Monday, June 17, 2013

भ्रष्टतंत्र के चट्टे-बट्टे...!!!!


साहित्य की एक बहुत ही प्रसिद्ध कहावत बचपन से ही सुनते आ रहे हैं कि सब एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। इस कहावत को कभी भी सकारात्मक हालात को बताने में प्रयोग नहीं किया जाता और हमेशा ही इससे नकारात्मक हालात एवं व्यक्तित्व का ही चरित्र चित्रण किया जाता है। एक ही थैली के चट्टे-बट्टे आज तक ईमानदार, सच्चे, देशभक्त, आदर्शवादी नज़र नहीं आये, वे हमेशा ही चोर, ठग, दगाबाज, बेईमानी से ही लबरेज रहे हैं। देश के वर्तमान हालात में भी हम कुछ ऐसे ही सिस्टम के चट्टे-बट्टों के कारनामे सुन रहे हैं। इनकी तादाद कुछ इस कदर बढ़ गई है कि अब तंत्र के इन चट्टे-बट्टों को भ्रष्ट कहने से बात नहीं बन रही, सारे तंत्र को ही भ्रष्ट कहना पड़ रहा है।

आईपीएल के करोड़ो की घोटालेबाजी से मीडिया भरा पड़ा है और जैसे-जैसे इस घोटाले की परतें उखाड़ी जा रही है हर दिन नये-नये नाम सामने आ रहे हैं। अब तो डर लगा रहता है कि इन उधड़ती परतों में कहीं उस शख्स का भी ज़िक्र ना हो जाये जिसे हम रोलमॉडल माने हुए अब तक पूजते चले आ रहे थे। पिछले पांच सालों में घोटालों और भ्रष्टाचार के लगातार बढ़ते मामलों को सुनते-सुनते अब इसकी आदत कुछ ऐसी हो गई है कि अपने आसपास से भी भ्रष्टतंत्र की सड़ाध महसूस की जा सकती है। आश्चर्य होता है कि देश की सैंतीस प्रतिशत आबादी बड़े आराम से 32 रुपये प्रतिदिन से कम में अपना गुजारा कर लेती है और सत्ता में बैठे मुट्ठीभर लोगों को करोड़ो रुपयों की आय भी कम पड़ जाती है जो अपनी पैसों के लिये जन्मी हवस में ये नये-नये घोटालों को जन्म देते हैं।

अभी पूर्व रेलमंत्री पवन बंसल और विधिमंत्री अश्विनी कुमार की भ्रष्ट करतूतों की आग ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि विश्व के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड के सरदार श्रीनिवासन के कारनामों की फाइल खुलकर सामने आ गई। ऐसा नहीं है कि श्रीनिवासन के घर खाने के लाले पड़ रहे हों जो उन्हें कुछ पैसों के लिए अनर्गल सौदेबाजी करनी पड़े या उस सौदेबाजी में किसी का साथ दें, वे पहले से ही एक बड़े उद्योगपति है लेकिन बावजूद इसके उनका अपने दामाद मयप्पन के क्रियाकलापों से अनभिज्ञ रहना और अपने सर के नीचे हुई इस घोटालेबाजी में आंखें मूंदे खड़े रहने की बात कहना रास नहीं आती।

गत वर्ष अरविंद केजरीवाल और कैग प्रमुख विनोद रॉय ने एक के बाद एक कई धमाके कर सत्ताधीषों की पोलपट्टी खोली थी। कर्नाटक में रेड्डी बंधुओं के साम्राज्य को ध्वस्त होते हमने देखा, कर्नाटक में भ्रष्टाचार के चलते ही सत्तापरिवर्तन हुआ, नितिन गड़करी को भाजपा की कमान से हाथ धोना पड़ा ऐसे न जाने कितने उदाहरण हमारे सामने आये जिसमें हमने सत्ता के कर्णधारों के भ्रष्टाचार की आग में हाथ जलते देखे। बावजूद इसके इन वर्चस्वप्रधान लोगों की पद, प्रतिष्ठा और पैसे के लिए बेहिसाब भूख ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही और आये दिन वे अपने ज़मीर को गिरवी रख किसी न किसी भ्रष्ट षड्यंत्र में खुद को बड़े आराम से शामिल कर लेते हैं। आज हमारे लोकतंत्र के हालात बेहद भयानक दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। जहां मंत्रिमण्डल के आला हुक्मरान अपने-अपने विभागों में सामाजिक उत्तरदायित्व को भुलाकर पैसा कूटने में मशगूल हैं और विपक्ष भी इसके खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के बजाय न जाने क्यों चुप्पी साधे बैठा है। जिस ऊर्जा के साथ विपक्ष को इन मुद्दों पर स्वर मुखर करना चाहिए वो दिखाई ही नहीं देती। विधायिका की कमीज तो मैली है ही पर हमारी कार्यपालिका और देश के ब्युरोक्रेट्स भी इस भ्रष्टाचार की नाली में अपनी-अपनी सहूलियत के हिसाब से खुद के हाथ धोने में पीछे नहीं हट रहे। वहीं इस सारे तामझाम में न्यायपालिका का धीमा एवं लचर रवैया भी समझ से परे हैं। हालांकि इन सबमें कहीं-कहीं कुछ सुखद अपवाद भी है पर इतने बड़े तंत्र में वे नाकाफी हैं। लोकतंत्र के तीनों स्तंभ अपने कर्तव्यों से विमुख तो नजर आ ही रहे हैं पर इस तंत्र का चौथा स्तंभ भी अपाहिजों सा ही बर्ताव कर रहा है और ऐसा लगता है कि मीडिया भी इन हुक्मरानों द्वारा संचालित है। कई मीडिया समूहों और आला मीडियाकर्मियों का भ्रष्ट करतूतों में नाम उछलना पत्रकारिता की गरिमा को मटियामेट करने के लिये काफी है। आखिर ऐसे परिवेश में कौन भ्रष्टतंत्र के खिलाफ आवाज उठायेगा? अंधकार के घनघोर साये में किससे रोशनी की उम्मीद की जाये, जबकि सभी सद्चरित्र व शिष्टता का दीपक बुझाने पर आमादा हैं।

सत्ता के गलियारों से लेकर खेल के मैदानों तक में जो एक बात सर्वसामान्य ढंग से उजागर हो रही है वो है लोगों की निरंतर गिरती सांस्कृतिक अस्मिता और आकांक्षाओं की बेतहाशा बढ़ती आग में मूल्यों का राख हो जाना। संस्कृति की नियंत्रण शक्तियां पूर्णतः क्षीण हो चुकी है और सारा समाज ही दिग्भ्रमित या अन्य निर्देशित होता जा रहा है। यही वजह है कि अब तो अपने साये पर भी विश्वास करने का मन नहीं होता। उंचे पदों पर आसीन सत्ता के इन हुक्मरानों का इन दुर्दांत घोटालों में शामिल होना हमारे देश की संपूर्ण बुद्धिमत्ता पर प्रश्नचिन्ह लगाता है साथ ही ये हमारे तथाकथित आदर्शवादी शिक्षातंत्र पर भी तमाचा है क्योंकि ये तमाम दिग्गज हुक्मरान हमारे देश के बुद्धिजीवी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं और उच्च शिक्षित सोसायटी से आये हुए हैं। मूल्यों की स्थापना में हमारी शिक्षा पूरी तरह से असफल हो चुकी है और इस शिक्षातंत्र से डॉक्टर, इंजीनियर, आईएस, नेता, अभिनेता सब निकल रहे हैं पर एक अदद इंसान को पैदा करने में हमारा शिक्षातंत्र पंगू हो चुका है। वैसे भी सभ्यता के जन्म से लेकर हमारा ये इतिहास रहा है कि अजब-गजब भारत को कभी भी किसी अनपढ़, लाचार, गंवार इंसान ने नहीं लूटा। इसकी अस्मिता पर हमला करने वाले तथाकथित बुद्धिजीवी और सक्षम हुक्मरान लोग ही रहे हैं।

सब कुछ विज्ञापन और प्रसार केन्द्रित हो गया है हम वही मान रहे हैं जो हमें दिखाया जा रहा है नाकि वो जो असल में है। तंत्र की लचर पड़ी दीवारों पर समृद्धि का डिस्टेमपर पोतकर आदर्शवाद का भ्रम निर्मित किया जा रहा है और उसी दिखाई दे रहे भ्रम को सच मानकर हम आदर्श कल के सपने बुन रहे हैं। वक्त के साथ सत्ता बदल जाती है, व्यक्ति बदल जाता है, नये हुक्मरान आ जाते हैं पर हालात बदलने का नाम ही नही लेते। हर पांच साल बाद एक उम्मीद के साथ आम आदमी वोट देकर अपने कल के बदलने का सपना देखता है पर सत्ता की काली कोठरी में प्रविष्ट हुए उजले व्यक्ति को फिर उसी कालिमा में लिपटते हुए देखता है क्योंकि सभी उस एक ही थैली के चट्टे-बट्टे जो हैं। ये बड़े उत्साह और जोश के साथ अपने गम को भुलाने के लिये खेलों को देखता है पर यहां भी उस बेचारे को ठग लिया जाता है क्योंकि जिस खेल को अप्रत्याशित और हुनरमंदों का खेल मानकर वो तालियां पीट रहा था वो पहले से ही चंद पैसे वालों की उंगलियों पर नाच रहा है जहां सबकुछ फिक्स है।

ये विज्ञापन और प्रसार की शक्तियां हमारी मानसिकता को ही घात पहुंचा रही हैं जिनमें वशीकरण और सम्मोहन की अद्भुत शक्ति है। हम इनके वशीभूत होकर अपनी उत्पादकता जहां नष्ट कर रहे हैं वहीं हमार स्वतंत्र विचारशक्ति भी शून्य हो रही है। ये पैसों के बड़े-बड़े घोटाले सिर्फ आर्थिक स्तर पर ही चोट नहीं पहुंचाते बल्कि ये वैचारिक और भावनात्मक स्तर पर भी कड़ा प्रहार करने वाले हैं। प्रसार के इस बहाव में संस्कृति का फैलाव हो रहा है, सपनों को पंख लग रहे हैं, इच्छाओं की दाह प्रबल हो रही है लेकिन प्रश्न है कि आखिर इस फैलाव का परिणाम क्या होगा? हमारे सीमित संसाधनों का होने वाला ये अपव्यय घोर चिंता का विषय है।

भौतिक विकास की आंधी में होने वाले हमारी संस्कृति के इस ह्रास के चलते हम लक्ष्यभ्रम से पीड़ित हो चुके हैं। हम विकास के विराट लक्ष्यों से पीछे हट रहे हैं और झुठी तुष्टि के तात्कालिक लक्ष्यों का ही पीछा कर रहे हैं। मर्यादाएं टूट रही हैं, नैतिक मानदंड ढीले पड़ रहे हैं। व्यक्ति-केन्द्रिकता बढ़ रही है, स्वार्थ परमार्थ पर हावी हो रहा है और भोग की आकांक्षाऐं आसमान छू रही हैं। ये अंधाधुंध दौड़ न जाने कहाँ जाकर रुकेगी?

बहरहाल, 2जी, सीजी, कोल आवंटन, रेलवे से लेकर क्रिकेट तक के ये तमाम घोटाले न सिर्फ सत्ता को बल्कि देश की तमाम जनता को एक आत्ममंथन के लिये मजबूर कर रही है कि हम माया की इस झूठी चमक में किस कदर सम्मोहित हैं? और अपने इन भौतिक हितों को साधने के अलावा क्या हमारा कोई और महान् उद्देश्य है या नहीं? कहीं ऐसा तो नहीं कि ईमानदारी, सच्चाई, आदर्शवाद और संस्कारों की बातें आज सिर्फ किताबों में ही सिमट कर रह गई हैं? हमारा अपना व्यक्तित्व ही आज हमें मूंह चिढ़ाने का काम कर रहा है क्योंकि हैं तो हम सब भी इस एक ही भ्रष्टतंत्र के चट्टे-बट्टे।

Tuesday, June 4, 2013

कौन सुनेगा पर्यावरण की आवाज....???

 संयुक्त राष्ट्र के पर्यावरण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारंभ किये गए विश्व पर्यावरण दिवस को हम 1973 से मनाते चले आ रहे हैं। हर साल तरह-तरह के कामचलाउ और उत्सवी आयोजन करके हम इस दिन पर्यावरण के प्रति अपनी गंभीरता प्रगट करने का बखूब ढोंग रचते हैं। इंसानी संवेदनाएं आज सिर्फ दिनों की मोहताज हो गई है और हर एक जज्बात, रिश्तों, जिम्मेदारियों और यादों को दिनों का गुलाम बना दिया गया है। इन दिनों पे कुछ समारोह, संगोष्ठी या जलसे का आयोजन करके खुद को सामाजिक और संवेदनशील साबित करने के तमाम जतन हमारे द्वारा किये जाते हैं। इन आयोजनों में इंसान का शोर ही इतना तीव्रतम होता है कि पर्यावरण की आवाज को सुनने की जहमत कोई नहीं उठाता।

विकास की नई-नई इबारतें लिखने में मशगूल मानव को ये पता ही नहीं है कि वो अपने विनाश का गड्डा खोद कर विकास का जश्न मना रहा है। पिछले कुछ दशकों से महसूस किया जा रहा जलवायु परिवर्तन निरंतर खतरे की घंटी बजा रहा है लेकिन फिर भी इससे बेखबर मानव अपने तथाकथित विकास और महत्वकांक्षा के नाम पर जमकर प्रकृति का शोषण कर रहा है। मानव की इस तीव्रतम भौतिक प्यास और लालची प्रवृत्ति ने उसे अंधा बना दिया है और अपने आसपास मंडरा रहे खतरे के बादल उसे नज़र ही नहीं आ रहे हैं। क्योटो, रियो द जेनेरियो और कोपेनहेगन जैसे सम्मेलन पर्यावरण की सुरक्षा के नाम पर किये जाते हैं पर वहां महज कुछ कागजी संधियों और जलवायु में आ रहे परिवर्तनों के आंकड़े प्रदर्शन के अलावा और कुछ होता नहीं देखा जा रहा।

पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरुकता फैलाने की बात की जाती है। हमने हमारे देश में प्रायः हर कक्षा के पाठ्यक्रम में पर्यावरण को एक विषय के रूप में स्थान दे दिया है किंतु पर्यावरण संरक्षण का सतही ज्ञान हो जाने मात्र से समस्या का समाधान नहीं निकाला जा सकता। जब तक पर्यावरण के प्रति सच्ची संवेदना लोगों के हृदय में पैदा नहीं होगी और पर्यावरण के क्षरण से होने वाली हानियों का सही मायनों में भावभासन नहीं होगा तब तक पर्यावरण के प्रति दिखाई जाने वाली हमारी चिंता महज बौद्धिक जुगाली के अतिरिक्त और कुछ नहीं है। 

वनों की अंधाधुंध कटाई, भुमि का कांक्रीटीकरण, नदियों में फैलने वाला औद्योगिक और मानवकृत कचरा, भुमिगत जल का अंधाधुंध दोहन ये कुछ ऐसी चीजें हैं जो प्रकृति की उत्पादकता को कमजोर बना रही हैं। मानव अपनी बेइंतहा भौतिक विकास की हवस में सब कुछ भुलाकर सिर्फ अपना आज बेहतर करने के प्रयास में अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक दूषित वातावरण में जीने को मजबूर बना रहा है। इंसान की अगली पीढ़ी क्या डॉलर से अपना पेट भरेगी? क्या इंफ्रास्ट्रकचर उसे ऑक्सीजन देगा? या फिर अपनी प्यास बुझाने के लिये उसे टैक्नोलॉजी की मदद लेना होगी? ऐसे कई प्रश्न है जो मानव के अस्तित्व के ऊपर प्रश्न चिन्ह लगाते हैं। डायनासोर के करोड़ो साल पहले विलुप्त होने का शोक आज मानव मना सकता है पर आज से करोड़ो साल बाद मानव के विलुप्त होने का शोक कौन मनाएगा?

अपनी विलासिता के लिये एयर कंडीशनर, रेफ्रीजरेटर, हाईटेक कार, बाइक और न जाने कितने साधन मानव ने तैयार कर लिये हैं और उनका अनियंत्रित उपभोग भी कर रहा है। इन तमाम वस्तुओं के अनावश्यक उपयोग से कॉर्बन डाइ ऑक्साइड, क्लोरो फ्लोरो कॉर्बन, मीथेन, नाइट्रेट ऑक्साइड जैसी ग्रीन हाउस गैसों का उत्सर्जन इंसान की इस विलासिता पूर्ण जीवनशैली के कारण हो रहा है। जिससे निरंतर भूतापीयता में वृद्धि हो रही है। पृथ्वी पर बढ़ने वाली ये गर्मी कई तरह के नकारात्मक जलवायु परिवर्तन की तरफ इशारा करती है। एक शोध के अनुसार यदि पृथ्वी की सतह का औसत वार्षिक तापमान यदि छः डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाये जोकि अभी 14 डिग्री के आसपास है तो कई समुद्री तटवर्ती क्षेत्र और छोटे द्वीप समुद्र का जलस्तर बढ़ने से जलमग्न हो जायेंगे। हिमपर्वतों के ग्लेशियर के पिघलने से कई देशों में तीव्रतम बाढ़ के हालात बनेंगे। मरुस्थलीय इलाकों में भीषण सूखा और पर्वतीय क्षेत्रों में भयंकर बारिश, चक्रवात जैसी प्रलयकारी प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ेगा। इसका सबसे ज्यादा असर दक्षिणी गोलार्ध के देशों यथा भारत, इंडोनेशिया, फिलीपीन्स, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और कई छोटे द्वीपीय देशों में देखने को मिलेगा। जहां की अरबों की जनसंख्या के जीवन पे संकट मंडराएगा परिणामस्वरूप उत्तरी गोलार्ध में पलायन की प्रवृत्ति देखने को मिलेगी। जबकि उत्तरी गोलार्ध में इस बड़े जनसंख्या घनत्व को सह पाने की क्षमता, रहने योग्य स्थान व प्राकृतिक विविधता न के बराबर है। प्राकृतिक आपदाओं के कुछ उदाहरण तो हम पिछले कुछ दशकों में देख ही चुके हैं।

पर्यावरण संकट का एक अहम् पक्ष जैवविविधता को होने वाला नुकसान भी है जिसके कारण आज कई जन्तुओं की प्रजाति या तो विलुप्त हो चुकी है या फिर विलुप्तता की कगार पर है। जीव-जन्तुओं की प्रजातियों पर आने वाला ये संकट सीधे तौर पर खाद्य श्रंख्ला पर असर डालता है और इस खाद्य श्रंख्ला के संकट का जिम्मेदार भी कहीं न कहीं मानव ही है जिसने खेती और अन्य खाद्य पदार्थों के उत्पादन में कई तरह के जहरीले रसायनिकों का प्रयोग कर खाद्य श्रंख्ला के प्राथमिक उत्पादकों को ख़त्म करने में भूमिका निभाई। इसी तरह मानवबस्ती के निर्माण हेतु एवं स्थानांतरी कृषि के लिए जंगलों की कटाई ने कई बड़े मांसभक्षी जीवों शेर, चीता, भालू आदि के जीवन पर संकट पैदा किया। पहले के समय में आसानी से दिखाई देने वाले भंवरा, तितली जैसे जीव जो कि वनस्पति विविधता हेतु प्रमुख कारण माने जाते थे आज दिखना मुश्किल हो गये हैं क्योंकि इनके रहने योग्य स्थान ही अब ख़त्म हो चुके हैं। इसी तरह शापिंग मॉल, मल्टीप्लेक्स और लग्जरी अपार्टमेंट के निर्माण वाले इस दौर में प्राकृतिक सौंदर्य के नजारे देखना मुश्किल हो गया है यहां तक कि शहरों में प्रकाश और धुंध के कारण होने वाले प्रदूषण के चलते अब आकाश भी तारों से रहित दिखाई देता है।

पर्यावरण में होने वाले ये बदलाव नजरअंदाज नहीं किये जा सकते। पर्यावरण का ये नुकसान हमारी अपनी हानि है। यदि हम आने वाले भविष्य हेतु हमारी अगली पीढ़ी को स्वस्थ वातावरण नहीं दे सकते तो हमें कोई हक़ नहीं कि हम उस पीढ़ी को इस धरती पर लेकर आयें। आने वाली पीढ़ी अपने बुजुर्गों की इन करतूतों पर हमें गाली ही देने वाली है। प्रकृति के हर संसाधन के प्रति गहन संवेदना प्रदर्शित करना बेहद आवश्यक है। इसकी शुरुआत किसी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर नहीं बल्कि हमारे अपने घरों और हमारे छोटे-छोटे से क्रियाकलापों से होगी। अपनी जीवनशैली में परिवर्तन लाकर अपने हर एक क्रियाकलाप को ईकोफ्रेंडली बनाना जरुरी है। पर्यावरण की सुरक्षा के लिये लिया गया आपका एक संकल्प ही असल मायनों में पर्यावरण दिवस को मनाना है। 

आज इंसान चाँद और मंगल जैसे ग्रहों पर जीवन की खोज कर रहा है। पृथ्वी को दूषित करने के बाद दूसरे ग्रहों पर जीवन की खोज करने की ये छटपटाहट देखना आश्चर्यजनक नहीं लगता। लेकिन ये इंसान इतना भयंकर प्राणी है जो अपनी लालची प्रवृतियों के चलते एक दिन उन ग्रहों पर कहर ढाने से भी बाज नहीं आएगा......   

Tuesday, May 21, 2013

अय्याशी, पैसा, ग्लैमर और आईपीएल

तकरीबन पांच साल पहले मनोरंजन के बाप के नाम से प्रचारित किया गया आईपीएल, जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है ये विवादों का बाप बनता जा रहा है। बिना किसी विवाद के शांतिपूर्वक ढंग से इस खेल का ख़त्म हो जाना महज एक स्वपन बनके रह गया है। खिलाड़ियों की नीलामी, अय्याशी, अनावश्यक बिजली और पानी की बरबादी जैसी चीजों को लेकर कई बार क्रिकेट के इस ग्लैमराइज फार्म पर उंगली उठाई जा चुकी है। पर हाल में उजागर हुई मैच फिक्सिंग और कॉलगर्ल सप्लाई जैसी चीजों ने इसकी प्रतिष्ठा को जघन्यतम बना दिया है।

इंडियन प्रीमियर लीग के वर्तमान संस्करण में टेलीविजन पर दिखाए जाने वाले इस खेल के प्रोमो में दर्शकों से गुहार की जाती है कि सिर्फ देखने का नहीं। दर्शक ने भी बखूब इस नसीहत को माना और अब वो इसे देखने के अलावा नाचता है, गाता है और इसमें सट्टा भी लगाता है। इसी तरह खिलाड़ियों ने भी कुछ ऐसी ही नसीहत को अपना लिया है कि सिर्फ खेलने का नहींऔर यही वजह है कि अब वो मैदान पर खेलने के अलावा गालियां देता है, भौंडे प्रदर्शन करता है, प्रतिद्वंदी खिलाड़ियों से झगड़ता है और मैदान के बाहर नशे और अय्याशियों में चूर रहता है, सौदेबाजियां करता है, फिक्सिंग में सहभागी बनता है। इस खेल में सब कुछ है पर खेलभावना हासिये पर फेंक दी गई है। सच्चाई ये है कि दर्शक और खिलाड़ी दोनों ही अनावश्यक खर्च होते हुए भी जश्न मना रहे हैं।

आईपीएल के दूसरे संस्करण की मार्केटिंग करते वक्त बताया गया था "उपरवाले ने एक धरती बनाई हमने उस पर सरहदें बनाकर उसे कई देशों में बाँट दिया, लेकिन अब ये सरहदें मिटेंगी और सारे विश्व का एक देश, एक जूनून होगा।" आई पी एल के ज़रिये दुनिया को एक करने का राग आलापा गया था। इसे मनोरंजन का बाप कहा गया और इसका ग्लैमर कुछ ऐसा रहा कि दिग्गज उद्योगपति से लेकर फ़िल्मी सितारे तक खुद को इसकी नाजायज़ औलादें बनाने पर आमादा रहे। बड़े-बड़े संत, महात्माओं से जो काम न हो सका वो काम इस पैसा लीग से किये जाने का दंभ भरा गया और शायद ये सही भी है कि आधुनिक विश्व में लोगों को एक मंच पर लाने का काम सिर्फ पैसा ही कर सकता है। बीसीसीआई ने अपनी रईसी से दिग्गज क्रिकेट सितारों को तमाशा दिखाने इकठ्ठा कर लिया। पैसे और ग्लैमर की बिसात पर रिश्तों का ताना-बना बुना गया। लक्ष्मी के आगे दोस्त, दुश्मन और दुश्मन, दोस्त बन गये। मनीपावर का ही खेल है जो एक भाई कोलकाता और दूसरा दिल्ली से एक दूसरे के खिलाफ जंग लड़ रहे है। इतना सब होने पर भी सरहदें मिटाने के गीत गाये जाते हैं।

देखा जाये तो सरहदें ज़मीन पर नहीं इन्सान के दिमाग में होती है। दिमागी सरहदें ही इस दुनिया को आज तक बांटते चली आ रही हैं। पैसा, शोहरत आधुनिक विश्व की वे लकीरें हैं जो सरहदें बनाती है यही वजह है कि कभी एक परिवार में रहने वाले दो भाईयों के बीच लंबी दूरियां होती हैं और कभी दो दुनिया के लोग भी एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। प्रसिद्द व्यंग्यकार सुरेन्द्र शर्मा कहते हैं कि-"लोग गलत कहते हैं दीवार में दरार पड़ती है दरअसल जब दिल में दरार पड़ती है तब दीवार बनती है।" आई पी एल के ज़रिये विश्व को एक करने की बात रास नहीं आती क्योंकि इसमें सरहदें बनाने वाले सारे फ्लेवर मौजूद हैं इसे देख लगता है की मोहल्ले की एकता के लिए घर में सरहदें बनायीं जा रही है।

"वसुधैव कुटुम्बकम" का सपना क्रिकेट से नहीं बल्कि "परस्परोपग्रहो जीवानाम्" अर्थात एक दुसरे के प्रति प्रेम और उपकार की भावना से पूरा होगा। इंसानियत के आलावा दूजा कोई विकल्प नहीं जो हमें एक कर सके। आई पी एल खिलाडियों और उद्योगपतियों को तो ख़ुशी दे सकता है पर आम आदमी इससे ठगाया ही जा रहा है। प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से हमारी जेबों से निकला हुआ पैसा ही इन तमाश्गारों की तिजोरी हरी कर रहा है। सारा ताम-झाम विज्ञापन और टी आर पी का है। ऐसे में सट्टेबाजी का भूत और पैसा कमाने की तीव्र उत्कंठा स्पॉट फिक्सिंग जैसी विसंगतियों को पैदा कर रहे हैं। 

आईपीएल नातो राष्ट्र भावना का संचार करता है न ही ये विशुद्ध क्रिकेट है। मनोरंजन का बाप जब सुप्त अवस्था में जायेगा तो धोनी- चैन्नई का, सचिन-मुंबई का और विराट-बैंग्लौर का नहीं, ये सब अखंड भारत के सपूत होंगे। जब असली और जैंटलमेन क्रिकेट की बात होगी तो लोग पांच दिनी टेस्ट मैचों को ही ललचायेंगे। चीयरलीडर्स के कपड़ों की तरह काट-छांट के छोटा किया गया ये क्रिकेट असली क्रिकेट के पिपासुओं की प्यास नहीं बुझा सकता। इसकी बढती लोकप्रियता इसकी महानता का पैमाना नहीं है। दरअसल हम उस देश के वासी है जहाँ हर विचार हिट होता है। देश की दशमलव पांच प्रतिशत जनता किसी भी विचार को सुपर-डुपर हिट कराने को काफी है। इस छोटे से आंकड़े को इस देश में जुटाना बहुत मशक्कत का काम नहीं है। क्रिकेट का एक कल्चर रहा है और यही कल्चर इसके विकास का आधार है ग्लैमर कुछ समय के लिये वाहवाही तो दिला सकता है पर यह कभी भी जीवंत नहीं रहता। ग्लैमर सोने की लंका की तरह चकाचौंध तो पैदा करता है पर कल्चर, किसी जंगल की झोपड़ी की तरह खामोशी से सांस लेता है और अक्सर सोने की लंका तो भस्म हो जाती है पर झोपड़ी चिरजीवंत बनी रहती है।

बहरहाल, खिलाड़ियों और हुक्मरानों के लिए ये एक आत्ममंथन का वक्त भी है कि वो खुद को और इस खेल को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं। या तो अपनी चारित्रिक दृढता और खेल भावना के जरिये इस खेल की गरिमा को जिंदा रखा जाये, जिसके दम पर ये पिछले सवासौ साल से निरंतर प्रगति कर रहा है या फिर इस खेल को और स्वयं को नितांत बाजारु और बिकाऊ बना दिया जाय। हो सकता है इस खेल की अंधाधुंध व्यवसायिकता कुछ समय के लिये कुछ लोगों की जेबें हरी कर सकती है पर क्रिकेट के स्वर्णिम भविष्य पर यह निश्चित ही कालिख पोतने वाली साबित होगी।

Sunday, May 19, 2013

प्रेम की असंख्य परतें और 'आशिक़ी 2' की लोकप्रियता का रसायन....

फ़िल्म 'आशिक़ी-2' का प्रदर्शन हुए तकरीबन एक महीने से ऊपर हो चुका है लेकिन आज भी ये बेहद सामान्य सी फ़िल्म युवाओं और कुछ विशेष सेंटीमेंटल टाइप के दर्शकों को ख़ासी लुभा रही है। हालांकि मैनें सोचा नहीं था कि इस फ़िल्म पर कुछ लिखुंगा..लेकिन दिनोंदिन दर्शकों में बढ़ती इस फ़िल्म की खुमारी ने मुझे इस फ़िल्म की लोकप्रियता और मानव हृदय में स्थित भावनात्मक और वासनात्मक असंख्य परतों के रसायन को समझने पर विवश कर दिया। यद्यपि ये कभी संभव नहीं हो सकता कि आप व्यक्तित्व की परतों की उधेड़बुन करते हुए..किसी मानवमन का असल चित्रण प्रस्तुत कर सको या फिर किसी परिणाम के कारणों की कोई सार्वभौमिक, सर्वमान्य व्याख्या दे सको... क्योंकि हृदय की संकरी गलियों में कोई दूसरा व्यक्ति तो क्या हम स्वयं ही प्रवेश नहीं पा पाते। ये बता पाना नितांत नामुमकिन है कि किस परिस्थिति पर व्यक्ति का रवैया क्या होगा..और वो किस राह को चुनेगा।

हमारे सिनेमा ने हमेशा सुखांत का ही चुनाव किया है और सुखांत ही दर्शक के मनोरंजन की मुख्य धुरी रहा है। अपने अधूरे सपने, दबी-कुची इच्छाओं को पूरा करने और शोषण के विरुद्ध स्वर मुखर करने की वो मंशा जिसे दर्शक अपने यथार्थ में पूरा नहीं कर पाता...उसे इस 70 MM के परदे पर देख वो संतुष्ट भी होता है और मनोरंजित भी। ऐसे में 'आशिक़ी-2' के दुखांत को स्वीकार करना और उसे लोकप्रिय बनाना दर्शक की बदलती सोच का प्रतीक है या जिसे हम कह सकते हैं कि ये भावनात्मक परिपक्वता और यथार्थ की स्वीकारता का परिचायक है या फिर इसे हम भारतीय दर्शकों के मूड़ की बात मान सकते हैं जो दर्शक कभी तो कचरा-कूरा भी खा लेता है और कभी उसी कचरे को महज इसलिए नकार देता है कि उसपे मक्खी बैठी होती है। हिन्दी सिनेमा में पहले भी दुखांत प्रस्तुत हुए है लेकिन उनमें मजबूत तार्किकता थी लेकिन 'आशिक़ी-2' में एक सतही तर्क देकर और उथले हालात प्रस्तुत कर प्रेम कहानी का दुखांत कर दिया जाता है। यदि ये एक मुख्यधारा के सिनेमा के इतर, किसी शराब के साइडइफेक्टस का विज्ञापन होता तब बात समझी जा सकती थी...लेकिन हिन्दुस्तानी सिनेमा के सौ वर्ष पूरे होने पर..एक सामान्य सी फ़िल्म को मिलने वाली ये लोकप्रियता चौंकाने वाली है।

नायक बेइंतहा दीवानगी में पहले सबकुछ भुलाकर एक साधारण लड़की को सुपरस्टार बनाता है और फिर अपनी एक लत के चलते न सिर्फ अपने करियर बल्कि अपने प्यार और अपनी जिंदगी को भी छोड़ देता है...लेकिन उसके इन तमाम कृत्यों को भी अंत में त्याग की तरह बतलाकर महिमामंडित किया जाता है। नायिका एक सामान्य लड़की से सुपरस्टार तक का फासला तय करती है और नायक के जाने के बाद अपने स्टारडडम को बनाये रखके नायक के त्याग के प्रति आदरांजलि प्रस्तुत करती है। और इससे भी बड़ी आदरांजलि वो दर्शक इस फ़िल्म को लोकप्रिय बनाकर दे रहे हैं जिन्होने अपनी मोहब्बत के अधूरे सपनों की चिता दिल की जमीं पे जलाई है।

दरअसल 'आशिक़ी-2' 2011 में प्रदर्शित 'रॉकस्टार' फ़िल्म का अवरोही क्रम है। 'रॉकस्टार' में नायक एक आम आदमी है फिर उसका प्रेम, दर्द का जनक बनता है और प्रेम की पीड़ा से स्टारडम पैदा हुई है..वहीं 'आशिक़ी-2' में नायक की स्टारडम से प्रेम और फिर प्रेम की पीड़ा से वो गिरकर एक आम इंसान बन जाता है। परिवर्तन दोनो जगह हुआ है लेकिन फिर भी दोनों परिवर्तनों में फर्क है क्योंकि आम से खास तो बना जा सकता है पर खास से कभी कोई आम नहीं बन सकता..क्योंकि शिखर पे चढ़ते वक्त आपकी रफ्तार संतुलित होती है आप हांफ तो सकते हो पर चोटिल नहीं होते, पर शिखर से उतरते वक्त रफ्तार बहुत तेज होती है और अक्सर चोट भी लग जाती है। गोया इंसान शिखर से उतरता नहीं, गिर जाता है। इस फ़िल्म में ही एक संवाद है 'स्टार जब फ्लॉप होता है तो बड़ा मनहूस लगने लगता है।' एक बिन्दु ऐसा होता है जहां प्रेम, पीड़ा देता है और पीड़ा से बहुत कुछ मिलता है पर न प्रेम सहन होता है न वो पीड़ा और नाही उस पीड़ा से मिला बहुत कुछ। जनक और जन्य दोनों बर्दाश्त के बाहर होते है। इस बारे में मैं अपने एक पिछले लेख प्यार का सुर और दर्द का राग : रॉकस्टार में भी काफी कुछ कह चुका हूँ।

इंसान की दिग्भ्रमित प्रवृत्ति सबसे ज्यादा प्रेम के जज्बातों में ही परिलक्षित होती है जहां वो हमेशा एक भ्रम की स्थिति में बना रहता है। भ्रम के साथ ही प्रेम में आगे बढ़ता है, भ्रम के चलते ही अपने प्रेम को अपनाने से हिचकता है और भ्रम के साथ ही उसे छोड़ देता है और छोड़ने के बाद भी उसे ये भ्रम बना रहता है कि उसका फैसला सही है या गलत? और गर प्रेम को पा भी लेता है तब भी उसे यही भ्रम होता है कि जिसे उसने पाया है क्या वो वाकई उसे प्यार करता है? इसलिये प्रेम तब तक जिंदा रहता है जब तक भ्रम जिंदा रहता है और यही भ्रम इंसान को ये अहसास कराता रहता है कि वो अकेला नहीं है। सारा उत्साह और ग़म कल्पनाओं में ही होता है पर सच्चाई ये भी है कि कल्पनाओं का सौंदर्य यथार्थ से कई गुना बड़ा होता है। इस फ़िल्म के अंत में भी नायिका के चेहरे पर मुस्कान है क्योंकि अपने प्रेम की यादें और नायक का भ्रम उसके साथ है। इसी भ्रम के साथ शाहरुख ख़ान फ़िल्म 'मोहब्बतें' में संस्कृति की धज्जियां उड़ाते हुए युवाओं के दिलों के अंदर प्रेम की पींगे फोड़ते हैं।

बहरहाल, फ़िल्म का संगीत बेहतरीन है और संभवतः ये भी इसकी लोकप्रियता का कारण हो सकता है। सुपरहिट फ़िल्म आशिकी का रीमेक होना भी इसकी प्रारंभिक सफलता की वजह हो सकती है। आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर में संभावनाएं हैं। संपादन और सिनेमेटोग्राफी के स्तर पर फ़िल्म में कई खामियां हैं। फ़िल्म की कहानी मध्यांतर में सुस्त पड़ती है और स्क्रीनप्ले पर से भी निर्देशक की ग्रिप ढीली पड़ती है। कुल मिलाकर एक समान्य फ़िल्म है लेकिन फ़िल्म से जुड़े सभी लोगों का भविष्य उज्जवल है क्योंकि इसकी लोकप्रियता और भट्ट कैंप का साथ उन्हें आगे बढ़ाने के लिए काफी है। 

खैर, प्रेम और लोकप्रियता का रसायन समझना प्याज की परतें उतारने की तरह है इन परतों को उतारते-उतारते हाथ में कुछ नहीं आता..बस अंत में एक महक रह जाती है और आजकल तो वो महक भी नकली है..........

Thursday, May 2, 2013

हिन्दी सिनेमा के सौ बरस

(ये आलेख दैनिक समाचार पत्र 'पीपुल्स समाचार' के संपादकीय में कल अर्थात् 3 मई 2013 को प्रकाशित होने जा रहा है...अपने ब्लॉगर मित्रों से पहले ही इसे साझा कर रहा हूँ)

 कुछ तिथियां अनायास ही ऐसी क्रांतियों की गवाह बन जाती हैं जिन्हें सालों बाद बड़े उत्सवों के साथ याद किया जाता है। इन तिथियों पर किये गये कार्यों को इतिहास में सम्मान के साथ देखा जाता है लेकिन इन कार्यों को जन्म देने वाले लोगों को खुद पता नहीं होता कि वे भविष्य में एक क्रांति के जनक के तौर पर याद किये जायेंगे। 3 मई 1913, की तिथि एक ऐसी ही अभूतपूर्व क्रांति की गवाह है जिस दिन भारतीय सिनेमा के जनक दादा साहेब फाल्के ने एक ऐसे संचार माध्यम का भारतीय सरजमीं पर सूत्रपात किया था जो आगे चलकर समाज का प्रमुख मानसिक भोजन बन गया। पहली बार लोगों ने जिंदगियों को परदे पर अठखेलियां करते देखा और आज हालात यह है कि सिनेमा को निकालकर समाज की कल्पना करना ही मुश्किल हो गया है।

    सौ सालों का लंबा फासला और लाखों फिल्मों की बहुमूल्य विरासत की नींव पर खड़ा आज हमारे देश का सिनेमा पूरे विश्व में हर साल सर्वाधिक फिल्में बनाने के लिये जाना जाता है। अरबों के कारोबार का नियंता आज सिर्फ मनोरंजन का ही नहीं, व्यवसाय का भी प्रमुख माध्यम बन गया है। लेकिन आज के इस विकास के  परे एक लंबी संघर्ष की दास्तान इस रुपहले परदे के पीछे हैं जहां कई बार आलोचनाओं के स्वर मुखर हुए तो कई बार इसने मील के पत्थर समाज में स्थापित किये।
     वैसे तो कई महत्वपूर्ण वस्तुओं की तरह सिनेमा का जन्म भी विदेशी सरजमी पर हुआ। इसके तहत सबसे क्रांतिकारी प्रयोग ल्यूमियर बंधुओं के द्वारा 1890 में हुआ। तब इन्होंने सात लघु फिल्मों का निर्माण करकर उनका प्रदर्शन किया। भारतीय सिनेमा के नजरिए से सबसे महत्वपूर्ण घटना घटी 7 जुलाई 1896 को जब मुम्बई के वाटसन होटल में ल्यूमियर बंधुओं की उन फिल्मों को प्रदर्शित किया गया। भारत में पहली बार फिल्म विद्या का जादू परदे पर देखने को मिला।
इस घटना के बाद कई लोगों ने उन फिल्मों से प्रभावित होकर लघु फिल्मों का निर्माण किया। लेकिन इस कडी में सबसे बडा कार्य किया धुंडी राज गोविंद फाल्के यानि दादा साहेब फाल्के ने। जो लंदन से ‘‘द लाइफ क्राइस्ट’’ देखकर इस कदर प्रभावित हुए कि वहां से उन्होंने फिल्म निर्माण का सारा सामान खरीद लिया और फिल्म बनाने का मन बनाया। उनके मन का ये विचार 3 मई 1913 को साकार हुआ। जब हिन्दी सिनेमा की पहली फिल्म ‘‘राजा हरिशचन्द्र’’ रिलीज हुई। पर्दे पर जीवंत चित्रों को देखना लोगों को इस तरह रास आया कि फिल्म निर्माण की श्रृखंला चल पड़ी। लेकिन इस दौर का सिनेमा सिर्फ दृश्यात्मक था और मौन होकर ही समाज का मनोरंजन करता था।
इस दिशा में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ 14 मार्च 1931 को जब इन मूक दृश्यों को जुवां मिली, और भारत की पहली बोलती फ़िल्म आलमआरा प्रदर्शित हुई। तीस का दशक हिंदी सिनेमा के लिये कई मायनों में खास था जहां इस दशक में मूक दृश्यों को आवाज नसीब हुई तो दूसरी ओर इसी दशक में देश की पहली रंगीन फ़िल्म किसान कन्या का प्रदर्शन हुआ। सिनेमा की मनोरंजन के साथ अपनी सामाजिक जिम्मेदारी वाली प्रकृति का दर्शन भी हमें इसी दौर में देखने को मिला। जब तत्कालीन सामाजिक परिदृश्य को लेकर वी.शांताराम, महबूब खान और ज्ञान मुखर्जी जैसे निर्देशकों नें अछूत कन्या, औरत और किस्मत जैसी फिल्मों का निर्माण किया। किस्मत फ़िल्म का गीत दूर हटो ऐ दुनिया वालों, हिन्दुस्तान हमारा है तो तत्कालीन भारतीय समाज में आजादी का जयघोष बन गया।

          आजादी के बाद हिनदुस्तानी सिनेमा को अंतर्राष्ट्रीय आयाम दिलाने में पचास के दशक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जहां बंगाली सिनेमा में सत्यजीत रे की पाथेर पांचाली, अपराजितो जैसी फ़िल्मों ने देश को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर ख्याति दिलाई, जिससे सत्यजीत रे फ़िल्म विधा के अध्यापक की तरह देखे जाने लगे। वहीं हिन्दी सिनेमा में राजकपूर, विमलरॉय, गुरुदत्त जैसे फ़िल्मकारों ने नवीन मानवीय दर्शनों का सिनेमा में आविर्भाव करके सिनेमा को महज मनोरंजन की सतही श्रेणी से उठाकर बुद्धिमत्ता की परिपक्व कक्षा में स्थापित कर दिया। विमल रॉय की दो बीघा जमीन हिन्दी सिनेमा में नवयथार्थवाद की जनक बनी तो राजकपूर की आवारा और गुरुदत्त की प्यासा इंसान की भावनात्मक छटपटाहट को उजागर करने वाली महत्वपूर्ण फ़िल्में मानी गई।

          साठ के दशक में जब देश हरित क्रांति और श्वेत क्रांति के कारण आई समृद्धि का जश्न मना रहा था तो सिनेमा ने भी देश की सीमा से बाहर निकलकर खूबसूरत मखमली ख्वाबों को जीना शुरु किया। सिनेमा का कैमरा हमारे देश की सरहदों से बाहर निकलकर स्विटजरलैण्ड, लंदन और अमेरिका की चकाचौंध को दर्शकों के सामने लेकर आया। यश चोपड़ा का रोमांटिज्म और ऋषिकेष मुखर्जी के आदर्शवाद का बेहतरीन कॉकटेल देखने को मिला। तो देव आनंद, राजेश खन्ना और शम्मी कपूर जैसे सितारों ने कश्मीर की वादियों में जाकर मोहब्बत के पाठ पढ़ाये। सितारों की दीवानगी दर्शकों के सर चढ़कर बोलने लगी और युवतियों के सिरहाने सितारों की तस्वीरें और बदन पर गुदने नज़र आने लगे।

     देश में समृद्धि बढ़ी तो भ्रष्टाचार ने भी दस्तक दी। इंसान पहले हालात से मजबूर था अब भ्रष्ट सिस्टम ने उसे लाचार बना दिया। दिल में आक्रोश लिये आम आदमी किसी अवतार की तलाश में था जो उसके क्रोध को परिभाषित करे। सिनेमा ने समाज को इस दौर में एक ऐसा ही एंग्री यंग मेन दिया जो सिस्टम से लड़ता-जूझता नज़र आता था। जंजीर, दीवार और त्रिशूल जैसी फ़िल्मों ने अमिताभ बच्चन को आम आदमी का सितारा बना दिया। तो इसी दौर में श्याम बेनेगल और गोविंद निहलानी जैसे फिल्मकारों ने लीक से हटकर अव्यवसायिक समानांतर सिनेमा का निर्माण कर समाज के स्याह पक्ष को उजागर किया। बेनेगल की अंकुर, निशांत, मंथन और निहलानी की आक्रोश, अर्धसत्य उपेक्षित समाज का आईना साबित हुई।

     सिनेमा ने अधिक लोकतांत्रिक स्वरूप अख्तियार किया और हर दर्शक वर्ग के हिसाब से एक तरफ शोले और मिस्टर इंडिया जैसी मसाला फ़िल्में थी तो दूसरी तरफ मजबूरियों को बताती अर्थ और सारांश जैसी यथार्थवादी फ़िल्में। नब्बे के दशक से पहले सिनेमा में प्रेम कहानियां तो थी पर वो आज के पारंपरिक प्रेमपाश के बजाय परिस्थितियों को भलीभांति समझ के पैदा होने वाले प्रेम को प्रदर्शित करती थी। नब्बे के दशक की शुरुआत में देश ने उदारवाद और भूमंडलीकरण को अपनाया, देश में पैसा आया और लाचारियां धीरे-धीरे विदा होने लगी। लोगों के पेट भराने लगे तो उन्होंने दिल लगाना शुरु कर दिया। सिनेमा में भी नायक-नायिका के संबंधों में बदलाव आया, कॉलेज रोमांस ने दस्तक दी। कयामत से कयामत तक, दिल, दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे और कुछ-कुछ होता है जैसी विशुद्ध प्रेमकहानियों का समावेश हुआ। शाहरुख, सलमान, आमिर लोगों के चहेते बने। तो आदित्य चोपड़ा, सूरज बड़जात्या और करण जौहर का स्विटजरलैण्ड, शिफॉन और करवाचौथ वाला सिनेमा हिट हुआ। इसी दौर में रामगोपाल वर्मा और राजकुमार संतोषी का नायक अभी भी सिस्टम से लड़ रहा था। 

     सदी बदली, सोच बदली और सिनेमा ने भी नई उम्र के दर्शक का दामन थामा। पारंपरिक, आदर्शवादी सोच से बाहर निकलकर युवा प्रेक्टिकल हुआ। प्रेम और विवाह अब उसकी मंजिल नहीं, रास्ते के पड़ाव भर रह गये। दिल चाहता है, वेकअपसिड, रंग दे बसंती, थ्री इडियट्स जैसी फ़िल्में बनी जिन्हें न्यू एज्ड सिनेमा के नाम से जाना गया। आज के सिनेमा में कई धारायें एकसाथ प्रवाहित हो रही हैं। दबंग, सिंघम और राउड़ी राठौड़ का एक्शन है तो जब वी मेट, लव आजकल, बरफी के रुहानी मोहब्बती जज्बात भी। अनुराग कश्यप का विशुद्ध डार्क कलेवर वाला वासेपुर है तो प्रकाश झा का गंगाजल, राजनीति और चक्रव्यूह वाला अपराध जगत।
 
     बहरहाल, 3 मई 2013 को शूटआउट एट वडाला प्रदर्शित हो रही है यह महज संयोग ही है कि आज से सौ साल पहले इस दिन प्रदर्शित होने वाली फ़िल्म राजा हरिश्चन्द्रतत्कालीन धार्मिक और पौराणिक मान्यता वाले समाज को बयां करती थी और शूटआउट एट वडाला वर्तमान के आपराधिक वृत्ति वाले समाज की प्रतिनिधि है। जिस समाज में दामिनी और गुड़िया पे हुए दुष्कृत्यों पर इंसाफ मांगने के लिए जनता सड़क पर है। सिनेमा भी तो आखिर समाज और सड़क का ही आईना है......