आता है..पर यथार्थ के आईने में जब हालातों का दर्शन होता है तो अपने उस विचार का गला घोंटने पे उन्हें मजबूर होना पड़ता है। ये हिन्दुस्तान की 'सकल घरेलु उत्पाद' वाली अवधारणा से दूर, भूटान की 'सकल घरेलू खुशहाली' वाली विचारणा का आलिंगन करना चाहते हैं पर जल्द ही दोनों इस बात से वाकिफ हो जाते हैं कि GDP यथार्थ है और GNH (Gross National Happiness) एक स्वपन।

बहरहाल, एक अनजानी तलाश से शुरु हुई फिल्म, उसी अनजानी तलाश के साथ ही ख़त्म हो जाती है पर हमारी जिंदगी के कई संवेदनात्मक सुप्त पहलुओं को हिलाकर जगा जाती है। कमाल की कवितामयी प्रस्तुति है शायद इसी वजह से कई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में ये सराही गयी है। फिल्म के सभी पात्रों के अभिनय में उत्कृष्टता की पराकाष्ठा देखी जा सकती है..और ये कई मुख्यधारा के पॉपुलर अभिनेता-अभिनेत्रियों के लिये अभिनय के स्कूल की तरह है। संवाद लाजवाब हैं..संवादों मे मौजूद विट ही हास्य का मुख्य जरिया है और संवाद ही भावनात्मकता को परोसने वाले मुख्य अस्त्र हैं। फिल्म में कोई गीत नहीं है और इस कथा को गीतों की ज़रूरत भी नहीं थी। स्क्रीनप्ले सीधा-सहज और फिल्म का प्रवाह अत्यंत सुदृढ़ है जिसके चलते हमें इंटरवल में मिला ब्रेक भी बाधा पहुंचाता सा नज़र आता है। बहुत कुछ कहना तो इस लघु समीक्षा में संभव नहीं है क्योंकि अनुभूतियों को लफ्जों में सर्वांगीणता से पिरोना बहुत मुश्किल होता है। 

अपनी रूह की भावनात्मक अभिव्यक्ति को लयबद्ध ढंग से सुनना है तो लंचबॉक्स को ज़रूर देखा जाना चाहिये..यकीन मानिये इस 'लंचबॉक्स' के जायके से आपको कतई अपच नहीं होगी।   

Monday, September 23, 2013

महानतम फिल्म ‘ग्रैंड मस्ती’ की सुलोचनात्मक समीक्षा

(अपने इस ब्लॉग पे अब तक कई समीक्षा मैंने लिखी हैं..क्योंकि ये मेरा पसंदीदा शगल है। लेकिन ग्रैंड मस्ती की समीक्षा करने का कतई मन नहीं था क्योंकि इसे मैं समीक्षा किये जाने के काबिल ही नहीं मान रहा था..फिर भी कुछ चीज़ें हैं जो मुझे कुछ कहने से नहीं रोक पा रही बस इसलिये मैं इस ब्लॉग पर इस बेबुनियाद, पतित, विध्वंसक, फूहड़ सी फिल्म पे एक पोस्ट आपके सामने पेश कर रहा हूँ...हाल ही में रिलीज़ हुई इस फ़िल्म "ग्रैंड मस्ती" का मैंने महज ट्रेलर देखा था और उस ट्रैलर से ही फिल्म की प्रकृति को भलीभांति समझा जा सकता है..ट्रैलर देखने के दौरान ही इसे न देखने का मेरा निर्णय था क्योंकि इस तरह की वाहियात फिल्मों का मैं धुर विरोधी हूँ..सार्थकता के प्रति मेरा तीव्र आग्रह है और सार्थक मनोरंजन का ही हिमायती हूँ..चैन्नई एक्सप्रेस यकीनन एक छद्म मनोरंजक फिल्म थी पर वाहियात नहीं थी..उस फिल्म की कमाई के आंकड़ो को देख, पहले ही मन व्यथित था और कुछ बची कसर को पूरा करने के लिये 'ग्रैंड मस्ती' के व्यवसायिक आंकड़े देखने की और देर थी...ऐसी फिल्मों का भारतीय जनमानस द्वारा पसंद किया जाना और दर्शकों के मनोरंजन व हास्य का ये पैमाना, गहन मंथन को मजबूर करता है..और वर्तमान की युवा पीढ़ी की इस पसंद में समाज के भविष्य का प्रतिबिम्ब बखूब नज़र आता है...हमें सोचना होगा कि हम आखिर किस चीज़ पे हँस रहे हैं, हमारे मनोरंजन की हर एक वजह पे मंथन ज़रूरी है।


 समाज का एक अहम् हिस्सा और इस प्रकृति में मानव की अर्धांगिनी का दर्जा रखने वाली नारी के प्रति दिखाये जाने वाले इस छद्म प्रस्तुतिकरण पर हमारे हाथों से बजने वाली तालियाँ तथा हमारी जेबों से निकल बॉक्स ऑफिस पे खर्च होने वाले रुपये..हमारी मानवता और नैतिकता का आखिर कैसा चरित्र प्रस्तुत करता है ये विचारना होगा...खैर मैंने ये फिल्म वाकई में नहीं देखी है पर लोगों और अखबारों से इसकी लोकप्रियता की झलकियाँ लगातार मिल रही हैं..सोशल नेटवर्किंग के इस संजाल पे एक बेहतरीन व्यंग्य इस फिल्म पे मिला है..इसे पढ़कर सिर्फ हंसियेगा नहीं बल्कि कुछ विचारिगा भी- प्रस्तुत है ग्रैंड मस्ती की सुलोचनात्मक समीक्षा- )


‘ग्रैंड मस्ती’ देखकर आज दिल भर आया! इस अनूठे
मील के पत्थर की अनुशंसा में देह के हर प्रकार के
भाव कुत्तों सी मुद्रा में फफक- फफक कर रो रहे हैं!
इस फिल्म से समस्त नारी जाति का जो सम्मान
बढ़ा है वो फिल्म इतिहास में हमेशा स्मरण
किया जाएगा, न केवल इस फिल्म में नारी के
भावों और आहों का हर एक कोण से
गरिमामयी चित्रण किया है बल्कि उसके अंग-प्रत्यंग
की भंगिमाओं का बड़े आध्यात्मिक तरीके से
प्रस्तुतिकरण किया गया है! नारी सशक्तिकरण और
नारी की स्वतंत्रता व उत्थान की दिशा में
क्रन्तिकारी कदम है!
एक और अनुकरणीय कदम शिक्षा के क्षेत्र में
भी देखने को मिला, इस महाचलचित्र में चाल, चलन व
चरित्र के अनूठे मोती पिरोये गए हैं जो कि यौन-
शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित करने के
सभी गुण रखता है! ABCD के नए नए
अर्थों को प्रस्तुत करके प्राथमिक स्तर पर बाल-
शिक्षा के प्रोत्साहन के लिए भी इसमें अथाह बल
प्रदान किया है!
कौन कहता है कि हमारे छात्र टाट पर बैठ टीन
की छत वाले विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करते हैं!
फिल्म के कॉलेज को बकिंघम पैलेस से भी श्रेष्ठ और
खूबसूरत दिखाकर निर्माता ने विश्व भर में
भारतीयों की शान को बढाया है और कॉलेज के प्रांगण
में कन्याओं को अधोवस्त्र पहनकर अध्ययन करने
आये हुए दिखाकर उसने ऐसे
फिसड्डी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने
के लिए लालायित करने का सफल प्रयास किया है
जो कंप्यूटर के सामने ही ऐसे महान
क्रिया कलापों की अग्न में मग्न रहते थे!
चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए भी यह
फिल्म भूरि-भूरि प्रशंसा के काबिल है! पूर्ण विश्वास
है कि जिन बुजुर्गों की रक्त धमनियों में रक्त जम
गया हो तो इस प्रेरणादायक चलचित्र को दिन में तीन
बार देखने पर वे हर प्रकार से चलायमान होंगे और
उनके जीवन में नव संचार होगा, नया सूर्य उदय
होगा, आयु-वृधि होगी!
इति श्री ग्रैंड मस्तियाय !! समस्त ठरकी-गण
को समर्पिताय !!